HCLTech Q2 Results: कंपनी को बंपर मुनाफा, निवेशकों को भी मिला हर शेयर पर 12 रुपये डिविडेंड

HCLTech Q2 Results: IT कंपनी HCLTech ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है. जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 21.18 फीसदी बढ़कर 5,132 करोड़ रुपये हो गया. कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू भी 11.5 फीसदी बढ़कर 35,620 करोड़ रुपये पर पहुंच गया.

- कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 11.5 फीसदी बढ़कर 35620 करोड़ रुपये पर पहुंचा. Image Credit: TV9 Bharatvarsh

Highlights

  • HCLTech का दूसरी तिमाही का मुनाफा सालाना आधार पर 21.18 फीसदी बढ़कर 5,132 करोड़ रुपये हुआ.
  • कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 11.5 फीसदी बढ़कर 35,620 करोड़ रुपये पर पहुंचा.
  • IT और बिजनेस सर्विसेज तथा इंजीनियरिंग और R&D सर्विसेज की कमाई बढ़ी, जबकि HCL Software का रेवेन्यू घटा.

IT सेक्टर की दिग्गज कंपनी HCLTech ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार नतीजे पेश किए हैं. जुलाई से सितंबर तिमाही के दौरान कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 21.18 फीसदी बढ़कर 5,132 करोड़ रुपये हो गया. पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी ने 4,235 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था. कंपनी ने प्रति इक्विटी शेयर ₹12 का अंतरिम डिविडेंड का भी ऐलान किया.

कंपनी की ओर से सोमवार को जारी रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक, इस दौरान HCLTech का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 11.5 फीसदी बढ़कर 35,620 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. पिछले साल की समान तिमाही में यह 31,942 करोड़ रुपये था. तिमाही आधार पर भी कंपनी के मुनाफे और रेवेन्यू में बढ़ोतरी दर्ज की गई.

तिमाही आधार पर मुनाफे और रेवेन्यू में बढ़ोतरी

HCLTech के वित्तीय प्रदर्शन में तिमाही आधार पर भी सुधार देखने को मिला. जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट पिछली तिमाही के मुकाबले 11 फीसदी बढ़ा. वहीं, इस दौरान ऑपरेशंस से रेवेन्यू में 3 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. कंपनी के नतीजे ऐसे समय आए हैं, जब IT सेक्टर की कंपनियों के वित्तीय प्रदर्शन पर निवेशकों की नजर बनी हुई है.

IT और बिजनेस सर्विसेज से बढ़ा रेवेन्यू

कंपनी के IT और बिजनेस सर्विसेज कारोबार से होने वाली कमाई में बढ़ोतरी दर्ज की गई. सितंबर तिमाही में इस सेगमेंट का रेवेन्यू बढ़कर 26,938 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 23,693 करोड़ रुपये था. कंपनी के कुल रेवेन्यू में इस कारोबार की अहम हिस्सेदारी है.

R&D सर्विसेज की कमाई भी बढ़ी

HCLTech के इंजीनियरिंग और रिसर्च एंड डेवलपमेंट यानी R&D सर्विसेज कारोबार ने भी बेहतर प्रदर्शन किया. इस सेगमेंट का रेवेन्यू सालाना आधार पर बढ़कर 5,973 करोड़ रुपये हो गया. पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी को इस कारोबार से 5,423 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी.

ये भी पढ़ें- Closing Bell: आखिर बाजार को हुआ क्या है, हफ्ते के पहले दिन निवेशकों को लगा झटका; Sensex-Nifty धड़ाम

HCL Software के रेवेन्यू में गिरावट

दूसरी ओर, HCL Software से कंपनी की कमाई में गिरावट दर्ज की गई. जुलाई-सितंबर तिमाही में इस सेगमेंट का रेवेन्यू घटकर 2,709 करोड़ रुपये रह गया. पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह 2,826 करोड़ रुपये था. इस तरह कंपनी के अलग-अलग कारोबारों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा, हालांकि कुल मुनाफे और रेवेन्यू में बढ़ोतरी दर्ज की गई.

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.