SBI के शेयरों में तूफानी तेजी, तिमाही नतीजों ने मचाया तहलका! ऑल टाइम हाई पहुंचा स्टॉक
SBI का शेयर इंट्राडे में 5.5 फीसदी की तेजी के साथ 1125 रुपये पर ट्रेड करता दिखा. पिछले एक हफ्ते में शेयर करीब 10.49 फीसदी चढ़ा है. वहीं बीते तिमाही में इसमें 17.7 फीसदी और पिछले 1 साल में करीब 52.6 फीसदी की मजबूती देखने को मिली है. मजबूत नतीजों के बाद SBI का शेयर एक बार फिर निवेशकों के रडार पर आ गया है.
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक SBI के शेयर में सोमवार 9 फरवरी को जोरदार तेजी देखने को मिली. दिसंबर तिमाही Q3 FY26 में अब तक का सबसे ज्यादा तिमाही मुनाफा दर्ज करने के बाद SBI का शेयर करीब 6 फीसदी से ज्यादा उछलकर 1137 रुपये के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया. कंपनी का स्टॉक मार्च 2025 में 52 हफ्ते के निचले स्तर 679.65 रुपये पर था. वहां से अब तक इसमें 65 फीसदी से ज्यादा की जोरदार तेजी आ चुकी है. पिछले 1 साल में शेयर ने करीब 44 फीसदी का रिटर्न दिया है.
Q3 FY26 में अब तक का सबसे बड़ा तिमाही मुनाफा
सरकारी बैंकिंग दिग्गज SBI ने Q3 FY26 में स्टैंडअलोन आधार पर 21028 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया है. यह पिछले साल की इसी तिमाही में दर्ज 16891.44 करोड़ रुपये के मुकाबले 24.5 फीसदी ज्यादा है. बेहतर कोर इनकम ग्रोथ, एसेट क्वालिटी में सुधार और एसेट मैनेजमेंट बिजनेस से मिले वन टाइम फायदे ने मुनाफे को मजबूती दी.
SBI म्यूचुअल फंड से मिले खास डिविडेंड का फायदा
स्टैंडअलोन आधार पर SBI म्यूचुअल फंड से मिले स्पेशल डिविडेंड ने बैंक की कमाई को खास सहारा दिया. IPO की तैयारी कर रही एसेट मैनेजमेंट सब्सिडियरी ने 2200 करोड़ रुपये का विशेष डिविडेंड दिया.
ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस और एसेट क्वालिटी मजबूत
Q3 FY26 में SBI का ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस भी मजबूत बना रहा. बैंक की कुल आय सालाना आधार पर 9.7 फीसदी बढ़कर 140914.65 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले 128467.39 करोड़ रुपये थी. नेट इंटरेस्ट इनकम 9 फीसदी बढ़कर 45190 करोड़ रुपये पहुंची. वहीं ऑपरेटिंग प्रॉफिट में 39.54 फीसदी की जोरदार उछाल के साथ यह 32862 करोड़ रुपये हो गया.
मार्जिन लगभग स्थिर
बैंक के मार्जिन में ज्यादा बदलाव नहीं देखने को मिला. पूरे बैंक का नेट इंटरेस्ट मार्जिन 2.99 फीसदी रहा. वहीं डोमेस्टिक NIM में मामूली गिरावट आई और यह 3 बेसिस पॉइंट फिसलकर 3.12 फीसदी पर आ गया.
शेयर का हाल
फिलहाल ( 9 फरवरी ) SBI का शेयर इंट्राडे में 6.5 फीसदी की तेजी के साथ 1137 रुपये पर ट्रेड करता दिखा. पिछले एक हफ्ते में शेयर करीब 10.49 फीसदी चढ़ा है. वहीं बीते तिमाही में इसमें 17.7 फीसदी और पिछले 1 साल में करीब 52.6 फीसदी की मजबूती देखने को मिली है. मजबूत नतीजों के बाद SBI का शेयर एक बार फिर निवेशकों के रडार पर आ गया है.
इसे भी पढ़ें- Tata Power vs Adani Power: कौन है रिन्यूएबल सेक्टर का असली किंग? किसका फ्यूचर प्लान दमदार, कौन बड़ा मल्टीबैगर
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.




