Closing Bell: अमेरिका-ईरान तनाव के बीच शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स 238 अंक उछला; निफ्टी में भी आई तेजी
अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते जियोपॉलिटिकल तनाव के बावजूद भारतीय शेयर बाजार ने शानदार वापसी की. गुरुवार को सेंसेक्स 238 अंक और निफ्टी 80 अंक से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुए. बाजार में खरीदारी लौटने से बैंकिंग, फार्मा और एफएमसीजी सेक्टर में अच्छी तेजी देखने को मिली, जबकि आईटी और ऑटो शेयरों पर दबाव बना रहा.

Closing Bell: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते जियोपॉलिटिकल तनाव के बावजूद गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार ने जोरदार वापसी की है. बुधवार की भारी गिरावट के बाद निवेशकों ने एक बार फिर खरीदारी का रुख अपनाया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में तेजी दर्ज की गई. बाजार की इस तेजी ने निवेशकों को राहत दी, खासकर ऐसे समय में जब कच्चे तेल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं.
सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी
गुरुवार को सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में तेजी देखने को मिली. सेंसेक्स 238.22 अंक यानी 0.31 फीसदी की बढ़त के साथ 76,741.82 पर बंद हुआ. वहीं, निफ्टी 80.75 अंक यानी 0.34 फीसदी चढ़कर 23,962.05 पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान लगभग 2,522 शेयरों में बढ़त दर्ज की गई, जबकि 780 शेयरों में गिरावट रही और 112 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ.
टॉप गेनर्स और लूजर्स
गुरुवार को SUNPHARMA, BHARTIARTL, BAJAJFINSV, INDIGO और ETERNAL टॉप गेनर्स में शामिल रहे. वहीं, निफ्टी में सबसे ज्यादा गिरावट DRREDDY, MARUTI, ONGC, INFY और NTPC के शेयरों में देखने को मिली.
सेक्टोरल इंडेक्स
अगर सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें, तो गुरुवार को Nifty PSU Bank इंडेक्स 1.62 फीसदी चढ़ा. वहीं, Nifty Bank में 0.90 फीसदी, Nifty FMCG में 0.76 फीसदी, Nifty Pharma में 0.89 फीसदी और Nifty Metal में 0.28 फीसदी की तेजी दर्ज की गई. दूसरी ओर, Nifty Auto में 2.06 फीसदी और Nifty IT में 0.30 फीसदी की गिरावट रही.
5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का इजाफा
बाजार में आई तेजी से निवेशकों की संपत्ति में एक ही कारोबारी सत्र में 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का इजाफा हुआ. बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन पिछले कारोबारी सत्र के 471.2 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 476.4 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया. यानी बाजार की मजबूती ने निवेशकों की कुल संपत्ति में करीब 5.2 लाख करोड़ रुपये का इजाफा कर दिया है.
क्यों लौटी बाजार में रौनक
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि बुधवार की भारी गिरावट के बाद बड़ी कंपनियों के शेयर आकर्षक वैल्यूएशन पर पहुंच गए थे. इसी वजह से निवेशकों ने खरीदारी शुरू की और बाजार में रिकवरी देखने को मिली. हालांकि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अभी भी बना हुआ है, लेकिन निवेशकों का मानना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण से बाहर नहीं गई है. यही कारण है कि बाजार ने सबसे खराब स्थिति की आशंका को फिलहाल नजरअंदाज करते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया दी.
यह भी पढ़ें: कवच सिस्टम बना कमाई का इंजन, 5 साल में दिया 1385% रिटर्न; रखें नजर