3 महीने में बाजार में आएंगे 6.6 लाख करोड़ रुपये के शेयर, 88 IPO का लॉक-इन पीरियड होगा खत्म; निवेशक रखें नजर

आने वाले 3 महीनों में शेयर बाजार में बड़ी मात्रा में नए शेयर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो सकते हैं. Nuvama Wealth Management की रिपोर्ट के अनुसार मार्च से जून 2026 के बीच 88 कंपनियों के IPO का लॉक-इन पीरियड खत्म होने वाला है. इसके बाद करीब 72 अरब डॉलर यानी लगभग 6.6 लाख करोड़ रुपये के शेयर बाजार में अनलॉक हो सकते हैं.

शेयर मार्केट Image Credit: money9live.com

IPO Lock-in Period India: आने वाले 3 महीनों में शेयर बाजार में बड़ी मात्रा में नए शेयर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो सकते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक मार्च से जून 2026 के बीच 88 कंपनियों के IPO का लॉक-इन पीरियड खत्म होने वाला है, जिससे करीब 6.6 लाख करोड़ रुपये के शेयर बाजार में ट्रेडिंग के लिए खुल सकते हैं. Nuvama Wealth Management की रिपोर्ट के अनुसार प्री-लिस्टिंग निवेशकों के लिए लगाए गए लॉक-इन पीरियड के खत्म होने के बाद लगभग 72 अरब डॉलर (करीब 6.6 लाख करोड़ रुपये) कीमत के शेयर बाजार में उपलब्ध हो सकते हैं.

लॉक-इन खत्म होने पर ट्रेडिंग के लिए खुलेंगे शेयर

IPO के बाद शुरुआती निवेशकों और प्रमोटरों पर एक निश्चित समय तक शेयर बेचने की पाबंदी होती है, जिसे लॉक-इन पीरियड कहा जाता है. जब यह अवधि समाप्त होती है, तब ये शेयर बाजार में ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाते हैं. हालांकि रिपोर्ट में कहा गया है कि सभी शेयर तुरंत बाजार में नहीं बिकेंगे, क्योंकि इनमें से बड़ी हिस्सेदारी प्रमोटरों और प्रमोटर समूह के पास होती है, जो आम तौर पर लंबे समय तक निवेश बनाए रखते हैं.

बाजार में बढ़ सकती है अस्थिरता

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच शेयर बाजार पहले से ही अस्थिरता का सामना कर रहा है. ऐसे में बड़ी मात्रा में शेयर बाजार में आने से बाजार में उतार-चढ़ाव और बढ़ सकता है.

कई IPO अभी इश्यू प्राइस से नीचे

रिपोर्ट के अनुसार 2026 में लॉन्च हुए करीब 66 प्रतिशत IPO फिलहाल अपने इश्यू प्राइस से नीचे ट्रेड कर रहे हैं. इससे पता चलता है कि मौजूदा समय में निवेशकों का रुख थोड़ा सतर्क बना हुआ है.

मार्च में कई कंपनियों के शेयर होंगे अनलॉक

मार्च में कई कंपनियों के 1 महीने के लॉक-इन पीरियड खत्म होने वाले हैं. 16 मार्च को Fractal Analytics के करीब 7 मिलियन शेयर और Aye Finance के लगभग 18 मिलियन शेयर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएंगे. इसके अलावा 27 मार्च को Gaudium IVF and Women Health के करीब 3 मिलियन शेयर बाजार में आएंगे. वहीं 30 मार्च को PNGS Reva Diamond Jewellery और Clean Max Enviro Energy Solutions के शेयर भी ट्रेडिंग के लिए खुलेंगे.

तीन महीनों में कई बड़ी कंपनियों का लॉक-इन खत्म

अगले 3 महीनों में करीब 16 कंपनियों के 3 महीने के लॉक-इन पीरियड भी खत्म होंगे. इनमें Wakefit Innovations, Park Medi World, ICICI Prudential AMC, Bharat Coking Coal, Shadowfax Technologies और Fractal Analytics जैसी कंपनियां शामिल हैं.

एक्सपर्ट्स का कहना है कि लॉक-इन खत्म होने के बाद शेयर बाजार पर वास्तविक असर इस बात पर निर्भर करेगा कि शुरुआती निवेशक अपने शेयर बेचते हैं या लंबे समय तक निवेश बनाए रखते हैं.

यह भी पढ़ें: LPG संकट से देश के दो बड़े क्लाउड किचन बंद, 5000 में भी नहीं मिल रही गैस, सोशल मीडिया पर छलका दर्द

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.