TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

IDBI Bank के स्टॉक में रॉकेट जैसी तेजी, 17% से ज्यादा उछला शेयर; एक महीने में 28% रिटर्न

IDBI Bank के शेयरों में बुधवार को जोरदार तेजी देखने को मिली और स्टॉक 17 फीसदी से अधिक उछल गया. पिछले एक महीने में शेयर करीब 28 फीसदी का रिटर्न दे चुका है. बाजार में बैंक के प्राइवेटाइजेशन प्रोसेस को लेकर फिर से चर्चा तेज होने से निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी है.

IDBI बैंक Image Credit: Money9 Live

IDBI Bank Share Price: भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को बैंकिंग सेक्टर के कुछ चुनिंदा शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली. भारी ट्रेडिंग वॉल्यूम के बीच IDBI Bank के शेयरों में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई. IDBI Bank में निवेशकों की दिलचस्पी उसके प्राइवेटाइजेशन को लेकर फिर से तेज हुई चर्चाओं के कारण बढ़ी है. निवेशक फिलहाल बैंकिंग सेक्टर से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं पर करीबी नजर बनाए हुए हैं. ऐसे समय में, जब वित्तीय क्षेत्र रेगुलेटरी और इकोनॉमिक बदलावों के दौर से गुजर रहा है, निवेशकों की रणनीति भी लगातार बदलती दिखाई दे रही है.

IDBI Bank में प्राइवेटाइजेशन की अटकलों का असर

IDBI Bank के शेयरों में पिछले कई दिनों से जोरदार तेजी देखने को मिल रही है. बाजार में यह चर्चा फिर से तेज हो गई है कि सरकार बैंक के प्राइवेटाइजेशन प्रोसेस को आगे बढ़ाने पर विचार कर सकती है. इससे पहले सरकार की हिस्सेदारी बेचने की कोशिशें उस समय अटक गई थीं, जब फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स और एमिरेट्स एनबीडी जैसे संभावित खरीदारों की बोलियां रिजर्व प्राइस के अनुरूप नहीं मानी गई थीं. अब निवेशकों को उम्मीद है कि डिसइन्वेस्टमेंट प्रोसेस दोबारा गति पकड़ सकता है.

हालांकि, IDBI Bank ने स्पष्ट किया है कि स्ट्रैटेजिक डिसइन्वेस्टमेंट से जुड़ी पूरी प्रक्रिया भारत सरकार के अधिकार क्षेत्र में आती है. बैंक ने यह भी कहा है कि उसे इस संबंध में किसी प्रकार की नई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है. ऐसे में शेयर में आई तेजी मुख्य रूप से बाजार की उम्मीदों और अटकलों पर आधारित मानी जा रही है.

शेयर में जोरदार तेजी

बुधवार को कंपनी का शेयर इंट्राडे में 17.61 फीसदी उछलकर 90.68 रुपये पर ट्रेड कर रहा था. पिछले एक सप्ताह में इसमें 17.98 फीसदी की तेजी आई है. वहीं, पिछले एक महीने का रिकॉर्ड देखें तो शेयर 28.65 फीसदी चढ़ चुका है.

निवेशकों को किन बातों पर रखनी चाहिए नजर

विश्लेषकों के अनुसार, निवेशकों को प्रॉफिट मार्जिन्स, लोन बुक की क्वालिटी और रिटेल तथा एसएमई पोर्टफोलियो के प्रदर्शन पर नजर रखनी चाहिए. वहीं, IDBI Bank के लिए सबसे महत्वपूर्ण कारक सरकार की ओर से प्राइवेटाइजेशन को लेकर आने वाला कोई भी आधिकारिक अपडेट होगा.

जब तक सरकार या डीआईपीएएम की ओर से कोई ठोस घोषणा नहीं होती, तब तक IDBI Bank का शेयर बाजार के सेंटिमेंट और खबरों के आधार पर उतार-चढ़ाव का सामना कर सकता है. ऐसे में निवेशकों को अफवाहों के बजाय आधिकारिक सूचनाओं पर अधिक भरोसा करना चाहिए.

यह भी पढ़ें: 2.7 अरब डॉलर में बिक रही Pizza Hut, जानें कौन होंगे नए मालिक; शेयर बाजार में भी दिखा असर

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.