OFS के ऐलान से इस शेयर में भारी बिकवाली, सरकार ₹4300 करोड़ जुटाने की तैयारी में, रखें शेयरों पर नजर
Department of Investment and Public Asset Management (DIPAM) ने सोमवार को NHPC में हिस्सेदारी बिक्री के लिए OFS की घोषणा की. सरकार शुरुआत में कंपनी की 3 फीसदी हिस्सेदारी बेच रही है. इसके साथ ही 3 फीसदी अतिरिक्त हिस्सेदारी बेचने का Green Shoe Option भी रखा गया है, जिसे मजबूत मांग मिलने पर इस्तेमाल किया जा सकता है

सरकारी हाइड्रोपावर कंपनी NHPC Limited के शेयरों में मंगलवार को दबाव देखने को मिला. सरकार द्वारा कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बेचने के लिए Offer for Sale (OFS) लॉन्च किए जाने के बाद शेयर 4 फीसदी से ज्यादा टूट गया. कारोबार के दौरान NHPC का शेयर 74.07 रुपये तक फिसल गया, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 4.05 फीसदी की गिरावट दर्शाता है. पिछले दो कारोबारी सत्रों में शेयर 6 फीसदी से ज्यादा टूट चुका है. लंबी अवधि की बात करें तो पिछले एक साल में शेयर करीब 15 फीसदी गिरा है.
सरकार बेच रही है 6 फीसदी तक हिस्सेदारी
Department of Investment and Public Asset Management (DIPAM) ने सोमवार को NHPC में हिस्सेदारी बिक्री के लिए OFS की घोषणा की. सरकार शुरुआत में कंपनी की 3 फीसदी हिस्सेदारी बेच रही है. इसके साथ ही 3 फीसदी अतिरिक्त हिस्सेदारी बेचने का Green Shoe Option भी रखा गया है, जिसे मजबूत मांग मिलने पर इस्तेमाल किया जा सकता है. OFS में गैर-खुदरा (Non-Retail) निवेशकों के लिए बिडिंग की प्रक्रिया 2 जून से शुरू हुई है, जबकि खुदरा निवेशक 3 जून को इसमें हिस्सा ले सकेंगे.
8 फीसदी डिस्काउंट पर मिला OFS का मौका
सरकार ने OFS के लिए फ्लोर प्राइस 71 रुपये प्रति शेयर तय किया है. यह कीमत NHPC के पिछले बंद भाव के मुकाबले करीब 8 फीसदी कम है. यही वजह है कि बाजार में शेयर पर दबाव देखने को मिला, क्योंकि OFS आमतौर पर बाजार भाव से छूट पर पेश किया जाता है.
सरकार जुटा सकती है 4,300 करोड़ रुपये
CNBC-TV18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, OFS के जरिए 3 फीसदी हिस्सेदारी बिक्री का बेस इश्यू साइज करीब 2,139.59 करोड़ रुपये का है. यदि Green Shoe Option भी पूरी तरह इस्तेमाल होता है, तो सरकार लगभग इतनी ही अतिरिक्त राशि जुटा सकती है. ऐसे में कुल मिलाकर इस हिस्सेदारी बिक्री से सरकार करीब 4,300 करोड़ रुपये तक जुटा सकती है. मार्च 2026 तिमाही के अंत तक NHPC में सरकार की हिस्सेदारी 67.4 फीसदी थी. यह कदम सरकार के विनिवेश (Disinvestment) कार्यक्रम का हिस्सा है. हाल के हफ्तों में सरकार Coal India और Central Bank of India में भी हिस्सेदारी बिक्री कर चुकी है.
मजबूत नतीजों के बाद आया OFS
दिलचस्प बात यह है कि OFS का ऐलान ऐसे समय हुआ है जब NHPC ने हाल ही में मजबूत तिमाही नतीजे पेश किए हैं. Q4 FY26 में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 68.5 फीसदी बढ़कर 1,549 करोड़ रुपये पहुंच गया. वहीं कंपनी की आय 20 फीसदी बढ़कर 2,816 करोड़ रुपये रही. मजबूत नतीजों के बावजूद OFS के कारण शेयर में बिकवाली देखने को मिली है.
भारत की प्रमुख Hydropower कंपनी
करीब 74,500 करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ NHPC देश की सबसे बड़ी हाइड्रोपावर कंपनियों में शामिल है. कंपनी जलविद्युत परियोजनाओं के विकास, संचालन और बिजली उत्पादन के क्षेत्र में प्रमुख भूमिका निभाती है तथा भारत के ऊर्जा क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देती है.
शेयर का प्रदर्शन
मंगलवार के कारोबार में NHPC का शेयर 4.09 फीसदी की गिरावट के साथ 74.04 रुपये पर कारोबार कर रहा था.
पिछले 1 सप्ताह में गिरावट: 6.3 फीसदी
पिछले 3 महीने में गिरावट: 1.71 फीसदी
पिछले 1 साल में गिरावट: 15.3 फीसदी
इसे भी पढ़ें- गिरते बाजार में तहलका मचा रहा ये शेयर! 18% की आई रैली, 52-वीक लो से लगातार भाग रहा स्टॉक
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.