Closing Bell: तेल सस्ता हुआ, फिर भी क्यों टूटा बाजार? अमेरिका-ईरान तनाव के बीच निवेशकों को किस बात का डर?

सोमवार को भारतीय शेयर बाजार कमजोर ग्लोबल संकेतों के बीच गिरावट के साथ बंद हुआ. सेंसेक्स 171 अंक टूटकर 77,369 पर और निफ्टी 32 अंक गिरकर 24,219 पर बंद हुआ. अमेरिका-ईरान तनाव और बढ़ती बॉन्ड यील्ड से निवेशकों की चिंता बढ़ी. हालांकि कच्चे तेल में गिरावट आई. JSW Steel और Hindalco चढ़े, जबकि SBI Life और Adani Ports दबाव में रहे.

शेयर मार्केट क्लोजिंग. Image Credit: Tv9

Highlights

  • भारतीय शेयर बाजार कमजोर ग्लोबल संकेतों के बीच गिरावट के साथ बंद हुआ.
  • Sensex 171 अंक टूटकर 77,369 पर और Nifty 32 अंक गिरकर 24,219 पर बंद हुआ.
  • अमेरिका-ईरान तनाव और बढ़ती बॉन्ड यील्ड से निवेशकों की चिंता बढ़ी.

कमजोर ग्लोबल संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार में सोमवार, 24 अगस्त को बिकवाली देखने को मिली. कारोबारी सत्र के आखिरी में सेंसेक्स 171.72 अंक यानी 0.22 फीसदी गिरकर 77369.11 पर बंद हुआ. वहीं, निफ्टी 32.95 अंक यानी 0.14 फीसदी की गिरावट के साथ 24219.05 पर बंद हुआ.

हालांकि, दिनभर के कारोबार में निफ्टी ने 24,313 का हाई और 24144.30 का लो बनाया. बाजार में गिरावट के बावजूद कुछ चुनिंदा सेक्टर और शेयरों में खरीदारी देखने को मिली.

आज शेयर बाजार को किसने प्रभावित किया?

अमेरिका-ईरान के बीच जारी तनाव और बढ़ती बॉन्ड यील्ड की चिंता के कारण सोमवार को घरेलू शेयर बाजार दबाव में रहा. हालांकि मुनाफावसूली के चलते कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई, लेकिन बाजार की चिंता पूरी तरह कम नहीं हुई. अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि अमेरिका जल्द ही ईरान पर इतिहास के सबसे कड़े नए प्रतिबंध लगाएगा. बेसेंट ने रविवार को कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच जारी टकराव अब निर्णायक दौर में पहुंच रहा है और वॉशिंगटन तेहरान की बची हुई आर्थिक मदद के सभी रास्ते बंद करने की कोशिश करेगा.

इस बीच, ब्रेंट क्रूड में करीब 2 फीसदी की गिरावट आई, लेकिन इसकी कीमत अब भी 92 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बनी हुई है. कच्चे तेल की ऊंची कीमतें भारत की राजकोषीय स्थिति, आर्थिक वृद्धि और महंगाई के समीकरण के साथ-साथ कंपनियों की कमाई को भी प्रभावित कर सकती हैं.

इसके अलावा निवेशक सोमवार को अमेरिका की ओर से ईरान पर नए प्रतिबंधों की घोषणा का इंतजार कर रहे थे, जिसके चलते बाजार में सतर्कता का माहौल बना रहा. मुनाफावसूली से ब्रेंट क्रूड में गिरावट जरूर आई, लेकिन कीमत 90 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बनी रही. ईरानी तेल की सप्लाई कम होने की आशंका और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर जारी तनाव ने तेल बाजार की चिंता बढ़ाए रखी.

इन सेक्टरों में रही तेजी

सेक्टोरल इंडेक्स में Nifty IT सबसे ज्यादा मजबूती के साथ बंद हुआ और इसमें 0.21 फीसदी की तेजी रही. Nifty Alpha 50 में 0.40 फीसदी और Nifty Div Opps 50 में 0.17 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई. Nifty Next 50 भी 30.30 अंक यानी 0.04 फीसदी की मामूली तेजी के साथ बंद हुआ.

बैंकिंग और ऑटो शेयरों पर दबाव

दूसरी तरफ, बैंकिंग शेयरों में कमजोरी रही. Nifty Bank 236 अंक यानी 0.41 फीसदी गिरकर 57,525.95 पर बंद हुआ. Nifty Financial Services में 102.50 अंक यानी 0.39 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. इसके अलावा Nifty Auto 23.30 अंक यानी 0.08 फीसदी और Nifty FMCG 18.50 अंक यानी 0.04 फीसदी गिरकर बंद हुआ. Nifty 100 में भी 0.10 फीसदी की गिरावट रही.

आज के टॉप गेनर्स

Nifty 50 के सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयरों में JSW Steel सबसे आगे रहा. शेयर 33.30 रुपये यानी 2.57 फीसदी की तेजी के साथ 1327 रुपये पर बंद हुआ.

इसके बाद Hindalco में 2.37 फीसदी की तेजी रही. Tata Steel 1.80 फीसदी चढ़ा, जबकि HCL Tech में 1.50 फीसदी और Dr Reddy में 1.30 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई.

आज के टॉप लूजर्स

Nifty 50 के टॉप लूजर्स में SBI Life सबसे ज्यादा दबाव में रहा. शेयर 1.73 फीसदी गिरकर 1,761.80 रुपये पर बंद हुआ.

Adani Ports और Bajaj Finance दोनों में 1.64 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. Bajaj Finserv 1.52 फीसदी टूटा, जबकि BEL में 1.21 फीसदी की गिरावट रही.

कितने शेयरों में रहा हलचल

बाजार की चौड़ाई कमजोर रही. कुल 3,673 शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें 1,740 शेयर चढ़े, जबकि 1,820 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई. 113 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ. इससे साफ है कि बाजार में गिरावट का दबाव ज्यादा शेयरों पर देखने को मिला, हालांकि Midcap और IT जैसे कुछ हिस्सों में खरीदारी ने बाजार को संभालने की कोशिश की.

इसे भी पढ़ें- डिफेंस से EV तक, क्या आपके पोर्टफोलियो में हैं ये 5 स्टॉक; अगले 5 साल में दे सकते हैं बड़ा रिटर्न