BEL, HAL समेत इस स्टॉक पर रखें नजर, 2.54 लाख करोड़ रुपये तक है मजबूत ऑर्डर बुक; जानें शेयरों का हाल
कैपिटल गुड्स सेक्टर में तेजी के बीच BEL, HAL और Hitachi Energy India जैसे शेयर निवेशकों के रडार पर हैं. इन कंपनियों की ऑर्डर बुक 29,550 करोड़ रुपये से लेकर 2.54 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है. डिफेंस, एयरोस्पेस, पावर इन्फ्रास्ट्रक्चर और रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में बढ़ते निवेश से इन कंपनियों को मजबूत ग्रोथ मिलने की उम्मीद है.

Capital Goods Stocks: भारत का कैपिटल गुड्स सेक्टर पिछले एक दशक में तेज रफ्तार से बढ़ा है. 2014 से 2024 के बीच देश के कैपिटल गुड्स उत्पादन में करीब 86.9 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इस दौरान उत्पादन 27.6 अरब डॉलर से बढ़कर 51.7 अरब डॉलर तक पहुंच गया. बढ़ती एक्सपोर्ट डिमांड, सरकार का इन्फ्रास्ट्रक्चर पर जोर और रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में बड़े निवेश इस उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं.
भारत ने 2030 तक 500 गीगावाट रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता विकसित करने का लक्ष्य रखा है. इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पावर इक्विपमेंट, ग्रिड इन्फ्रास्ट्रक्चर, ट्रांसफॉर्मर्स, ऑटोमेशन सिस्टम्स और डिफेंस इक्विपमेंट की मांग तेजी से बढ़ रही है. यही वजह है कि कैपिटल गुड्स कंपनियों की ऑर्डर बुक लगातार मजबूत हो रही हैं. आइए जानते हैं उन कंपनियों के बारे में, जिन पर निवेशक नजर रख सकते हैं.
Bharat Electronics (BEL)
इस लिस्ट में पहला नाम Bharat Electronics (BEL) का है. डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स बनाने वाली यह कंपनी रडार, कम्युनिकेशन सिस्टम्स, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम्स और साइबर सिक्योरिटी सॉल्यूशंस जैसे उत्पाद तैयार करती है. Equitymaster की रिपोर्ट के मुताबिक, FY26 के दौरान कंपनी को 30,100 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले, जिसके बाद उसकी कुल ऑर्डर बुक बढ़कर 73,900 करोड़ रुपये पर पहुंच गई. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 0.40 फीसदी गिरकर 426.90 रुपये पर बंद हुआ. हालांकि, पिछले एक सप्ताह में इसमें 3.62 फीसदी की तेजी आई है.
HAL
डिफेंस और एयरोस्पेस सेक्टर की दिग्गज कंपनी Hindustan Aeronautics Limited (HAL) के पास सबसे मजबूत ऑर्डर बुक में से एक है. FY26 में कंपनी को 97,030 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले. रिपोर्ट के मुताबिक, मई 2026 तक HAL की कुल ऑर्डर बुक 2.54 लाख करोड़ रुपये से अधिक थी. कंपनी Tejas MK2 Fighter Aircraft, SU-30 Upgrade Program और यूएवी प्रोजेक्ट्स पर भी काम कर रही है.
मैनेजमेंट के मुताबिक, अगले दो वर्षों में करीब 90,000 करोड़ रुपये के अतिरिक्त ऑर्डर मिलने की संभावना है, जिससे कंपनी की आय में मजबूत बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 0.08 फीसदी गिरकर 4,408 रुपये पर बंद हुआ. हालांकि, पिछले एक सप्ताह में इसमें 3.78 फीसदी की तेजी दर्ज की गई है.
Hitachi Energy India
पावर इन्फ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की प्रमुख कंपनी Hitachi Energy India भी मजबूत ऑर्डर बुक के कारण निवेशकों की नजर में है. FY26 के दौरान कंपनी को 18,460 करोड़ रुपये के ऑर्डर मिले. इसके साथ ही कंपनी का ऑर्डर बैकलॉग 29,550 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जो सालाना आधार पर 53.6 फीसदी की बढ़ोतरी दिखाता है.
कंपनी ग्रिड ऑटोमेशन, हाई वोल्टेज इक्विपमेंट और ट्रांसफॉर्मर सॉल्यूशंस के क्षेत्र में काम करती है. रिन्यूएबल एनर्जी और ट्रांसमिशन इन्फ्रास्ट्रक्चर में बढ़ते निवेश से कंपनी को लंबी अवधि में फायदा मिलने की उम्मीद है. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 1.60 फीसदी की तेजी के साथ 36,880 रुपये पर बंद हुआ. पिछले एक सप्ताह में इसमें 5.13 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है.
यह भी पढ़ें: 74% और 62% का मार्जिन, फिर भी चर्चा से दूर थे ये शेयर! स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खुलते ही बढ़ी हलचल
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.