3 हिस्सों में बंटा Quess Corp, शेयर लुढ़का 52 वीक लो के पास, दिग्गजों ने लगाया है दांव, आप क्या करेंगे?
Quess Corp का शेयर 32% टूट चुका है, लेकिन मुनाफे में वापसी ने नई उम्मीद जगाई है. तीन हिस्सों में बंटने के बाद कंपनी अब नई चुनौती और मौके के बीच खड़ी है. क्या यह गिरावट खरीदारी का मौका है या आगे और जोखिम बाकी है, यही सवाल निवेशकों के मन में है.
शेयर बाजार में कई बार गिरावट सिर्फ कमजोरी की कहानी नहीं होती, बल्कि बदलाव के दौर का संकेत भी देती है. Quess Corp लिमिटेड का मौजूदा हाल कुछ ऐसा ही दिखता है. एक समय तेजी से बढ़ने वाली यह कंपनी अब तीन हिस्सों में बंटने के बाद नई पहचान बनाने की कोशिश में है. मुनाफे में सुधार के बावजूद शेयर कीमत में आई गिरावट यह बताती है कि निवेशक अभी भरोसा करने से पहले ठोस प्रदर्शन का इंतजार कर रहे हैं.
क्या करती है कंपनी?
साल 2007 में स्थापित क्वेस कॉर्प लिमिटेड देश की बड़ी बिजनेस सर्विस कंपनियों में शामिल है. यह कंपनी आउटसोर्सिंग के जरिए कंपनियों की प्रोडक्शन बढ़ाने में मदद करती है. 2,500 करोड़ रुपये के मार्केट कैप से ज्यादा की कीमत रखने वाली यह कंपनी 3,000 से ज्यादा क्लाइंट्स को सेवाएं देती है और हेडकाउंट के आधार पर दुनिया की टॉप 5 स्टाफिंग कंपनियों में गिनी जाती है.
कंपनी में दिग्गज निवेशक आशीष धवन की 4% हिस्सेदारी है, वहीं टाटा स्मॉल कैप म्यूचुअल फंड के पास करीब 8% हिस्सेदारी है. बड़े निवेशकों की मौजूदगी आम तौर पर भरोसे का संकेत मानी जाती है.
मुनाफे में सुधार, लेकिन चुनौतियां बरकरार
हाल के क्वार्टर में कंपनी के प्रदर्शन में सुधार दिखा है और घाटे से मुनाफे में वापसी हुई है.
तिमाही आधार पर मुनाफा (₹ करोड़)
| Quarter | Mar’25 | Jun’25 | Sep’25 | Dec’25 |
|---|---|---|---|---|
| Profit | -95 | 51 | 52 | 55 |
हालांकि लंबी अवधि के आंकड़े अभी भी चिंता पैदा करते हैं, खासकर EBITDA और नेट प्रॉफिट में गिरावट.
सालाना EBITDA (₹ करोड़)
| Year | FY20 | FY21 | FY22 | FY23 | FY24 | FY25 |
|---|---|---|---|---|---|---|
| EBITDA | 50 | 449 | 624 | 589 | 700 | 263 |
सालाना नेट प्रॉफिट (₹ करोड़)
| Year | FY20 | FY21 | FY22 | FY23 | FY24 | FY25 |
|---|---|---|---|---|---|---|
| Net Profit | -432 | 74 | 251 | 223 | 280 | 46 |
FY26 के पहले 9 महीनों में कंपनी 158 करोड़ रुपये का मुनाफा कमा चुकी है, जिससे साल के अंत तक बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद बनती है.
डिमर्जर का असर और शेयर में गिरावट
अप्रैल 2025 में कंपनी को तीन हिस्सों में बांटा गया, वर्कफोर्स मैनेजमेंट के लिए क्वेस कॉर्प, BPM और इंश्योरटेक बिजनेस के लिए डिजिटाइड सॉल्यूशंस, और फैसिलिटी मैनेजमेंट के लिए ब्लूस्प्रिंग एंटरप्राइजेज. इस डिमर्जर के बाद निवेशकों में अनिश्चितता बढ़ी है, जिसे बाजार “कॉम्प्लेक्सिटी डिस्काउंट” के रूप में देख रहा है.
पिछले 6 महीनों में कंपनी के शेयर में करीब 32% की गिरावट आई है और यह 260 रुपये से गिरकर 174 रुपये तक आ गया है, जो इसके 52 हफ्ते के निचले स्तर 167 रुपये के करीब है.
Quess Corp वैल्यूएशन
फिलहाल कंपनी का पीई रेशियो 12x है, जो इंडस्ट्री के 9x से थोड़ा ज्यादा है, लेकिन इसके 10 साल के औसत 20x से कम है. इसका मतलब है कि शेयर सस्ता तो दिख रहा है, लेकिन निवेशक अभी भी सतर्क हैं.
यह भी पढ़ें: सिगरेट से लेकर FMCG तक ITC की ताकत, लेकिन क्या मंदी में भी रहेगा नंबर वन? रिटर्न ऑन इक्विटी करीब 27%
मार्केट एक्सपर्ट के मुताबिक, निवेशकों को इंतजार है कि डिमर्जर के बाद बनी तीनों कंपनियों को खुद को साबित करें. जब तक ये इकाइयां अपने दम पर मजबूत प्रदर्शन नहीं दिखातीं, तब तक शेयर में बड़ी तेजी की मुश्किल लगती है. फिलहाल बाजार इंतजार की मुद्रा में है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
