IRFC के शेयरों में दिखेगी बड़ी हलचल, 4% तक हिस्सेदारी बेच रही सरकार, 25 फरवरी को OFS, बाजार भाव से सस्ता मिलेगा शेयर
केंद्र सरकार ने इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉर्पोरेशन (IRFC) में अपनी 4% हिस्सेदारी बेचने के लिए ऑफर फॉर सेल (OFS) लॉन्च किया है. इसमें 2% बेस ऑफर और 2% ग्रीन शू ऑप्शन शामिल है. शेयर की न्यूनतम कीमत 104 रुपये तय की गई है. यह कदम न्यूनतम पब्लिक शेयरहोल्डिंग नियमों को पूरा करने के लिए उठाया गया है.
IRFC OFS: केंद्र सरकार ने मंगलवार को Indian Railway Finance Corporation (IRFC) में अपनी हिस्सेदारी बेचने का ऐलान किया. सरकार कंपनी में 4% हिस्सा ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए बेचेगी. यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि कंपनी में आम निवेशकों की हिस्सेदारी बढ़ाई जा सके. मौजूदा वक्त में कंपनी में सरकार की हिस्सेदारी 86% से अधिक है. इस ओएफएस के बाद हिस्सेदारी घटकर लगभग 82% रह जाएगी.
4% हिस्सा बिकेगा, 104 रुपये तय हुई कीमत
सरकार 2% हिस्सेदारी सीधे बेचेगी और 2% हिस्सा ग्रीन शू ऑप्शन के तौर पर रखेगी. कंपनी ने बताया है कि शेयर की न्यूनतम कीमत (फ्लोर प्राइस) 104 रुपये प्रति शेयर रखी गई है.
यह ऑफर बुधवार को बड़े निवेशकों के लिए और गुरुवार को रिटेल निवेशकों के लिए खुलेगा. फिलहाल सरकार के पास IRFC में 86.36% हिस्सेदारी है. नियमों के मुताबिक किसी भी लिस्टेड कंपनी में कम से कम 25% हिस्सेदारी आम लोगों के पास होनी चाहिए. इसी नियम को पूरा करने के लिए सरकार यह कदम उठा रही है.
शेयर में गिरावट
घोषणा के बाद शेयर बाजार में IRFC के शेयर में गिरावट देखी गई. शेयर 2.10% गिरकर 109.44 रुपये पर बंद हुआ. वहीं, Nifty 50 में 1.12% की गिरावट आई. पिछले एक साल में IRFC का शेयर करीब 11.31% गिर चुका है. इस साल की शुरुआत से अब तक भी शेयर में लगभग 12% की गिरावट आई है. बीते पांच साल में इसने 338 फीसदी तक रिटर्न दिया है.
यह भी पढ़ें: आशीष धवन का इन दो कंपनियों पर दांव, 5 साल में 200% तक रिटर्न, 52-वीक हाई से 45% तक टूट चुके हैं शेयर
तीसरी तिमाही में मुनाफा बढ़ा
IRFC ने दिसंबर 2025 तिमाही में 1,802 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया. पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 1,631 करोड़ रुपये था. यानी इस बार करीब 10% की बढ़ोतरी हुई है. हालांकि कंपनी की कुल आय घटकर 6,719 करोड़ रुपये रही. अच्छी बात यह है कि कंपनी का खर्च भी कम हुआ है. कंपनी ने 60,000 करोड़ रुपये का सालाना लक्ष्य सिर्फ 9 महीने में पूरा कर लिया है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
