EV बाजार में बढ़ी Ather Energy की रफ्तार, ₹2500 करोड़ फंड जुटाने को मिली मंजूरी; सोमवार को फोकस में शेयर
EV सेक्टर की दिग्गज कंपनी Ather Energy ने IPO के एक साल बाद ₹2,500 करोड़ तक जुटाने की तैयारी शुरू कर दी है. कंपनी QIP समेत कई माध्यमों से फंड जुटाकर नई फैक्ट्री, उत्पादन क्षमता विस्तार और बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने पर फोकस करेगी. पिछले छह महीनों में शेयर करीब 70% चढ़ चुका है.

भारतीय इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर (EV) बाजार की दिग्गज कंपनी एथर एनर्जी (Ather Energy) ने फंड जुटाने के लिए बड़ा फैसला लिया है जिसका असर सोमवार को कंपनी के शेयरों में देखने को मिल सकता है. अपने आईपीओ (IPO) से ₹2,981 करोड़ जुटाने के ठीक एक साल बाद, बेंगलुरु की इस कंपनी को बोर्ड से ₹2,500 करोड़ तक का नया फंड जुटाने की मंजूरी मिल गई है. यह रकम क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) और अन्य इक्विटी माध्यमों से जुटाई जाएगी. इस बड़ी खबर के बीच शुक्रवार को एनएसई (NSE) पर एथर का शेयर ₹1,028 पर बंद हुआ. बीते छह महीनों में कंपनी का स्टॉक करीब 70% तक बढ़ चुका है, जिसने निवेशकों को मालामाल किया है.
कैसे जुटेगा ₹2,500 करोड़ का फंड?
रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक, एथर एनर्जी इस फंड को दो हिस्सों में जुटाने की योजना बना रही है:
- कंपनी QIP के जरिए एक या अधिक किस्तों में ₹1,500 करोड़ तक जुटाएगी.
- बाकी बचे ₹1,000 करोड़ के लिए इक्विटी शेयर, फॉरेन करेंसी कन्वर्टिबल बॉण्ड्स (FCCBs), प्रेफरेंशियल अलॉटमेंट या राइट्स इश्यू जैसे विकल्पों का इस्तेमाल किया जा सकता है.
- इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए बोर्ड ने एक विशेष फंड-रेज कमेटी का भी गठन किया है.
इस फंड जुटाने की खबर का सीधा असर शेयर बाजार और निवेशकों के सेंटिमेंट पर दिख रहा है. हालांकि शुक्रवार को शेयर सपाट बंद हुआ, लेकिन इसी हफ्ते इसने ₹1,069 का अपना 52-हफ्ते का नया हाई (उच्चतम स्तर) छुआ है. ईवी सेक्टर में बढ़ती पैठ और मजबूत सेल्स के दम पर पिछले 6 महीनों में एथर के शेयर ने 70% का शानदार रिटर्न दिया है.
ओला इलेक्ट्रिक को टक्कर
एथर का यह कदम उसकी सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्वी कंपनी ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) को सीधी टक्कर देने की तैयारी है. हालही में ओला ने भी QIP के जरिए ₹780 करोड़ जुटाए थे, जिसमें मोतीलाल ओसवाल म्यूचुअल फंड, इन्वेस्को और एसबीआई म्यूचुअल फंड जैसे बड़े दिग्गजों ने हिस्सा लिया था. अब एथर उससे भी बड़ा फंड जुटाकर बाजार में अपनी बढ़त मजबूत करना चाहती है.
इस फंड का एक बड़ा हिस्सा कंपनी की उत्पादन क्षमता बढ़ाने में इस्तेमाल होगा. एथर इस समय महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में अपनी ‘फैक्ट्री 3.0’ के पहले फेज को शुरू करने की तैयारी में है.
- यह एथर का सबसे बड़ा प्लांट होगा, जिसकी कुल क्षमता सालाना 10 लाख यूनिट्स की होगी.
- इस साल के अंत तक 5 लाख यूनिट्स की क्षमता वाला पहला फेज चालू हो जाएगा.
यह भी पढ़ें: बाजार के छुपे हुए चैंपियन हैं ये 5 कंपनियां, Boeing, Coca-Cola से लेकर Rolls-Royce तक हैं कस्टमर; रखें नजर
बिक्री के मामले में भी कंपनी नए रिकॉर्ड बना रही है. मई के महीने में एथर ने 28,211 गाड़ियां बेचीं, जो पिछले साल के मुकाबले दोगुनी हैं. इसके साथ ही ईवी बाजार में एथर की हिस्सेदारी बढ़कर 17% हो गई है. कंपनी की इस रफ्तार के पीछे उसके नए फैमिली स्कूटर ‘रिज्टा’ (Rizta) की भारी डिमांड को माना जा रहा है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.