अगले हफ्ते बाजार का मूड तय करेंगे ये 5 बड़े फैक्टर, Q4 नतीजों से लेकर तेल की कीमतों पर रहेगी नजर

अप्रैल के अंत में गिरावट के साथ बंद हुआ भारतीय शेयर बाजार अब नए हफ्ते में कई अहम संकेतों के बीच आगे बढ़ेगा. निवेशकों की नजर Q4 नतीजों, कच्चे तेल की कीमतों, रुपये की चाल, विदेशी निवेशकों के रुख और वैश्विक तनाव पर रहेगी. ये सभी फैक्टर मिलकर तय करेंगे कि बाजार में तेजी आएगी या दबाव बना रहेगा.

Share Market Next Week Image Credit: Canva/ Money9

5 Triggers For Share Market Next Week: भारतीय शेयर बाजार अप्रैल के आखिरी कारोबारी दिन गिरावट के साथ बंद हुआ. कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल, रुपये की गिरावट और वैश्विक अनिश्चितताओं ने निवेशकों का भरोसा कमजोर किया है. बीते हफ्ते में दोनों बेंचमार्क इंडेक्स Nifty और Sensex में मामूली तेजी आई. ऐसे में आने वाला हफ्ता बाजार के लिए काफी अहम रहने वाला है. इस रिपोर्ट में बाजार पर असर डालने वाले पांच ट्रिगर प्वाइंट के बारे में जानेंगे.



Q4 नतीजे रहेंगे सबसे बड़ा फैक्टर


इस हफ्ते मार्च 2026 तिमाही के नतीजों का सिलसिला तेज रहेगा. रिपोर्ट्स के अनुसार, 250 से ज्यादा कंपनियां अपने रिजल्ट जारी करेंगी. बड़ी कंपनियों के नतीजे बाजार की चाल तय करेंगे. अगर नतीजे अच्छे आते हैं तो बाजार में तेजी देखी जा सकती है, वरना गिरावट बढ़ सकती है.



अमेरिका-ईरान तनाव का असर


अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव बाजार के लिए चिंता का विषय है. अगर हालात बिगड़ते हैं या युद्ध जैसी स्थिति बनती है, तो इसका सीधा असर वैश्विक बाजारों पर पड़ेगा. निवेशक ऐसे समय में जोखिम लेने से बचते हैं, जिससे बाजार में गिरावट आ सकती है.



कच्चे तेल की कीमतें


कच्चे तेल की कीमतें अभी भी 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बनी हुई हैं. भारत जैसे देश के लिए महंगा तेल बड़ी समस्या है क्योंकि इससे महंगाई बढ़ती है और कंपनियों की लागत भी बढ़ती है. तेल की कीमतें अगर और बढ़ती हैं तो बाजार पर दबाव और बढ़ सकता है.



रुपये में कमजोरी


भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले कमजोर होकर रिकॉर्ड निचले स्तर तक पहुंच गया है. कमजोर रुपया आयात को महंगा बनाता है और विदेशी निवेशकों का भरोसा भी कम करता है. हालांकि थोड़ी रिकवरी हुई है, लेकिन स्थिति अभी भी चिंताजनक है.

यह भी पढ़ें: HAL–BHEL नहीं… ये है भारत का ‘हिडन डिफेंस जेम’, 5 साल में दिया 3200% तक रिटर्न, ₹1 लाख बना ₹33.5 लाख



विदेशी निवेशकों की बिकवाली


विदेशी निवेशक लगातार भारतीय बाजार से पैसा निकाल रहे हैं. अप्रैल में भारी बिकवाली देखने को मिली और पूरे साल 2026 में अब तक बड़ा पैसा बाहर जा चुका है. जब तक विदेशी निवेश वापस नहीं आता, बाजार में मजबूती आना मुश्किल रहेगा. इस हफ्ते बाजार पूरी तरह से वैश्विक संकेतों, कंपनियों के नतीजों और कच्चे तेल की कीमतों पर निर्भर करेगा. निवेशकों को सतर्क रहकर निवेश करने की जरूरत है.

यह भी पढ़ें: IPO Next Week: अगले हफ्ते खुल रहे ₹3491 करोड़ के तीन IPO, GMP में उछाल; ₹36000 तक हो सकता है लिस्टिंग गेन