22% गिरता दिखा ब्रिगेड एंटरप्राइजेज स्टॉक, लेकिन क्यों खुश हैं निवेशक; इस स्टॉक में ऐसा क्या हुआ?

ब्रिगेड एंटरप्राइजेज का शेयर बुधवार को कागजों पर 22 फीसदी टूटता दिखा, लेकिन असल में निवेशकों को कोई नुकसान नहीं हुआ. 1:3 बोनस इश्यू के एडजस्टमेंट के बाद शेयर में करीब 10 फीसदी की तेजी आई और यह दिन के उच्च स्तर तक पहुंच गया.

ब्रिगेड एंटरप्राइजेज बोनस शेयर

बुधवार को शेयर बाजार में बेंगलुरु की दिग्गज रियल एस्टेट कंपनी ब्रिगेड एंटरप्राइजेज के शेयरों ने निवेशकों को असमंजस में डाल दिया. पहली नजर में ऐसा लगा कि कंपनी का शेयर एक ही दिन में 22% क्रैश हो गया है, लेकिन असलियत इसके बिल्कुल उलट थी. सच तो यह है कि यह शेयर बुधवार को करीब 10% की बढ़त के साथ बंद हुआ. यह भारी गिरावट नहीं बल्कि बोनस शेयर के बाद हुआ प्राइस एडजस्टमेंट था, जिससे निवेशकों की संपत्ति रत्ती भर भी कम नहीं हुई.

क्या है पूरा मामला और क्यों बदली कीमत?

मंगलवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर ब्रिगेड एंटरप्राइजेज का शेयर 720.25 रुपये पर बंद हुआ था. बुधवार (17 जून) को कंपनी के 1:3 बोनस इश्यू की रिकॉर्ड डेट थी. इस वजह से सुबह शेयर की कीमत एडजस्ट होकर 559.70 रुपये पर खुली.

यह सिर्फ तकनीकी बदलाव था. जैसे ही बाजार खुला, निवेशकों ने इस सस्ते दिख रहे शेयर पर जमकर खरीदारी की. नतीजतन, यह अपने एडजस्टेड भाव से करीब 10% उछलकर 595.95 रुपये के दिन के उच्च स्तर पर पहुंच गया.

7 साल बाद मिला 1:3 का बोनस

ब्रिगेड एंटरप्राइजेज ने करीब 7 साल बाद अपने निवेशकों को बोनस शेयर का तोहफा दिया है. मई में अपनी चौथी तिमाही (Q4) के नतीजों के साथ कंपनी ने इसका एलान किया था. 1:3 बोनस का सीधा मतलब है कि जिन निवेशकों के पास रिकॉर्ड डेट (17 जून) तक कंपनी के 3 शेयर थे, उन्हें 1 शेयर बिल्कुल मुफ्त मिलेगा.

इस बोनस इश्यू के बाद कंपनी की शेयर कैपिटल 250 करोड़ रुपये (25 करोड़ शेयर) से बढ़कर 400 करोड़ रुपये (40 करोड़ शेयर) हो जाएगी.

बोनस से निवेशकों को क्या फायदा?

बोनस शेयर जारी होने से कंपनी की मार्केट कैप में कोई बदलाव नहीं होता, लेकिन बाजार में शेयरों की संख्या बढ़ जाती है. इससे शेयर की कीमत कम होती है, जिससे छोटे और नए निवेशकों के लिए इसमें पैसा लगाना आसान हो जाता है और स्टॉक में लिक्विडिटी बढ़ती है.

यह भी पढ़ें: 1200% रिटर्न वाले इस IT शेयर पर दें ध्यान, दो ब्रोकरेज हाउस मेहरबान, कहा- अभी 50% उछलेगा स्टॉक

शेयर का प्रदर्शन कैसा रहा है?

पिछले एक हफ्ते में ब्रिगेड एंटरप्राइजेज का शेयर 20% और एक महीने में 13% चढ़ चुका है. हालांकि, साल 2026 में अब तक इसमें 13% की गिरावट आई है. लंबे समय के निवेशकों के लिए यह बेहद फायदेमंद रहा है, जिसने 3 साल में 34% और 5 साल में 178% का बंपर रिटर्न दिया है. फिलहाल कंपनी का मार्केट कैप करीब 18,727 करोड़ रुपये है और इसका P/E रेशियो 32 के आसपास है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.