गोदरेज प्रॉपर्टीज ने दिखाई ताकत, 70% मुनाफा बढ़ाकर बाजार को किया सरप्राइज, शेयर पर नजर

गोदरेज प्रॉपर्टीज ने जनवरी-मार्च तिमाही में 70% मुनाफा बढ़ाकर 649.88 करोड़ रुपये कर लिया है. मजबूत बिक्री और बढ़ती मांग के दम पर कंपनी की आय भी तेजी से बढ़ी है, जिससे रियल एस्टेट सेक्टर में नई हलचल दिख रही है.

गोदरेज प्रोपर्टी की बंपर कमाई. Image Credit: @tv9

रियल एस्टेट सेक्टर में सुस्ती की चर्चाओं के बीच Godrej Properties ने ऐसा प्रदर्शन किया है जिसने बाजार को चौंका दिया है. जनवरी-मार्च तिमाही के नतीजों में कंपनी ने जोरदार बढ़त दर्ज करते हुए मुनाफे में 70 प्रतिशत का उछाल दिखाया है. मजबूत मांग और प्रोजेक्ट एग्जीक्यूशन की रफ्तार ने कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है.

तिमाही नतीजों में जबरदस्त उछाल

कंपनी का एकीकृत शुद्ध मुनाफा जनवरी-मार्च तिमाही में बढ़कर 649.88 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 381.99 करोड़ रुपये था. यानी सालाना आधार पर 70 प्रतिशत की मजबूत बढ़त दर्ज की गई है.

इस दौरान कंपनी की कुल आय 3,806.65 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल की समान तिमाही में 2,681.06 करोड़ रुपये थी. यह बढ़त बताती है कि कंपनी की बिक्री और प्रोजेक्ट डिलीवरी दोनों में तेजी बनी हुई है.

पूरे साल का प्रदर्शन भी मजबूत

वित्त वर्ष 2025-26 के पूरे साल में कंपनी का शुद्ध मुनाफा बढ़कर 1,850.20 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि इससे पहले वित्त वर्ष में यह 1,399.89 करोड़ रुपये था. वहीं, कुल आय भी सालाना आधार पर 6,967.05 करोड़ रुपये से बढ़कर 8,410.88 करोड़ रुपये हो गई, जो कंपनी के मजबूत ग्रोथ ट्रेंड को दिखाती है.

यह भी पढ़ें: Waaree Energies Share 35% उछाल को तैयार, रेवेन्यू में 112% तेजी, ₹300 अरब का कैपेक्स प्लान, ब्रोकरेज बोला – खरीद लो

शेयर पर भी नजर

बेहतर नतीजों के बीच कंपनी का शेयर करीब 1,8872 रुपये के आसपास ट्रेड कर रहा है. निवेशकों की नजर अब इस बात पर रहेगी कि आने वाले समय में कंपनी इस ग्रोथ को कितना बरकरार रख पाती है. बीते एक वर्ष में कंपनी के शेयर में 17 फीसदी की गिरावट है.

देश की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनियों में शामिल गोदरेज प्रॉपर्टीज का यह प्रदर्शन सेक्टर के लिए भी एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.