₹20000 करोड़ की ड्रोन खरीद से मचेगी हलचल! Zen Technologies समेत इन 3 शेयर पर रखें नजर; दमदार है ऑर्डर बुक

भारत में 20,000 करोड़ रुपये की ड्रोन खरीद योजना और 52,000 करोड़ रुपये की डिफेंस मंजूरी से ड्रोन और काउंटर-ड्रोन सेगमेंट में बड़े अवसर बन रहे हैं. Zen Technologies, IdeaForge Technology और Astra Microwave Products जैसी कंपनियां इस बढ़ती डिमांड का फायदा उठा सकती हैं. Zen Technologies का ऑर्डर बुक 1,239 करोड़ रुपये है.

ड्रोन स्टॉक्स Image Credit: Canva

Highlights

  • सरकार की 20,000 करोड़ रुपये की ड्रोन खरीद योजना से डिफेंस और ड्रोन सेक्टर में बड़े कारोबारी अवसर बन रहे हैं.
  • Zen Technologies समेत 3 कंपनियों को बढ़ती ड्रोन डिमांड और मजबूत ऑर्डर बुक का फायदा मिल सकता है.
  • Astra Microwave को 2,205 करोड़ रुपये का Uttam Radar कॉन्ट्रैक्ट मिला है.

Drone Stocks: भारत में डिफेंस सेक्टर के लिए ड्रोन अब सिर्फ निगरानी या सीमित सैन्य अभियानों तक ही सीमित नहीं रह गए हैं. आधुनिक युद्ध में बड़े पैमाने पर ड्रोन, काउंटर-ड्रोन सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर और ऑटोनॉमस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है. इसी बदलाव के बीच भारत ने ड्रोन और उससे जुड़ी डिफेंस टेक्नोलॉजी की खरीद को तेज करने की दिशा में बड़े कदम उठाए हैं. सरकार की करीब 20,000 करोड़ रुपये की ड्रोन खरीद योजना और डिफेंस एक्विजिशन काउंसिल की करीब 52,000 करोड़ रुपये की कैपिटल एक्विजिशन मंजूरी से इस पूरे सेगमेंट में बड़े कारोबारी अवसर बन रहे हैं. इस बढ़ती मांग का फायदा डिफेंस और ड्रोन टेक्नोलॉजी से जुड़ी कुछ लिस्टेड कंपनियों को मिल सकता है.

Zen Technologies

Zen Technologies ने एडवांस्ड मिलिट्री ट्रेनिंग सिमुलेटर्स से आगे बढ़ते हुए ड्रोन और काउंटर-ड्रोन सॉल्यूशंस में अपनी मजबूत मौजूदगी बनाई है. कंपनी भारतीय आर्म्ड फोर्सेज, स्टेट पुलिस फोर्सेज और फ्रेंडली फॉरेन कंट्रीज को अपने प्रोडक्ट्स और सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है. इसके कारोबार के तीन प्रमुख हिस्से ट्रेनिंग सिस्टम्स, ड्रोन/काउंटर-ड्रोन सॉल्यूशंस और ऑपरेशनल इक्विपमेंट हैं.

काउंटर-ड्रोन सेगमेंट कंपनी के लिए खास महत्व रखता है. कंपनी ने ऐसा हाई-स्पीड इंटरसेप्टर ड्रोन विकसित किया है, जो 20 किलोमीटर की दूरी तक दुश्मन के ड्रोन को नष्ट करने में सक्षम है. हाल में सरकार से कंपनी को करीब 800 करोड़ रुपये के कॉन्ट्रैक्ट्स भी मिले हैं. फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी का ऑर्डर बुक 30 जून 2026 तक 1,239 करोड़ रुपये था. सोमवार को कंपनी का शेयर 0.39 फीसदी बढ़कर 1,864 रुपये पर पहुंच गया.

IdeaForge Technology

IdeaForge Technology भारतीय ड्रोन इंडस्ट्री की प्रमुख कंपनियों में शामिल है. कंपनी ड्यूल-यूज ड्रोन यानी डिफेंस और सिविल दोनों बाजारों के लिए ड्रोन विकसित करती है. 30 जून 2026 तक IdeaForge का ऑर्डर बुक 256.8 करोड़ रुपये था और इसका बड़ा हिस्सा डिफेंस कॉन्ट्रैक्ट्स से जुड़ा हुआ था.

कंपनी FY27 की तीसरी तिमाही तक इस ऑर्डर बुक को एग्जीक्यूट करने का लक्ष्य लेकर चल रही है. इसके अलावा कंपनी ने 20,000 करोड़ रुपये की ड्रोन खरीद से जुड़ी रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल में भी बिड किया है. सोमवार को कंपनी का शेयर 3.14 फीसदी गिरकर 795 रुपये पर पहुंच गया.

Astra Microwave Products

Astra Microwave Products ड्रोन और एयरोस्पेस इकोसिस्टम में रडार, आरएफ और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर से जुड़ी टेक्नोलॉजी पर फोकस कर रही है. कंपनी पूरा काउंटर-यूएवी सिस्टम खुद बनाने के बजाय अपनी रिसर्च एंड डेवलपमेंट क्षमता वाले कोर एरियाज पर ध्यान देती है और पार्टनर इंटीग्रेशन के जरिए सॉल्यूशंस तैयार करती है. कंपनी एंटी-ड्रोन सिस्टम्स, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर और सैटेलाइट टेक्नोलॉजीज पर काम कर रही है.

कंपनी के लिए सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत ऑर्डर बुक है. Astra का स्टैंडअलोन ऑर्डर बुक 2,156 करोड़ रुपये था. जुलाई 2026 के अंत में कंपनी को Hindustan Aeronautics Limited से Uttam Radar Programme के लिए एक्टिव एंटीना ऐरे यूनिट सबसिस्टम का 2,205 करोड़ रुपये का सबसे बड़ा कॉन्ट्रैक्ट मिला. इससे कंपनी को कई वर्षों तक रेवेन्यू विजिबिलिटी मिल सकती है. सोमवार को कंपनी का शेयर 1.85 फीसदी गिरकर 1,707 रुपये पर पहुंच गया है.

यह भी पढ़ें: मंगलवार को इन 3 शेयरों पर रखें नजर, एक्सपर्ट ने खरीदारी की सलाह दी; 8% तक मिल सकता है रिटर्न

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.