Bajaj Auto के निवेशकों के लिए मौका! 1 जुलाई से खुलेगा ₹5633 करोड़ का बायबैक, जानें कितना मिलेगा प्रीमियम
सोमवार को Bajaj Auto का शेयर 2.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 9,630 रुपये पर बंद हुआ. पिछले एक महीने में शेयर करीब 8 प्रतिशत टूटा है, जबकि 6 महीने में इसमें लगभग 6 प्रतिशत की तेजी आई है. वहीं, पिछले एक साल में शेयर ने करीब 15 प्रतिशत का रिटर्न दिया है.

Bajaj Auto ने अपने 5,632.8 करोड़ रुपये के शेयर बायबैक का शेड्यूल जारी कर दिया है. कंपनी ने बताया कि बायबैक 1 जुलाई 2026 से खुलेगा और 7 जुलाई 2026 को बंद होगा. इस बायबैक के तहत कंपनी 10 रुपये फेस वैल्यू वाले अधिकतम 46.94 लाख इक्विटी शेयर 12,000 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर नकद में खरीदेगी. कंपनी के मुताबिक, इस बायबैक प्रस्ताव को सबसे पहले 6 मई 2026 को बोर्ड ने मंजूरी दी थी. इसके बाद 14 मई 2026 को पोस्टल बैलेट के जरिए शेयरधारकों की मंजूरी ली गई, जिसके नतीजे 18 जून 2026 को घोषित किए गए.
बायबैक की पूरी डिटेल
Bajaj Auto कुल 46.94 लाख शेयर वापस खरीदेगी. बायबैक का कुल साइज 5,632.8 करोड़ रुपये होगा और इसके लिए शेयरधारकों को 12,000 रुपये प्रति शेयर का ऑफर दिया जाएगा. यह कीमत 18 जून को NSE पर शेयर के बंद भाव 10,077 रुपये की तुलना में करीब 19 प्रतिशत प्रीमियम पर है.
कंपनी ने क्यों किया बायबैक?
कंपनी का कहना है कि मजबूत कैश फ्लो, बेहतर बैलेंस शीट और लगातार कारोबार में वृद्धि को देखते हुए वह समय-समय पर अपने शेयरधारकों को अतिरिक्त नकदी का फायदा देना चाहती है. Bajaj Auto के मुताबिक, इस बायबैक से प्रति शेयर आय (EPS) और रिटर्न ऑन इक्विटी (ROE) में सुधार होगा. साथ ही भविष्य के विस्तार और निवेश योजनाओं के लिए कंपनी के पास पर्याप्त पूंजी भी बनी रहेगी.
चौथी तिमाही में शानदार नतीजे
वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में Bajaj Auto का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 34 प्रतिशत बढ़कर 2,746 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 2,049 करोड़ रुपये था. कंपनी का EBITDA भी 36 प्रतिशत बढ़कर 3,323 करोड़ रुपये रहा. EBITDA मार्जिन बढ़कर 21 प्रतिशत हो गया, जो पिछले साल 20.1 प्रतिशत था.
शेयर का प्रदर्शन
सोमवार को Bajaj Auto का शेयर 2.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 9,630 रुपये पर बंद हुआ. पिछले एक महीने में शेयर करीब 8 प्रतिशत टूटा है, जबकि 6 महीने में इसमें लगभग 6 प्रतिशत की तेजी आई है. वहीं, पिछले एक साल में शेयर ने करीब 15 प्रतिशत का रिटर्न दिया है. शेयर ने 27 मई 2026 को 10,834 रुपये का 52 सप्ताह का हाई और 7 अगस्त 2025 को 7,858.50 रुपये का 52 सप्ताह का निचला स्तर बनाया था.
इसे भी पढ़ें- इस स्टॉक में लगा अपर सर्किट, मिला करोड़ों का इंटरनेशनल ऑर्डर, 52-वीक लो से नॉनस्टॉप भाग रहे शेयर
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.