TCS को पछाड़ SBI बनी देश की चौथी सबसे बड़ी मार्केट कैप वाली कंपनी, 1 महीने में 17% भागा शेयर
देश का सबसे बड़ा सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) शेयर बाजार में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है. मजबूत तिमाही नतीजों और निवेशकों के बढ़ते भरोसे के चलते SBI का शेयर रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया है. हालिया तेजी के साथ बैंक ने मार्केट कैप के लिहाज से TCS को पीछे छोड़ते हुए देश की चौथी सबसे बड़ी कंपनी का स्थान हासिल कर लिया है.
SBI pips TCS in Market Cap: देश का सबसे बड़ा सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) इन दिनों शेयर बाजार में जबरदस्त प्रदर्शन कर रहा है. दलाल स्ट्रीट पर बैंक के शेयर लगातार नए रिकॉर्ड बना रहे हैं. SBI का शेयर अपने 52-सप्ताह के उच्चतम स्तर को पार करते हुए नई ऊंचाइयों पर पहुंच गया है.
बुधवार को बाजार में SBI के शेयर ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया. करीब 3 प्रतिशत की तेजी के साथ यह शेयर 1187.50 रुपये के स्तर पर पहुंचा, जो इसका नया 52-सप्ताह का उच्चतम स्तर है. इस तेजी के साथ SBI मार्केट कैपिटलाइजेशन के लिहाज से देश की चौथी सबसे बड़ी कंपनी बन गई है.
TCS को पछाड़कर बनी चौथी सबसे बड़ी कंपनी
कारोबार के दौरान SBI का मार्केट कैप 10.78 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया. इसके साथ ही बैंक ने देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी TCS को पीछे छोड़ दिया. इससे पहले SBI प्राइवेट सेक्टर के दिग्गज बैंक ICICI बैंक को भी मार्केट कैप के मामले में पछाड़ चुका है.
ये तीन कंपनियां अब भी आगे
वर्तमान में मार्केट कैपिटलाइजेशन के आधार पर Reliance Industries पहले स्थान पर बनी हुई है, जिसका मार्केट कैप 19.79 लाख करोड़ रुपये है. दूसरे स्थान पर 14.27 लाख करोड़ रुपये के साथ HDFC है, जबकि Bharti Airtel तीसरे स्थान पर काबिज है.
एक महीने में 17 फीसदी से ज्यादा की तेजी
बुधवार की तेजी के बाद SBI का शेयर 1185.20 रुपये पर कारोबार करता दिखा. बीते एक महीने में इस शेयर में 17.5 फीसदी से अधिक की बढ़त दर्ज की गई है. इसी अवधि में HDFC के शेयर 0.47 फीसदी, TCS के शेयर 9 फीसदी और ICICI बैंक के शेयर 0.5 फीसदी गिर चुके हैं.
क्यों लगातार रिकॉर्ड बना रहा है SBI का शेयर?
इस महीने की शुरुआत में बजट के दिन SBI के शेयर में मजबूती देखने को मिली थी, हालांकि इसके बाद इसमें कुछ गिरावट आई. लेकिन हाल ही में घोषित तीसरी तिमाही के नतीजों के बाद शेयर ने फिर से रफ्तार पकड़ ली. तीसरी तिमाही में बैंक का मुनाफा 24 फीसदी बढ़ा है, जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ. इसी भरोसे के चलते SBI का शेयर लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.




