इस कंस्ट्रक्शन कंपनी को NHAI से मिला काम, ₹1734 करोड़ का है प्रोजेक्ट; सोमवार को दिख सकती है हलचल
इस कंस्ट्रक्शन कंपनी को NHAI से 1,734 करोड़ रुपये का बड़ा हाईवे प्रोजेक्ट मिला है, लेकिन कमजोर तिमाही नतीजों और गिरते शेयर के बीच निवेशकों की नजर अब स्टॉक की अगली चाल पर है. कंपनी ने इसके बारे में डिटेल में बताया है. इससे इतर, कंपनी के शेयर पिछले कुछ समय से लगातार टूट रहे हैं. देखें डिटेल्स.
KNR Construction Bagged Order: इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की प्रमुख कंपनी KNR Constructions Ltd. को एक बड़ा प्रोजेक्ट हासिल हुआ है, जिससे कंपनी को आने वाले समय में ऑर्डर बुक मजबूत होने की उम्मीद है. कंपनी ने शनिवार, 28 मार्च को जानकारी दी कि उसे नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) से करीब 1,734 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट मिला है. इस ऑर्डर अपडेट के बाद सोमवार, 30 मार्च को कंपनी के शेयरों में हलचल दिख सकती है.
प्रोजेक्ट के बारे में?
यह प्रोजेक्ट तेलंगाना में NH-167 के गुडेबेल्लूर से महबूबनगर सेक्शन के फोर-लेन निर्माण से जुड़ा है. यह हिस्सा हैदराबाद-पनजी कॉरिडोर का अहम भाग है और इसे हाइब्रिड एन्युटी मोड (HAM) के तहत विकसित किया जाएगा. इस प्रोजेक्ट की कुल लंबाई करीब 80 किलोमीटर है, जो क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएगी.
वित्तीय स्थिति कैसी है?
हालांकि, जहां एक ओर कंपनी को नया प्रोजेक्ट मिला है, वहीं दूसरी ओर हालिया वित्तीय प्रदर्शन कमजोर रहा है. चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में KNR Constructions के मुनाफे में तेज गिरावट दर्ज की गई. कंपनी का नेट प्रॉफिट 58.7 फीसदी घटकर 102.8 करोड़ रुपये रह गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 248.6 करोड़ रुपये था. राजस्व में भी गिरावट देखने को मिली है. तीसरी तिमाही में कंपनी की आय 12.4 फीसदी घटकर 743.2 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 848 करोड़ रुपये थी. इससे साफ है कि कंपनी के ऑपरेशनल परफॉर्मेंस पर दबाव बना हुआ है.
ऑपरेटिंग स्तर पर भी दिखी कमजोरी!
ऑपरेटिंग स्तर पर भी कमजोरी नजर आई. कंपनी का EBITDA 34.8 फीसदी गिरकर 166.7 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले साल 256 करोड़ रुपये था. इसके साथ ही EBITDA मार्जिन भी घटकर 22.4 फीसदी रह गया, जबकि एक साल पहले यह 30.1 फीसदी था. मार्जिन में यह गिरावट लागत बढ़ने और प्रोजेक्ट एग्जीक्यूशन में दबाव का संकेत देती है.
स्टॉक का क्या है हाल?
शेयर बाजार में भी कंपनी के प्रदर्शन पर असर देखने को मिला है. KNR Constructions का शेयर पिछले कारोबारी सत्र यानी शुक्रवार, 27 मार्च को करीब 5.35 फीसदी गिरकर 109.62 रुपये पर बंद हुआ. वहीं, साल 2026 में अब तक यह स्टॉक करीब 32.6 फीसदी तक टूट चुका है, जो निवेशकों की चिंता को दर्शाता है. वहीं, 6 महीने के दौरान इसमें तकरीबन 45 फीसदी की गिरावट आई है. कंपनी का मार्केट कैप 3,085 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.
ये भी पढ़ें- SEBI का बड़ा फैसला, गोल्ड ETF में फ्यूचर्स को मिली मंजूरी; जानें क्या होगा बदलाव
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
