प्रमोटर की खरीदारी से चमका ये केमिकल स्टॉक, एक दिन में करीब 18% उछला, 15.22 लाख रुपये में हुई डील
प्रमोटर कंपनी GNFC ने ओपन मार्केट से 15.22 लाख रुपये में गुजरात अल्कलीज एंड केमिकल्स के शेयर खरीदे, जिससे इसमें जोरदार तेजी देखी गई. शेयर इंट्राडे में करीब 18 प्रतिशत तक उछल गया. प्रमोटर की खरीदारी को बाजार ने भरोसे के संकेत के रूप में लिया.
Promotor Bought Shares: गुरुवार के कारोबारी सत्र में Gujarat Alkalies and Chemicals Limited के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली. BSE पर यह शेयर इंट्राडे में करीब 18 प्रतिशत तक चढ़ गया. शेयर में आई जबरदस्त तेजी की वजह कंपनी के प्रमोटर की ओर से ओपन मार्केट से शेयर खरीदना है. इसी के बाद से निवेशकों का उत्साह बढ़ गया और शेयर में खरीदारी तेज हो गई.
करीब 3,68 करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली इस केमिकल कंपनी का शेयर 19 मार्च को इंट्रा डे में करीब 18 फीसदी चढ़कर 509.95 रुपये पर पहुंच गया. हालांकि बाद में ये थोड़ा नीचे आया और BSE पर शेयर 486.6 रुपये पर बंद हुआ. यह इसके पिछले बंद भाव 431.4 रुपये के मुकाबले लगभग 13 प्रतिशत की बढ़त दर्शाता है. हालांकि पिछले एक साल में शेयर ने करीब 9 प्रतिशत का निगेटिव रिटर्न दिया है, लेकिन बीते एक हफ्ते में इसमें लगभग 11 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है.
ओपन मार्केट से हुई खरीदारी
कंपनी की ओर से स्टॉक एक्सचेंज को दी गई ताजा जानकारी के मुताबिक, कंपनी के प्रमोटर्स में शामिल गुजरात नर्मदा वैली फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स लिमिटेड यानी GNFC ने 18 मार्च 2026 को NSE पर ओपन मार्केट ट्रांजैक्शन के जरिए 3,529 इक्विटी शेयर खरीदे. इस सौदे की कुल वैल्यू सभी चार्जेज सहित करीब 15.22 लाख रुपये रही.
इस खरीद से पहले GNFC के पास 17,59,996 इक्विटी शेयर थे, जो कंपनी में करीब 2.4 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर थे. इस ट्रांजैक्शन के बाद उसकी कुल होल्डिंग बढ़कर 17,63,525 शेयर हो गई. हालांकि हिस्सेदारी प्रतिशत 2.4 प्रतिशत पर ही कायम रहा, जिससे साफ है कि बढ़ोतरी संख्या के लिहाज से मामूली रही, लेकिन बाजार ने इसे सकारात्मक संकेत के रूप में लिया.
कंपनी ने यह भी साफ किया कि खरीदे गए इन शेयरों को कम से कम छह महीने तक होल्ड किया जाएगा. नियामकीय नियमों के अनुसार, इससे पहले बिक्री करने के लिए कंप्लायंस ऑफिसर की परमिशन जरूरी होगी. GNFC ने भरोसा दिलाया कि वह इस ट्रांजैक्शन से जुड़े सभी जरूरी रिकॉर्ड, जैसे ब्रोकर कॉन्ट्रैक्ट, पेमेंट प्रूफ और बैंक स्टेटमेंट, तीन साल तक सुरक्षित रखेगी ताकि जरूरत पड़ने पर नियामकीय समीक्षा की जा सके.
वॉल्यूम में भी उछाल
शेयर में आए इस तेज उछाल के साथ गुजरात अल्कलीज BSE के ‘B’ ग्रुप में दिन का टॉप गेनर बनकर उभरा. शेयर में ट्रेडिंग वॉल्यूम भी असाधारण रूप से बढ़ा. BSE पर लगभग 12.55 लाख शेयरों का कारोबार हुआ, जबकि एक महीने का औसत वॉल्यूम महज 2,108 शेयर रहा था. वहीं NSE पर भी ट्रेडिंग में जबरदस्त उछाल दिखा, जहां करीब 230 लाख इक्विटी शेयरों में सौदे हुए, जबकि पिछले सत्र में यह आंकड़ा केवल 47,586 शेयर था.
फाइनेंशियल स्टेटस
अगर कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन पर नजर डालें, तो गुजरात अल्कलीज ने Q3 FY26 में ऑपरेशंस से रेवेन्यू में हल्की बढ़त दर्ज की. कंपनी की आय Q3 FY25 के 1,029 करोड़ रुपये से बढ़कर Q3 FY26 में 1,044 करोड़ रुपये हो गई, यानी सालाना आधार पर 1 प्रतिशत से थोड़ा अधिक वृद्धि हुई. हालांकि मुनाफे के मोर्चे पर तस्वीर कमजोर रही. कंपनी का नेट लॉस 11 करोड़ रुपये से बढ़कर 20 करोड़ रुपये हो गया, यानी घाटा करीब 82 प्रतिशत बढ़ गया.
कंपनी का कामकाज
गुजरात अल्कलीज एंड केमिकल्स लिमिटेड देश की प्रमुख कॉस्टिक सोडा लाई निर्माताओं में शामिल है और केमिकल मैन्युफैक्चरिंग करती है. भारत में सक्रिय 8 क्लोरोमीथेन निर्माताओं में ये कंपनी बाजार की लीडर मानी जाती है. FY25 के दौरान कंपनी की मार्केट शेयर करीब 19.65 प्रतिशत रही. इसकी क्षमता उपयोग दर 80 प्रतिशत रही, जिसके तहत कंपनी ने 1.61 लाख MTPA की इंस्टॉल्ड कैपेसिटी के मुकाबले 1.29 लाख MT क्लोरोमीथेन का उत्पादन किया.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
