USA-ईरान युद्ध से दहल गए पोर्ट और लॉजिस्टिक्स शेयर, 10% तक की भारी गिरावट, लिस्ट में ये दिग्गज शामिल
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी दिखा. पोर्ट और लॉजिस्टिक्स सेक्टर के शेयरों में भारी गिरावट आई, जहां Delhivery 10% तक टूट गया. वैश्विक तनाव के कारण निवेशकों ने जोखिम से दूरी बनाई, जिससे बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ गया.
अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए सैन्य हमलों के बाद मिडिल ईस्ट में तनाव तेजी से बढ़ गया है. वीकेंड में अमेरिका और इजरायल ने ईरान के कई सैन्य और रणनीतिक ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हमले किए. शुरुआती हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबरों ने स्थिति को और गंभीर बना दिया. इसके जवाब में ईरान ने इजरायल और अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल हमले किए जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया. इस घटनाक्रम के चलते वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति बढ़ी और निवेशकों ने सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख किया. इस बढ़ते जियो-पॉलिटिकल संकट का असर सोमवार को भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिला जहां पोर्ट और लॉजिस्टिक्स सेक्टर के शेयरों में तेज गिरावट दर्ज की गई. दिन के कारोबार में कई कंपनियों के शेयर 5% से लेकर 10% तक टूट गए. आइये जानते हैं कि किन प्रमुख शेयरों में कितनी गिरावट आई?
पोर्ट और लॉजिस्टिक्स शेयरों में गिरावट
इस तनाव का सबसे ज्यादा असर पोर्ट और लॉजिस्टिक्स कंपनियों के शेयरों पर पड़ा.
- दिन के कारोबार में Delhivery का शेयर करीब 10% तक गिर गया लेकिन बाद में यह रिकवर होकर 0.38% की गिरावट के साथ 431.55 रुपये पर ट्रेड कर रहा था.
- Blue Dart Express में लगभग 7% की गिरावट दर्ज की गई और बाद में इसमें भी तेजी आई. यह शेयर 2.61% गिरकर 5534.90 रुपये पर कारोबार कर रहा था.
- Container Corporation of India (CONCOR) का शेयर 6.8% गिरकर ₹461.85 के 52-हफ्ते के निचले स्तर पर पहुंच गया. बाद में यह भी 2.98 की गिरावट के साथ 480.90 रुपये पर ट्रेड करता दिखा.
- TCI का शेयर भी 4.11% की गिरावट के साथ 525.90 रुपये पर कारोबार करता दिखा.
पोर्ट कंपनियों की बात करें तो
- Gujarat Pipavav Port और JSW Infrastructure के शेयर लगभग 4 से ज्यादा टूटे.
- Adani Ports का शेयर भी करीब 4.6% नीचे आ गया और बाद में 2.98% की गिरावट के साथ 1475.50 रुपये पर ट्रेड करता दिखा.
बाजार में घबराहट से सेंसेक्स-निफ्टी दबाव में
मिडिल ईस्ट में बढ़ते संघर्ष के कारण सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में तेज गिरावट के साथ कारोबार शुरू हुआ. सेंसेक्स 2,743 अंक गिरकर 78,543 पर खुला, जबकि निफ्टी 500 अंक से ज्यादा टूटकर 24,645 के इंट्राडे निचले स्तर तक पहुंच गया. हालांकि बाद में कुछ खरीदारी आने से बाजार ने शुरुआती नुकसान का कुछ हिस्सा रिकवर किया. बाजार में शुरुआती गिरावट के कारण निवेशकों की संपत्ति में भी बड़ी कमी आई.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
ईरान हमले का असर, IndiGo और SpiceJet समेत एयरलाइन शेयरों में भूचाल, 14% तक गिरावट
4 फरवरी, होली के दिन स्टॉक मार्केट खुला है या बंद? जानें बड़ा अपडेट
सेंसेक्स धड़ाम लेकिन डिफेंस स्टॉक का जलवा, 12 फीसदी तक तेजी; इस प्राइवेट कंपनी ने मारी बाजी
