₹200 से सस्ता! 52 वीक लो पर आते ही इस स्टॉक पर टूट पड़े निवेशक, सरकार ने दे दिया NH बनाने का मेगा ऑर्डर
KNR Construction के शेयर 52 वीक लो के करीब आते ही अचानक तेजी में आ गए. 1,734 करोड़ रुपये का NHAI प्रोजेक्ट मिलने के बाद निवेशकों ने खरीदारी शुरू कर दी. गिरावट के बीच यह स्टॉक अब फिर से फोकस में आ गया है.
शेयर बाजार में कई बार सबसे ज्यादा दिलचस्प मौके वहीं बनते हैं, जहां डर ज्यादा होता है. KNR Construction के शेयर के साथ भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला. जैसे ही स्टॉक अपने 52 हफ्तों के निचले स्तर के करीब पहुंचा, निवेशक अचानक एक्टिव हो गए और खरीदारी का माहौल बन गया.
सोमवार को KNR Construction का शेयर तेजी के साथ 123 रुपये तक पहुंच गया. यानी 112 रुपये के स्तर पर खुला स्टॉक 9 फीसदी से ज्यादा उछल गया. हालांकि दोपहर 1 बजे तक इसमें थोड़ी गिरावट आई और यह 118 रुपये पर ट्रेड करता दिखा. यह स्तर इसके 52 वीक लो 108 रुपये के काफी करीब है, जिससे वैल्यू बायिंग देखने को मिली.
1734 करोड़ का बड़ा सरकारी कॉन्ट्रैक्ट
इस तेजी के पीछे सबसे बड़ी वजह कंपनी को मिला ₹1,734 करोड़ का NHAI प्रोजेक्ट है. कंपनी को तेलंगाना में NH-167 के 80 किलोमीटर हिस्से को चार लेन में अपग्रेड करने का काम मिला है, जो हाइब्रिड एन्युटी मॉडल (HAM) पर होगा.
यह प्रोजेक्ट Gudebellur से Mahabubnagar तक फैला है और इसका निर्माण 730 दिनों में पूरा किया जाएगा. इसके बाद 15 साल तक ऑपरेशन और मेंटेनेंस भी कंपनी के जिम्मे रहेगा. इससे कंपनी को लंबी अवधि की कमाई का रास्ता मिलेगा.
यह भी पढ़ें: DAC Approval से डिफेंस सेक्टर के बुरे दिन खत्म? 8% तक उछला Ideaforge Tech, जानें HAL-BEL-GRSE का हाल
गिरावट के बाद क्यों टूटी निवेशकों की भीड़
पिछले कुछ समय से KNR Construction के शेयर दबाव में थे. कमजोर नतीजों और घटते मुनाफे के कारण निवेशकों का भरोसा कम हुआ था. लेकिन इतना बड़ा ऑर्डर मिलने के बाद बाजार को कंपनी की ग्रोथ पर फिर से भरोसा दिखा.
कंपनी का ऑर्डर बुक पहले से मजबूत है और इस नए प्रोजेक्ट से इसमें और इजाफा होगा.मार्केट एक्सपर्ट के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट से आने वाले 2-3 साल के लिए रेवेन्यू विजिबिलिटी बेहतर हो सकती है, जो स्टॉक के लिए पॉजिटिव संकेत है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
