Nifty-Sensex 3% धड़ाम, कच्चा तेल $113 के पार पहुंचा तो पेंट स्टॉक झुलसे, कैसे जुड़ा है इस सेक्टर का तेल से सीधा रिश्ता

शेयर बाजार में भारी गिरावट के बीच पेंट कंपनियों के शेयरों में तेज कमजोरी देखने को मिली है. कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से इन कंपनियों की लागत बढ़ने का डर है, जिससे निवेशक दूरी बना रहे हैं. एशियन पेंट्स, कंसाई नेरोलैक और इंडिगो पेंट्स जैसे स्टॉक्स पर दबाव बढ़ गया है.

Paint Stock Crash Image Credit: AI Generated

शेयर बाजार में गुरुवार को भारी गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी. निफ्टी और सेंसेक्स 3% से ज्यादा टूट गए, तमाम सेक्टर के गिरावट के बीच, पेंट सेक्टर के शेयर भी बुरी तरह दबाव में दिखे. एशियन पेंट्स, बर्जर पेंट्स, कंसाई नेरोलैक जैसे बड़े नामों में गिरावट ने निवेशकों के पोर्टफोलियो को फिका कर दिया. लेकिन ऐसा क्यों है कि तेल कीमतों में तेजी आते ही पेंट सेक्टर के शेयर लुढ़क गए. रिपोर्ट में इसी सवाल का जवाब पढ़ें.

बाजार में बड़ी गिरावट, हर सेक्टर पर असर

सेंसेक्स 2,496 अंकों की गिरावट के साथ 74,207 पर और निफ्टी 775 अंक टूटकर 23,002 पर बंद हुआ. ग्लोबल तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल ने बाजार की धारणा को कमजोर कर दिया है. इजरायल-ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष के चलते ऊर्जा सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ी है, जिससे कच्चा तेल तेजी से महंगा हुआ है.

ब्रेंट क्रूड करीब 113 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया है, जबकि WTI भी 99 डॉलर के करीब है. हाल के दिनों में तेल की कीमतों में 5% तक की तेजी देखी गई है, जिससे बाजार में डर का माहौल बना है.

पेंट कंपनियों के शेयर क्यों गिरे?

पेंट सेक्टर की लगभग सभी बड़ी कंपनियों, एशियन पेंट्स, बर्जर पेंट्स, कंसाई नेरोलैक, इंडिगो पेंट्स और अक्जो नोबेल, के शेयरों में 4% तक की गिरावट आई. पिछले एक महीने में भी इन शेयरों में लगातार कमजोरी देखी गई है. एशियन पेंट्स करीब 3.5% गिरा, कंसाई नेरोलैक में 4% और इंडिगो पेंट्स में 3% से ज्यादा की गिरावट आई. यह साफ संकेत है कि निवेशक इस सेक्टर से दूरी बना रहे हैं.

कंपनी का नाम1 दिन की गिरावट1 महीने की गिरावटCMP
Asian Paints-3.5%-8.83%2,182 रुपये
Berger Paints-2%-11.6%409 रुपये
Kansai Nerolac-4%-15.3%168 रुपये
Akzo Nobel India-4.3%-8%2,794 रुपये
Indigo Paints-3.1%-25%744 रुपये
Sirca Paints India-2.3%-11%423 रुपये

तेल और पेंट सेक्टर का कनेक्शन क्या है?

असल में पेंट बनाने के लिए जो कच्चा माल इस्तेमाल होता है, उसका बड़ा हिस्सा पेट्रोलियम से जुड़ा होता है. क्रूड ऑयल से बनने वाले केमिकल्स, जैसे सॉल्वेंट्स, रेजिन और एडिटिव्स, पेंट इंडस्ट्री के मुख्य इनपुट होते हैं.

यह भी पढ़ें: तेल-गैस अब ‘राष्ट्रीय सुरक्षा’ का मामला, सरकार का बड़ा फैसला, जानें क्या है इसके मायने और आपके लिए क्या बदलेगा?

जब कच्चे तेल की कीमत बढ़ती है, तो इन कच्चे माल की लागत भी बढ़ जाती है. इससे कंपनियों का खर्च बढ़ता है और मार्जिन घटता है. अगर कंपनियां कीमत बढ़ाती हैं तो डिमांड पर असर पड़ता है, और अगर नहीं बढ़ाती हैं तो मुनाफा कम होता है. यही वजह है कि तेल महंगा होते ही पेंट कंपनियों के शेयर दबाव में आ जाते हैं.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.