Bakri Eid Holiday: 28 मई को शेयर बाजार में नहीं होगा कारोबार, जानिए MCX का क्या रहेगा हाल

Bakri Eid के मौके पर 28 मई को NSE और BSE पर ट्रेडिंग बंद रहेगी. इस दौरान इक्विटी, डेरिवेटिव और SLB सेगमेंट में कारोबार नहीं होगा. हालांकि MCX सुबह बंद रहने के बाद शाम के सत्र में दोबारा खुलेगा.

share market holidays Image Credit: canva/AI image

Bakri Eid Holiday: इस सप्ताह दलाल स्ट्रीट में केवल चार दिन ही शेयरों की खरीद-बिक्री हो सकेगी. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) गुरुवार, 28 मई को ‘बकरीद’ के मौके पर पूरी तरह बंद रहेंगे. मई के महीने में यह दूसरा मौका है जब बाजारों में छुट्टी रहेगी; इससे पहले 1 मई को महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर ट्रेडिंग बंद थी. गुरुवार को छुट्टी के कारण इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स और सिक्योरिटीज लेंडिंग एंड बॉरोइंग (SLB) सेगमेंट में कोई कामकाज नहीं होगा.

2026 में बची हैं सिर्फ 7 छुट्टियां

साल 2026 के कैलेंडर के मुताबिक, शेयर बाजारों के लिए कुल 16 सरकारी छुट्टियां तय की गई थीं, जिनमें से 8 छुट्टियां पूरी हो चुकी हैं. बकरीद के बाद इस साल 7 और ट्रेडिंग छुट्टियां बाकी रह जाएंगी:

  • अगली छुट्टी: बकरीद के बाद अगला मार्केट हॉलिडे 26 जून को ‘मुहर्रम’ के मौके पर होगा.
  • साल के दूसरे हिस्से की छुट्टियां: इसके बाद 14 सितंबर (गणेश चतुर्थी), 2 अक्टूबर (गांधी जयंती), 20 अक्टूबर (दशहरा), 10 नवंबर (दिवाली बलिप्रतिपदा), 24 नवंबर (गुरु नानक जयंती) और 25 दिसंबर (क्रिसमस) को बाजार बंद रहेंगे.
  • वीकेंड पर आने वाले त्योहार: इस साल चार बड़े त्योहार वीकेंड (शनिवार या रविवार) को पड़ रहे हैं, इसलिए अलग से छुट्टी नहीं मिलेगी. इनमें 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) और 8 नवंबर (दिवाली लक्ष्मी पूजन) शामिल हैं.
  • मुहूर्त ट्रेडिंग: हालांकि 8 नवंबर को रविवार है, फिर भी परंपरा के मुताबिक उस दिन शाम को एक घंटे का विशेष ‘मुहूर्त ट्रेडिंग’ सेशन आयोजित किया जाएगा, जिसकी टाइमिंग बाद में घोषित होगी.

यह भी पढ़ें: कॉरपोरेट बॉन्ड में निवेश से पहले सावधान रहें, सेबी चीफ की चेतावनी, डेट बाजार के लिए नए सुधारों की तैयारी

MCX और NCDEX के लिए क्या हैं नियम?

कमोडिटी मार्केट में ट्रेडिंग करने वालों के लिए नियम थोड़े अलग हैं:

  • MCX : गुरुवार, 28 मई को सुबह के सेशन में ट्रेडिंग बंद रहेगी, लेकिन शाम के सेशन में यहां सामान्य दिनों की तरह कामकाज शुरू हो जाएगा.
  • NCDEX: नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज लिमिटेड (NCDEX) गुरुवार को सुबह और शाम, दोनों ही सेशन्स के लिए पूरी तरह बंद रहेगा.