सोना 2500 रुपये और चांदी 5000 रुपये हुई महंगी, जानें- 10 ग्राम गोल्ड के लिए अब कितना करना होगा खर्च
Gold Price Today: यह बढ़त अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते के फ्रेमवर्क पर सहमति बनने के बाद मजबूत वैश्विक रुझानों के कारण हुई. इस समझौते से तेल की कीमतें कई हफ्तों के निचले स्तर पर आ गईं, महंगाई को लेकर चिंताएं कम हुईं
Gold Price Today: सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमतें 2,500 रुपये बढ़कर 1.59 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गईं, जबकि चांदी की कीमत 2.60 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई. यह बढ़त अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते के फ्रेमवर्क पर सहमति बनने के बाद मजबूत वैश्विक रुझानों के कारण हुई. बाजार के जानकारों के अनुसार, 99.9 फीसदी प्योरिटी वाले सोने की कीमत शुक्रवार के 1,56,900 रुपये प्रति 10 ग्राम के बंद भाव से 2,500 रुपये बढ़कर 1,59,400 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई.
चांदी हुई इतनी महंगी
चांदी की कीमतों में भी लगातार दूसरे सत्र में तेजी आई और यह 5,000 रुपये बढ़कर 2,60,700 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई. पिछले सत्र में चांदी 2,55,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी.
क्यों आई तेजी?
विश्लेषकों का कहना है कि कीमती मेटल्स में तेजी तब आई जब वाशिंगटन और तेहरान ने तनाव खत्म करने और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए एक महत्वपूर्ण मार्ग, होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को फिर से खोलने के लिए एक अंतरिम समझौते की घोषणा की.
इंटरनेशनल मार्केट से मिला सपोर्ट
HDFC सिक्योरिटीज में कमोडिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, ‘अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी के सपोर्ट से सोमवार को सोने की कीमतों में बढ़ोतरी हुई और स्पॉट गोल्ड 4,325 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस के स्तर से ऊपर पहुंच गया.’
उन्होंने कहा कि इस समझौते से तेल की कीमतें कई हफ्तों के निचले स्तर पर आ गईं, महंगाई को लेकर चिंताएं कम हुईं और अधिक सख्त मौद्रिक नीति के रुख की संभावना कम हो गई, जबकि कमजोर डॉलर और कम ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड ने भी बुलियन (सोने-चांदी) को समर्थन दिया.
इंटरनेशनल मार्केट सोना-चांदी
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में स्पॉट गोल्ड 121.33 अमेरिकी डॉलर या लगभग 3 फीसदी बढ़कर 4,340.65 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी 2.74 अमेरिकी डॉलर या 4.04 फीसदी बढ़कर 70.74 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस हो गई.
तेल की कीमतों में गिरावट का असर
PL वेल्थ में प्रोडक्ट और फैमिली ऑफिस के प्रमुख राजकुमार सुब्रमण्यन ने कहा, ‘सोमवार को सोने की कीमत 4,300 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस से ऊपर पहुंच गई और लगातार तीसरे सत्र में इसमें तेजी देखी गई, क्योंकि तेल की कीमतों में गिरावट आई और लगातार महंगाई तथा संभावित ब्याज दर वृद्धि को लेकर चिंताएं कम हुईं.’
बाजार में देखने को मिल सकती है स्थिरता
LKP सिक्योरिटीज के कमोडिटी और करेंसी रिसर्च एनालिस्ट और VP जतिन त्रिवेदी ने कहा कि 19 जून को होने वाले औपचारिक समझौते से महंगाई को लेकर उम्मीदें और कम हो सकती हैं और इससे व्यापक बाजार में स्थिरता को भी मदद मिल सकती है. निवेशकों का ध्यान अब US फेडरल रिजर्व (Fed) की चेयर केविन वॉर्श की अध्यक्षता में होने वाली पहली पॉलिसी मीटिंग और नए आर्थिक अनुमानों पर होगा.
फेड के आउटलुक पर नजर
कोटक सिक्योरिटीज की AVP कमोडिटी रिसर्च कायनात चेनवाला के अनुसार, फेड के नजरिए पर बारीकी से नजर रखी जाएगी क्योंकि ऊर्जा की कम कीमतें सख्ती की उम्मीदों को कम कर सकती हैं, डॉलर को कमजोर कर सकती हैं और जियो-पॉलिटिकल रिस्क प्रीमियम कम होने के बावजूद बुलियन की कीमतों को सहारा दे सकती हैं.
Latest Stories
मार्केट कैप से कई गुना ज्यादा ऑर्डर बुक, क्या आपके पोर्टफोलियो में हैं ये 4 शेयर? रखें नजर
इस डिफेंस शेयर में 14 फीसदी की छलांग, BHEL से मिला ₹18.05 करोड़ ऑर्डर, रडार पर रखें स्टॉक
Nifty Outlook June 16: निफ्टी का क्या होगा अगला अपसाइड टारगेट, किस लेवल पर इमीडिएट सपोर्ट?
