रिलायंस ने जोड़े ₹1.39 लाख करोड़, Airtel-TCS भी चमके, टॉप कंपनियों के मार्केट कैप में ₹2.20 लाख करोड़ का उछाल

बीते हफ्ते शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच टॉप कंपनियों के मार्केट कैप में बड़ा बदलाव देखने को मिला. रिलायंस, एयरटेल और टीसीएस ने जहां जबरदस्त बढ़त दर्ज की, वहीं HDFC Bank, SBI और ICICI Bank जैसी कंपनियों की वैल्यू में गिरावट आई.

शेयर मार्केट Image Credit: Canva/ Money9

भारतीय शेयर बाजार में बीते हफ्ते उतार-चढ़ाव के बीच भी चुनिंदा बड़ी कंपनियों ने निवेशकों को राहत दी. छुट्टियों के कारण छोटा रहा यह कारोबारी सप्ताह भले ही ज्यादा तेजी नहीं दिखा सका, लेकिन कुछ दिग्गज कंपनियों की मजबूत प्रदर्शन ने बाजार के मूड को संभालकर रखा. खासतौर पर रिलायंस इंडस्ट्रीज ने सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज कर निवेशकों का ध्यान खींचा.

सीमित तेजी, लेकिन बाजार में बना रहा संतुलन

बीते सप्ताह बीएसई सेंसेक्स में कुल 249.29 अंकों यानी 0.32 फीसदी की बढ़त दर्ज हुई. बाजार में शुरुआत सकारात्मक रही, जिसे भू-राजनीतिक तनाव में कमी और चौथी तिमाही (Q4) के नतीजों ने सहारा दिया. हालांकि, हफ्ते के आगे बढ़ने के साथ ही कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें, एशियाई बाजारों से मिले कमजोर संकेत और विदेशी निवेशकों की बिकवाली ने तेजी पर ब्रेक लगा दिया.

इन कंपनियों ने बढ़ाया बाजार का कद

टॉप-10 कंपनियों में से चार कंपनियों ने मिलकर कुल 2.20 लाख करोड़ रुपये की मार्केट वैल्यू बढ़ाई. इसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे आगे रही, जिसकी वैल्यू 1.39 लाख करोड़ रुपये से अधिक बढ़ गई. इसके अलावा भारती एयरटेल, टीसीएस और बजाज फाइनेंस ने भी अच्छा प्रदर्शन किया और निवेशकों का भरोसा मजबूत किया.

इन दिग्गजों पर पड़ा दबाव

दूसरी ओर, छह बड़ी कंपनियों को मिलाकर करीब 1.24 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ. इसमें आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई और एचडीएफसी बैंक जैसी बैंकिंग कंपनियां शामिल रहीं. हिंदुस्तान यूनिलीवर, एलएंडटी और एलआईसी के शेयरों में भी गिरावट देखी गई, जिससे उनके मार्केट कैप में कमी आई.

कंपनियों का मार्केट कैप बदलाव (₹ करोड़ में)

कंपनी का नामबदलाव (₹ करोड़)दिशाकुल मार्केट कैप (₹ करोड़)
रिलायंस इंडस्ट्रीज+1,39,655.80बढ़त19,36,303.30
भारती एयरटेल+43,503.51बढ़त11,49,222.13
टीसीएस+27,569.83बढ़त8,94,933.95
बजाज फाइनेंस+9,432.32बढ़त5,83,123.13
आईसीआईसीआई बैंक-45,364.62गिरावट9,04,980.78
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया-30,922.57गिरावट9,85,829.96
एचडीएफसी बैंक-20,951.31गिरावट11,87,274.17
हिंदुस्तान यूनिलीवर-18,420.79गिरावट5,28,799.01
एलआईसी-8,222.49गिरावट5,04,798.07
लार्सन एंड टुब्रो-178.83गिरावट5,51,993.05

यह भी पढ़ें: Nifty Outlook 4 May: 24,300 पर अटका निफ्टी, चुनाव नतीजों के बीच क्या होगी बाजार की दिशा? जानें एक्सपर्ट्स प्लान

बाजार की चाल तय करने वाले फैक्टर

विशेषज्ञों का मानना है कि बाजार फिलहाल एक सीमित दायरे में फंसा हुआ है. कच्चे तेल की कीमतें, विदेशी निवेशकों की गतिविधियां और वैश्विक संकेत आगे भी बाजार की दिशा तय करेंगे. ऐसे माहौल में निवेशकों को सतर्क रहकर ही कदम उठाने की सलाह दी जा रही है.

बाजार भले ही ज्यादा उछाल नहीं दिखा पाया, लेकिन चुनिंदा कंपनियों के दम पर निवेशकों को उम्मीद की किरण जरूर मिली है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.

Latest Stories