जून के दूसरे पखवाड़े में बदला FII का रुख! ₹14100 करोड़ की खरीदारी; जानिए किन सेक्टर पर फिदा हुआ ‘स्मार्ट मनी’
जून के पहले पखवाड़े में बिकवाली कर रहे विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने महीने के दूसरे पखवाड़े में रणनीति बदलते हुए करीब 14,100 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की. सबसे ज्यादा निवेश वित्तीय सेवाओं, कंस्ट्रक्शन और कंज्यूमर सेक्टर में हुआ, जबकि मेटल, पावर और ऑयल एंड गैस सेक्टर से बिकवाली जारी रही.

जून के पहले पखवाड़े में भारतीय शेयर बाजार से लगातार पैसा निकालने वाले विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने महीने के दूसरे पखवाड़े में रणनीति बदल दी. इस दौरान उन्होंने करीब 14,100 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की. सबसे ज्यादा भरोसा वित्तीय सेवाओं, कंस्ट्रक्शन, कंज्यूमर सर्विसेज, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, रियल्टी और हेल्थकेयर सेक्टर पर दिखा, जबकि मेटल, पावर और ऑयल एंड गैस जैसे सेक्टरों से बिकवाली जारी रही.
वित्तीय सेवाओं में सबसे ज्यादा निवेश
NSDL के आंकड़ों के मुताबिक, जून के दूसरे पखवाड़े में वित्तीय सेवाओं (Financial Services) में FII ने सबसे ज्यादा 14,634 करोड़ रुपये का निवेश किया. इसके उलट, महीने के पहले पखवाड़े में इसी सेक्टर से 11,263 करोड़ रुपये की बिकवाली हुई थी.
कई सेक्टरों में बदला निवेश का रुख
कंस्ट्रक्शन सेक्टर में FII ने 3,484 करोड़ रुपये और कंज्यूमर सर्विसेज में 3,081 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की. पहले पखवाड़े में इन दोनों सेक्टरों में क्रमश: 603 करोड़ रुपये और 1,852 करोड़ रुपये की बिकवाली हुई थी.
इसी तरह, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 2,564 करोड़ रुपये और रियल्टी सेक्टर में 1,893 करोड़ रुपये का निवेश किया गया. पहले पखवाड़े में इन दोनों सेक्टरों से क्रमश: 634 करोड़ रुपये और 1,093 करोड़ रुपये निकाले गए थे. हेल्थकेयर सेक्टर में भी रुख बदला और 1,435 करोड़ रुपये की खरीदारी हुई, जबकि पहले पखवाड़े में 4,501 करोड़ रुपये की बिकवाली हुई थी.
यह भी पढ़ें: Nifty Outlook 6 July: क्या सोमवार को 24,500 के पार जाएगा निफ्टी? जानिए सपोर्ट, रेजिस्टेंस और एक्सपर्ट्स की राय
सर्विसेज सेक्टर उन चुनिंदा क्षेत्रों में शामिल रहा, जहां पूरे जून में FII की खरीदारी बनी रही. दूसरे पखवाड़े में यहां 2,592 करोड़ रुपये का निवेश हुआ, जबकि पहले पखवाड़े में भी 302 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी दर्ज की गई थी.
इन सेक्टरों से जारी रही बिकवाली
दूसरी ओर, मेटल्स एंड माइनिंग, पावर, ऑयल एंड गैस, ऑटो और कैपिटल गुड्स सेक्टर में FII बिकवाल बने रहे. मेटल्स एंड माइनिंग में दूसरे पखवाड़े के दौरान 4,371 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली हुई, जबकि पहले पखवाड़े में यह आंकड़ा 4,722 करोड़ रुपये था. पावर सेक्टर से 3,743 करोड़ रुपये और ऑयल एंड गैस से 2,789 करोड़ रुपये निकाले गए. पहले पखवाड़े में इन दोनों सेक्टरों में क्रमश: 2,577 करोड़ रुपये और 10,488 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली हुई थी.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.