कच्चे तेल की कीमतों में जारी उफान के बीच फीकी पड़ी चांदी की चमक, MCX पर एक दिन में करीब ₹15,000 गिरी कीमत

19 मार्च को चांदी फ्यूचर्स में बड़ी गिरावट आई और इसकी कीमत ₹2.33 लाख प्रति किलोग्राम तक फिसल गई. कच्चे तेल में तेजी और अमेरिकी फेड के सख्त रुख से बाजार पर दबाव रहा. कारोबार के दौरान भारी उतार-चढ़ाव दिखा, जबकि ब्रेंट क्रूड $113 पार जाने से सेंटीमेंट और कमजोर हुआ.

सिल्वर फ्यूचर्स गिरावट Image Credit: ChatGPT

19 मार्च (गुरुवार) को चांदी की फ्यूचर्स कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई. कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त रुख के कारण निवेशकों का सेंटीमेंट कमजोर पड़ा जिससे चांदी लगातार सातवें सत्र में गिरावट के साथ कारोबार करती दिखी. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर मई डिलीवरी वाली चांदी ₹14,891 यानी 6 फीसदी गिरकर ₹2,33,303 प्रति किलोग्राम पर आ गई.

कारोबार में उतार-चढ़ाव

कमोडिटी बाजार में चांदी की कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला. सिल्वर मई फ्यूचर्स कारोबार की शुरुआत ₹2,45,000 प्रति किलोग्राम पर हुई, जो पिछले बंद ₹2,48,194 के मुकाबले कमजोर रही. दिन के दौरान चांदी ₹2,45,674 के उच्च स्तर तक गई, लेकिन भारी बिकवाली के दबाव में फिसलकर ₹2,33,308 के निचले स्तर तक भी पहुंच गई.

सोर्स: groww

ग्लोबल मार्केट में भी चांदी का दबाव

ग्लोबल बाजार में भी चांदी पर दबाव बना हुआ है. कॉमेक्स (Comex) पर मई कॉन्ट्रैक्ट वाली चांदी $5.602 यानी 7.22 फीसदी गिरकर $71.99 प्रति औंस पर पहुंच गई, जो लगातार सातवीं गिरावट है.

कच्चे तेल की कीमतों का असर

पीटीआई ने एनालिस्ट्स से हवाले बताया है कि ऊंचे कच्चे तेल के दामों के चलते महंगाई की चिंता बनी हुई है, जिससे निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश (सेफ-हेवन) जैसे कीमती धातुओं से कम हुआ है. इसके साथ ही अमेरिकी फेड द्वारा निकट भविष्य में ब्याज दरों में कटौती की संभावना भी कम हो गई है.

एक्सपर्ट्स की राय

  • इंडसइंड सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट जिगर त्रिवेदी के अनुसार, पिछले सत्र में करीब 5 फीसदी की तेज गिरावट के बाद चांदी करीब $75 प्रति औंस के आसपास बनी हुई है. अमेरिकी फेड के सख्त संकेत और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का असर बुलियन बाजार पर साफ दिख रहा है.
  • ऑगमॉन्ट की हेड ऑफ रिसर्च रेनिशा चेनानी ने कहा कि मजबूत अमेरिकी डॉलर के कारण पश्चिम एशिया में तनाव के बावजूद चांदी की सुरक्षित मांग कमजोर पड़ रही है. बुधवार को अमेरिकी फेड ने ब्याज दरों को स्थिर रखा, लेकिन महंगाई के जोखिम को लेकर चिंता जताई और संकेत दिए कि मौद्रिक नीति में ढील जल्द नहीं दी जाएगी.
  • फेड ने यह भी स्पष्ट किया कि जब तक महंगाई में नरमी के संकेत नहीं मिलते, तब तक ब्याज दरों में कटौती नहीं की जाएगी, हालांकि इस साल एक बार दर कटौती का अनुमान बरकरार है.

क्रूड ऑयल की कीमत

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला है. ब्रेंट क्रूड $113 प्रति बैरल के पार निकल गया है. पश्चिम एशिया में ऊर्जा ढांचे पर हमलों के बाद यह तेजी आई है. ईरान ने अपने साउथ पार्स गैस फील्ड पर पहले हुए हमलों के जवाब में कतर स्थित दुनिया के सबसे बड़े LNG निर्यात संयंत्र सहित कई ऊर्जा ठिकानों पर मिसाइल हमले किए.

इसे भी पढ़ें: Nifty-Sensex 2 फीसदी से ज्यादा टूटे, तेल शेयर डूबे… फिर क्यों 12% उछला अडानी का ये स्टॉक?

Latest Stories