BEL ने बदली डिविडेंड रिकॉर्ड डेट, दौड़ पड़े शेयर; नए ऑर्डर और मजबूत Q3 नतीजों ने बढ़ाया भरोसा

भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) ने FY26 के अंतरिम डिविडेंड की रिकॉर्ड डेट बदलकर 6 मार्च 2026 कर दी है. 1.95 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड की घोषणा के बीच स्टॉक में तेजी देखी गई. कंपनी को 733 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले हैं और Q3 में मुनाफा व रेवेन्यू में दो अंकों की मजबूत बढ़त दर्ज हुई है, जिससे डिफेंस PSU पर निवेशकों का भरोसा कायम है.

BEL ने बदली रिकॉर्ड डेट Image Credit: @Money9live

BEL Changes Dividend Record Date: एयरोस्पेस और डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर की दिग्गज कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए घोषित अंतरिम डिविडेंड की रिकॉर्ड डेट में बदलाव किया है. कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी कि अब 1.95 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड के भुगतान के लिए संशोधित रिकॉर्ड डेट शुक्रवार, 6 मार्च 2026 होगी. इससे पहले यह तारीख 5 मार्च तय की गई थी.

शेयर में दिखी मजबूती

रिकॉर्ड डेट में बदलाव की सूचना के बाद शेयर में हल्की तेजी देखी गई. सोमवार, 2 मार्च को कंपनी के शेयर 2.09 फीसदी की तेजी के साथ 453.75 रुपये पर कारोबार करते हुए बंद हुए. कंपनी का मौजूदा मार्केट कैप करीब 3.25 लाख करोड़ रुपये है, जो इसे देश की लीडिंग डिफेंस PSU कंपनियों में शामिल करता है. पिछले एक साल में शेयर ने अच्छा दायरा दिखाया है. इसने 1 फरवरी 2026 को 461.65 रुपये का 52 हफ्ते का हाई लेवल छुआ था, जबकि 28 फरवरी 2025 को 243.50 रुपये का निचला स्तर दर्ज किया था. यानी साल भर में शेयर में मजबूत रिकवरी देखने को मिली है.

नए ऑर्डर से ऑर्डर बुक मजबूत

कंपनी ने हाल ही में बताया कि उसे 733 करोड़ रुपये के अतिरिक्त ऑर्डर मिले हैं. इन ऑर्डर्स में TR मॉड्यूल्स, कम्युनिकेशन इक्विपमेंट, एन्क्रिप्टर्स, रडार, जैमर, सॉफ्टवेयर सॉल्यूशंस और टेस्ट इक्विपमेंट शामिल हैं. यह ऑर्डर फ्लो इस बात का संकेत है कि डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स सेगमेंट में कंपनी की पकड़ मजबूत बनी हुई है और भविष्य की इनकम के लिए विजिबिलिटी बेहतर है.

तिमाही नतीजों में दमदार प्रदर्शन

वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही (Q3) में BEL ने मजबूत वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया. कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 20.45 फीसदी बढ़कर 1,579.1 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान अवधि में 1,310.95 करोड़ रुपये था. रेवेन्यू 23.96 फीसदी बढ़कर 7,153.85 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले यह 5,770.69 करोड़ रुपये था.

ऑपरेशनल स्तर पर भी प्रदर्शन मजबूत रहा.

EBITDA 27.3 फीसदी उछलकर 2,127 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले साल 1,670 करोड़ रुपये था. ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन बढ़कर 29.7 फीसदी हो गया, जो पहले 28.9 फीसदी था. मार्जिन में यह सुधार बेहतर लागत मैनेजमेंट और मजबूत प्रोडक्ट मिक्स का संकेत देता है.

ये भी पढ़ें- FII की बड़ी एंट्री: 320 शेयरों में बढ़ाई हिस्सेदारी, 14 कंपनियों में 50% से ज्यादा बढ़ा स्टेक; देखें पूरी लिस्ट

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.