Bonus Share: हर 1 पर 3 शेयर फ्री दे रही ये कंपनी, 16 साल बाद बोनस इश्यू का ऐलान; नोट करें रिकॉर्ड डेट

इस कंपनी ने अपने शेयरधारकों को 1:3 रेशियो में बोनस शेयर देने का ऐलान किया है. कंपनी ने इसके लिए रिकॉर्ड डेट भी कर दिया है. इसके तहत पात्र निवेशकों को हर 1 शेयर पर 3 अतिरिक्त शेयर मिलेंगे. जानें कैसा है शेयरों का हाल.

बोनस शेयर Image Credit: TV9 Bharatvarsh

Triton Valves Bonus Share: ऑटो कंपोनेंट सेक्टर की कंपनी Triton Valves ने अपने शेयरधारकों के लिए बड़ा ऐलान किया है. कंपनी 1:3 के रेशियो में बोनस शेयर जारी करने जा रही है. यानी जिन निवेशकों के पास कंपनी का 1 शेयर है, उन्हें 3 अतिरिक्त शेयर मुफ्त में मिलेंगे. इस कॉरपोरेट एक्शन से निवेशकों की होल्डिंग बढ़ेगी और शेयर की लिक्विडिटी में भी सुधार आने की संभावना है.

क्या है रिकॉर्ड डेट?

कंपनी ने इस बोनस इश्यू के लिए 1 अप्रैल को रिकॉर्ड डेट निर्धारित किया है. इसका मतलब है कि इस तारीख तक जिन निवेशकों के नाम कंपनी के रजिस्टर ऑफ मेंबर्स या डिपॉजिटरी के रिकॉर्ड में लाभार्थी मालिक के रूप में दर्ज होंगे, वही बोनस शेयर पाने के पात्र होंगे. ऐसे में निवेशकों को इस तारीख से पहले शेयर होल्ड करना जरूरी होगा.

फरवरी में हुआ था ऐलान, 2010 के बाद पहली बार

Triton Valves ने इस बोनस इश्यू की घोषणा फरवरी 2026 में की थी. गौरतलब है कि कंपनी इससे पहले साल 2010 में बोनस शेयर जारी कर चुकी है. लंबे अंतराल के बाद कंपनी का यह कदम निवेशकों के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है.

शेयर की मौजूदा स्थिति और वैल्यूएशन

कंपनी के शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है, जबकि BSE पर इसका मौजूदा बाजार भाव करीब 3432.55 रुपये के आसपास है. कंपनी का मार्केट कैप लगभग 440 करोड़ रुपये है, जो इसे स्मॉल-कैप कैटेगरी में रखता है. पिछले तीन महीनों में शेयर ने करीब 12 फीसदी की बढ़त दर्ज की है, जो निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी को दर्शाता है. वहीं, 52 सप्ताह के दौरान शेयर ने 3,750 रुपये का उच्च स्तर और 2,522 रुपये का निचला स्तर छुआ है. साल भर के दौरान इसमें तकरीबन 17 फीसदी की तेजी आई है. वहीं, 3 साल के दौरान इसमें 140 फीसदी की तेजी दर्ज की गई है. 5 साल के दौरान स्टॉक का भाव 268 फीसदी तक उछला है.

कंपनी का बिजनेस और इतिहास

Triton Valves ऑटो कंपोनेंट और इक्विपमेंट सेक्टर में काम करती है और इसकी स्थापना 1975 में एम.वी. गोकर्ण द्वारा की गई थी. कंपनी टायर वाल्व और संबंधित उत्पादों के निर्माण में सक्रिय है और घरेलू के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी उपस्थिति रखती है.

वित्तीय प्रदर्शन पर एक नजर

वित्तीय मोर्चे पर कंपनी का प्रदर्शन मिश्रित रहा है. अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 107.12 करोड़ रुपये रहा, जबकि शुद्ध लाभ 1.86 करोड़ रुपये दर्ज किया गया. वहीं पूरे वित्त वर्ष 2025 की बात करें तो कंपनी ने 381.40 करोड़ रुपये का स्टैंडअलोन रेवेन्यू और 6.60 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया. आंकड़े यह संकेत देते हैं कि कंपनी की आय स्थिर है, हालांकि मुनाफे के स्तर पर सुधार की गुंजाइश बनी हुई है.

ये भी पढ़ें- अप्रैल में इन 3 कंपनियों में दिखेगा कॉरपोरेट एक्शन, बोनस से लेकर स्टॉक स्प्लिट तक का ऐलान; निवेशक रखें नजर

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.