हरे निशान में खुला बाजार, निफ्टी 25570 के पार और 500 अंक चढ़ा सेंसेक्स; USA की खबर से टूटे सोलर शेयर

बुधवार को शेयर बाजार बढ़त के साथ खुला. सेंसेक्स 500 से अधिक अंक चढ़कर 82,700 के पार निकल गया और निफ्टी भी 25,570 के ऊपर ट्रेड करता दिखा. आईटी और पावर शेयरों में खरीदारी से तेजी आई. टेक महिंद्रा, TCS और HCL Tech में उछाल रहा, जबकि बजाज फाइनेंस, मारुति और एशियन पेंट्स में हल्की गिरावट दिखी. अमेरिकी इम्पोर्ट ड्यूटी बढ़ने की खबर से सोलर शेयर धड़ाम हो गए.

शेयर मार्केट Image Credit: @Money9live

भारतीय शेयर बाजार ने बुधवार (25 फरवरी) को बढ़त के साथ शुरुआत की. शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 500 से अधिक अंक चढ़कर 82,700 पहुंच गया, जबकि निफ्टी 50 भी 145 अंकों की बढ़त लेकर 25,570 के स्तर से आगे ट्रेड करता दिखा. सेंसेक्स मंगलवार 82,225.92 पर बंद हुआ था और आज यह 82,530.12 पर खुला. बाजार में आईटी और पावर शेयरों में खरीदारी से तेजी को सहारा मिला. वहीं, भारत से इम्पोर्ट होने वाले सोलर पैनलों पर अमेरिका में 126 फीसदी की भारी ड्यूटी लगाने के प्रस्ताव की खबर से सोलर शेयरों में तेज गिरावट देखने को मिली. वारी एनर्जी और प्रीमियर एनर्जी के शेयरों में लोअर सर्किट लग गया.

सोलर शेयर हुए धड़ाम

अमेरिकी ड्यूटी की खबरों के बीच सोलर सेक्टर के शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिली. Waaree Energies Ltd का शेयर 437.75 रुपये यानी करीब 15% गिरकर 2587.45 रुपये पर आ गया. Premier Energies Ltd भी 77.75 रुपये यानी 10% टूटकर 700.05 रुपये पर ट्रेड करता दिखा. वहीं Vikram Solar Ltd का शेयर 11.90 रुपये (6.42%) गिरकर 173.45 रुपये पर पहुंच गया. सोलर निर्यात से जुड़ी कंपनियों में यह गिरावट अमेरिकी बाजार में संभावित असर की आशंका के चलते देखी जा रही है.

सेंसेक्स के शेयरों का हाल

आईटी सेक्टर सबसे ज्यादा चमक देखने को मिली. टेक महिंद्रा करीब 2.58% चढ़कर 1381.25 रुपये पर पहुंचा, जबकि TCS 2.38% और HCL Tech 2.36% की बढ़त के साथ ट्रेड करते दिखे. इंफोसिस भी करीब 2% चढ़ा.

पावर और पीएसयू शेयरों में भी खरीदारी रही. Power Grid 1.64% और NTPC 1.19% मजबूत रहे. इंडिगो, टाटा स्टील, ITC और सन फार्मा जैसे शेयरों में 0.7% से 1% तक की बढ़त दर्ज की गई. इसके अलावा ऑटो और बैंकिंग शेयरों में हल्की तेजी दिखी. M&M, ICICI Bank, HDFC Bank और Kotak Bank हरे निशान में रहे. रिलायंस और भारती एयरटेल में भी मामूली बढ़त रही.

वहीं कुछ शेयरों में हल्की कमजोरी देखने को मिली. Bajaj Finance 0.43% गिरा, जबकि Asian Paints, Maruti, SBI और UltraTech Cement भी लाल निशान में रहे.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.