एनर्जी सेक्टर की इस छोटी कंपनी का धमाल, महीने भर में 92% उछला शेयर; पश्चिम एशिया में तनाव का मिल रहा फायदा!
कंपनी भारत के अलग-अलग जिलों में सिटी गैस डिस्ट्रिब्यूशन प्रोजेक्ट्स डेवलप करने पर फोकस करती है. यह अपने नेचुरल गैस डिस्ट्रिब्यूशन नेटवर्क के जरिए इंडस्ट्रियल, कमर्शियल, घरेलू और ऑटोमोबाइल कस्टमर्स को सर्विसेज देती है.

IRM Energy Share Return: एनर्जी सेक्टर की कंपनियां लगातार निवेशकों की रडार बनी हुई हैं. इस बीच IRM Energy के स्टॉक ने पिछले एक महीने में जोरदार प्रदर्शन किया है. अप्रैल के महीने में शेयर 90 फीसदी से अधिक उछला है. IRM Energy, कैडिला फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड ग्रुप की कंपनी है. 2015 में शुरू हुई यह कंपनी, भारत के अलग-अलग जिलों में सिटी गैस डिस्ट्रिब्यूशन प्रोजेक्ट्स डेवलप करने पर फोकस करती है. यह अपने नेचुरल गैस डिस्ट्रिब्यूशन नेटवर्क के जरिए इंडस्ट्रियल, कमर्शियल, घरेलू और ऑटोमोबाइल कस्टमर्स को सर्विसेज देती है.
IRM Energy के शेयर में तेजी क्यों आई?
IRM Energy के शेयरों में आई यह तेजी इस संभावना से जुड़ी हुई लगती है कि कंपनी को LPG सप्लाई में चल रही रुकावटों और कमर्शियल LPG की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी से, परोक्ष रूप से फायदा मिल सकता है.
हालांकि, IRM Energy सीधे तौर पर LPG डिस्ट्रिब्यूशन के काम में शामिल नहीं है, लेकिन इसका सिटी गैस डिस्ट्रिब्यूशन बिजनेस Piped Natural Gas, या PNG उपलब्ध कराता है, जो घरेलू, कमर्शियल और इंडस्ट्रियल यूज़र्स के लिए एक ज्यादा साफ और पाइपलाइन-आधारित विकल्प है.
कंपनी के लिए क्या है मौका?
पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के कारण भारत की LPG सप्लाई चेन पर दबाव पड़ रहा है और आयात का एक बड़ा हिस्सा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से होकर गुजरता है. ऐसे में होटल, रेस्टोरेंट और छोटे बिजनेस जैसे कमर्शियल यूजर्स, PNG को एक अधिक भरोसेमंद ईंधन विकल्प के तौर पर देख सकते हैं.
हालांकि, IRM Energy को होने वाला असल फायदा, उसके नेटवर्क की पहुंच, कस्टमर्स को PNG से जोड़ने की रफ्तार और उसके काम करने वाले इलाकों में गैस की उपलब्धता पर निर्भर करेगा.
कैसा है फंडामेंटल?
कंपनी का शेयर फिलहाल 357 रुपये के स्तर के आसपास है. जबकि पिछले 52 वीक में इसने 165 रुपये का निचला और 394 रुपये का ऊपरी स्तर छुआ है. यानी स्टॉक अपने हाई के करीब पहुंचने की कोशिश में है, जो निवेशकों के भरोसे को दिखाता है.
स्क्रीनर के अनुसार, कंपनी का मार्केट कैप 1,465 करोड़ रुपये है, जिससे यह स्मॉल-कैप श्रेणी का स्टॉक बनता है. ऐसे स्टॉक्स में ग्रोथ की संभावना ज्यादा होती है, लेकिन उतार-चढ़ाव का जोखिम भी अधिक रहता है.
- वैल्यूएशन की बात करें तो कंपनी का P/E रेशियो 32.7 है. यह बताता है कि निवेशक कंपनी की कमाई के मुकाबले प्रीमियम वैल्यू देने को तैयार हैं.
- कंपनी की बुक वैल्यू 236 रुपये है. मौजूदा कीमत के हिसाब से स्टॉक अपनी बुक वैल्यू से ऊपर ट्रेड कर रहा है.
- रिटर्न रेश्यो पर नजर डालें तो ROCE 8.26% और ROE 4.68% है.
इसके अलावा कंपनी 0.42% डिविडेंड यील्ड भी दे रही है. हालांकि यह बहुत आकर्षक नहीं है, लेकिन यह दिखाता है कि कंपनी शेयरधारकों को रिटर्न देने की नीति रखती है.
पिछले एक महीने में IRM Energy के शेयर में 92 फीसदी से अधिक की तेजी आई है. गुरुवार को शेयर 357 रुपये के स्तर पर बंद हुआ.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.