MCX में तकनीकी गड़बड़ी पर Zerodha का अलर्ट; कहा- यूजर्स के ऑर्डर हो सकते हैं रिजेक्ट, इन बातों का रखें ध्यान

MCX में 6 मई को तकनीकी गड़बड़ी देखने को मिली, जिससे कई ब्रोकर्स के जरिए ऑर्डर प्लेसमेंट प्रभावित हुआ. Zerodha ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि एक्सचेंज में इंटरमिटेंट तकनीकी समस्या के कारण कुछ ऑर्डर रिजेक्ट हो सकते हैं या ऑर्डर स्टेटस अपडेट में देरी हो सकती है. कंपनी ने कमोडिटी ट्रेडर्स को सतर्कता के साथ ट्रेडिंग करने की सलाह दी.

जीरोधा Image Credit: GettyImages

कमोडिटी मार्केट में बुधवार को उस समय हलचल बढ़ गई, जब भारत के प्रमुख कमोडिटी एक्सचेंज Multi Commodity Exchange of India (MCX) में तकनीकी गड़बड़ी की खबर सामने आई. इस समस्या का असर कई ब्रोकर्स के जरिए होने वाली ट्रेडिंग पर पड़ा, जिसके बाद देश की बड़ी ब्रोकरेज कंपनी Zerodha ने अपने यूजर्स के लिए अलर्ट जारी किया. कंपनी ने कहा कि तकनीकी समस्या के चलते कुछ ऑर्डर रिजेक्ट हो सकते हैं या फिर ऑर्डर स्टेटस अपडेट में देरी देखने को मिल सकती है.

Zerodha ने यूजर्स को दी सावधानी बरतने की सलाह

Zerodha ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि MCX में इंटरमिटेंट तकनीकी दिक्कत आ रही है, जिसका असर अलग-अलग ब्रोकर्स पर देखा जा रहा है. कंपनी ने कमोडिटी सेगमेंट में ट्रेड करने वाले निवेशकों और ट्रेडर्स को सलाह दी कि समस्या पूरी तरह ठीक होने तक सावधानी के साथ ट्रेडिंग करें.

एक्सचेंज की ओर से नहीं आया आधिकारिक बयान

ब्रोकरेज फर्म ने यह भी बताया कि वह इस तकनीकी समस्या को जल्द सुलझाने के लिए MCX के लगातार संपर्क में है. हालांकि खबर लिखे जाने तक एक्सचेंज की ओर से अपनी वेबसाइट या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस गड़बड़ी के कारण या समाधान के समय को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई.

सोशल मीडिया पर यूजर्स ने की शिकायतें

इस बीच सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने ऑर्डर प्लेसमेंट फेल होने, ऑर्डर कन्फर्मेशन में देरी और गलत ऑर्डर स्टेटस दिखने जैसी शिकायतें कीं. ऐसी ही दिक्कतें Angel One समेत दूसरे ब्रोकरेज प्लेटफॉर्म्स पर भी देखने को मिलीं.

हालांकि शाम करीब 5:30 बजे Zerodha ने एक और अपडेट जारी कर कहा कि MCX में आई तकनीकी समस्या अब काफी हद तक स्थिर होती दिख रही है. कंपनी के मुताबिक ऑर्डर और स्टेटस अपडेट सामान्य रूप से दिखाई देने चाहिए, लेकिन इसके बावजूद ट्रेडर्स को सावधानी के साथ ट्रेडिंग करने की सलाह दी गई है.

MCX के कारोबार में दिखी मजबूत बढ़त

MCX भारत का प्रमुख कमोडिटी एक्सचेंज है. Q3FY26 में इसके फ्यूचर्स का औसत दैनिक कारोबार 84,472 करोड़ रहा रुपये, जो सालाना आधार पर 202 फीसदी और तिमाही आधार पर 102 फीसदी बढ़ा. वहीं ऑप्शंस प्रीमियम का औसत दैनिक कारोबार 100 फीसदी सालाना और 73 फीसदी तिमाही बढ़कर 7,104 करोड़ पहुंच गया.

इसे भी पढ़ें- अमेरिका-ईरान वार्ता से बदला ऑयल मार्केट का मूड, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी; WTI $95 के नीचे, Brent भी 6.63% लुढ़का