युद्ध का बड़ा असर, खुलते ही 2700 अंक टूटा सेंसेक्स और निफ्टी में 500 अंकों की गिरावट, L&T-Adani Ports के शेयर 3% गिरे

अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के कारण सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में तेज गिरावट के साथ गैप-डाउन ओपनिंग हुई. निफ्टी 500 अंक से ज्यादा गिरकर 24,659.25 के करीब आ गया जबकि सेंसेक्स 2700 अंक से ज्यादा टूट गया. गिरते बाजार में सेंसेक्स में BEL ही एकमात्र शेयर रहा जिसमें हल्की तेजी दिखी.

शेयर बाजार में गिरावट Image Credit: Money9live

Share Market Opening Bell: अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के चलते सोमवार यानी 2 मार्च को भारतीय शेयर बाजार गैप-डाउन में खुला. सुबह 9:19 बजे निफ्टी 50 करीब 305.95 अंक (1.22%) गिरकर 24,872.70 पर कारोबार करता दिखा. वहीं, निफ्टी 24,659.25 पर ओपन हुआ और यह शुक्रवार को 25,178.65 पर बंद हुआ था. सोमवार को निफ्टी 519 अंक टूटकर खुला. वहीं बीएसई सेंसेक्स 1,074.59 अंक (1.32%) टूटकर 80,212.60 पर ट्रेड करता नजर आया. सेंसेक्स का पिछला बंद स्तर 81,287.19 था जबकि सोमवार को यह 78,543.73 पर खुला यानी 2744 अंक टूटकर खुला. गिरते बाजार के बीच BEL अकेला ऐसा शेयर रहा जो 1.42% की बढ़त के साथ ₹450.75 पर कारोबार करता दिखा .सेंसेक्स में BEL के शेयर को छोड़कर बाकी 29 शेयरों में गिरावट देखने को मिली. बाजार में इस तेज गिरावट के चलते खुलते ही बीएसई में लिस्टेड सभी कंपनियों के कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन से करीब ₹7.8 लाख करोड़ से ज्यादा डूब गए.

शेयरों का हाल

  • इंडिगो करीब 4.31% टूटकर ₹4615 पर आ गया.
  • L&T करीब 3.87% गिरकर ₹4115 पर कारोबार करता दिखा.
  • Adani Ports में 3.13% की गिरावट रही.
  • Eternal करीब 2.92%, UltraTech Cement 2.26% और Trent 2.24% तक टूट गए.
  • इसके अलावा Reliance Industries, Asian Paints, Bajaj Finance, M&M, HCLTech और Maruti जैसे कई बड़े शेयरों में भी 1% से 2% तक की गिरावट दर्ज की गई.

बैंकिंग और आईटी शेयरों में भी दबाव

  • बैंकिंग और आईटी सेक्टर के शेयर भी दबाव में रहे.
  • Axis Bank करीब 1.03% गिरा.
  • SBI करीब 0.99% नीचे आया.
  • Kotak Mahindra Bank में 0.85% की गिरावट रही.
  • Infosys, TCS और Tech Mahindra जैसे आईटी शेयर भी लाल निशान में रहे.

एशियाई बाजार भी कमजोर

  • जापान का निक्केई 225 इंडेक्स शुरुआती कारोबार में 2% से ज्यादा गिर गया था, हालांकि मिड-मॉर्निंग तक यह 1.3% की गिरावट के साथ 58,073.01 पर ट्रेड कर रहा था.
  • हांगकांग में हैंग सेंग इंडेक्स 1.8% टूटकर 26,158.62 पर पहुंच गया, जबकि शंघाई कंपोजिट इंडेक्स शुरुआती कारोबार में 0.2% बढ़कर 4,170.96 पर रहा.
  • इसके अलावा ताइवान का बेंचमार्क इंडेक्स 0.6% और सिंगापुर का बाजार 1.9% गिरावट के साथ कारोबार करता दिखा.

कच्चे तेल की कीमतें

  • सोमवार को कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल देखा गया. मिडिल ईस्ट में ईरान और इजरायल के बीच हमले तेज होने और टैंकरों को नुकसान पहुंचने से सप्लाई प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई. इसके चलते तेल की कीमतें करीब 12% तक चढ़कर कई महीनों के उच्च स्तर पर पहुंच गईं.
  • ब्रेंट क्रूड की कीमत बढ़कर $82.37 प्रति बैरल तक पहुंच गई, जो जनवरी 2025 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है. यह तेजी अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद आई.
  • हालांकि बाद में ब्रेंट क्रूड कुछ कम होकर $78.24 प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था.
  • वहीं अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड की कीमत भी $4.66 यानी 6.95% बढ़कर $71.68 प्रति बैरल हो गई. इससे पहले यह $75.33 प्रति बैरल तक पहुंच गया था जो जून 2025 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.