इस लॉजिस्टिक्स शेयर ने भरी उड़ान, लगा अपर सर्किट, बायबैक के ऐलान से मिला बूस्ट; भाव ₹20 से कम

कंपनी ने मार्केट प्राइस से प्रीमियम पर शेयर बायबैक का ऐलान किया है. पिछले तीन महीनों में यह शेयर करीब 76 फीसदी का रिटर्न दे चुका है. कंपनी ने 30 जून 2026 को रिकॉर्ड डेट तय किया है. इसी तारीख के आधार पर यह तय होगा कि कौन से शेयरधारक बायबैक में हिस्सा लेने के पात्र होंगे.

Stock under 20 rupees Image Credit: Canva

गुरुवार को शेयर बाजार में हल्की तेजी के बीच Patel Integrated Logistics के शेयर निवेशकों की नजर में रहे. कंपनी का शेयर 5 फीसदी के अपर सर्किट के साथ 15.96 रुपये पर पहुंच गया. कंपनी ने मार्केट प्राइस से प्रीमियम पर शेयर बायबैक का ऐलान किया है. पिछले तीन महीनों में यह शेयर करीब 76 फीसदी का रिटर्न दे चुका है. कंपनी ने 30 जून 2026 को रिकॉर्ड डेट तय किया है. इसी तारीख के आधार पर यह तय होगा कि कौन से शेयरधारक बायबैक में हिस्सा लेने के पात्र होंगे.

10.80 करोड़ रुपये के बायबैक को मंजूरी

कंपनी के बोर्ड ने 60 लाख इक्विटी शेयरों के बायबैक को मंजूरी दी है. प्रत्येक शेयर का फेस वैल्यू 10 रुपये है और बायबैक कीमत 18 रुपये प्रति शेयर तय की गई है. यह बायबैक टेंडर ऑफर के जरिए किया जाएगा. इसका कुल आकार 10.80 करोड़ रुपये होगा. इसके लिए कंपनी अपने फ्री रिजर्व, कैश बैलेंस और इंटरनल एक्रुअल्स का इस्तेमाल करेगी. बायबैक का भाव 18 रुपये है, जो शेयर के मौजूदा अपर सर्किट भाव 15.96 रुपये से करीब 13 फीसदी ज्यादा है. इससे योग्य शेयरधारकों को प्रीमियम पर अपने शेयर बेचने का मौका मिलेगा.

कंपनी बायबैक क्यों कर रही है?

कंपनी के बोर्ड का कहना है कि कंपनी का मानना है कि मौजूदा बाजार भाव उसके वास्तविक मूल्य को पूरी तरह नहीं दर्शाता. बायबैक से कंपनी अपनी कैपिटल स्ट्रक्चर को बेहतर बनाना चाहती है. इससे EPS (अर्निंग पर शेयर) और अन्य फाइनेंशियल रेशियो मजबूत होने की उम्मीद है. साथ ही शेयरधारकों को प्रीमियम पर एग्जिट का विकल्प भी मिलेगा. कंपनी का कहना है कि भविष्य की ग्रोथ और कारोबार के लिए पर्याप्त नकदी भी बनी रहेगी.

कंपनी क्या करती है?

Patel Integrated Logistics Ltd देश की प्रमुख इंटीग्रेटेड लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन कंपनियों में शामिल है. कंपनी मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्टेशन, वेयरहाउसिंग, फ्रेट फॉरवर्डिंग, थर्ड पार्टी लॉजिस्टिक्स (3PL) और एंड-टू-एंड सप्लाई चेन मैनेजमेंट जैसी सेवाएं देती है. देशभर में फैले अपने नेटवर्क के जरिए कंपनी कई उद्योगों को लॉजिस्टिक्स सेवाएं उपलब्ध कराती है और लगातार अपने कारोबार का विस्तार कर रही है.

इसे भी पढ़ें- इस हेल्थकेयर स्टॉक पर आया बड़ा अपडेट, 3 महीने में 38% भागे शेयर, मुकुल अग्रवाल ने खरीदा 2500000 शेयर

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.