तेल-गैस अब ‘राष्ट्रीय सुरक्षा’ का मामला, सरकार का बड़ा फैसला, जानें क्या है इसके मायने और आपके लिए क्या बदलेगा?
देश में तेल और गैस से जुड़ा एक बड़ा फैसला लिया गया है, जिसका असर सीधे आप पर पड़ सकता है. सरकार ने तेल और गैस से जुड़े डेटा को राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला घोषित करते हुए सभी कंपनियों को उत्पादन, स्टॉक और खपत की जानकारी देना अनिवार्य कर दिया है.
देश में पेट्रोल, गैस और LPG जैसी जरूरी चीजों को लेकर सरकार ने एक बड़ा और अहम फैसला लिया है. अब ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी जानकारी, जैसे कितना तेल आ रहा है, कितना स्टॉक बचा है और कहां कितना इस्तेमाल हो रहा है, इसे राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला घोषित कर दिया गया है. आसान शब्दों में कहें तो अब यह जानकारी सिर्फ कंपनियों का व्यावसायिक डेटा नहीं रही, बल्कि देश की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा माना जाएगा.
राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला घोषित होने के क्या मायने?
तेल मंत्रालय ने 18 मार्च को Petroleum and Natural Gas (Furnishing of Information) Order, 2026 लागू किया है. इस आदेश के तहत अब तेल और गैस से जुड़ी हर कंपनी, चाहे वह सरकारी हो या निजी, को अपनी गतिविधियों से जुड़ा विस्तृत डेटा सरकार को देना होगा.
यह डेटा Petroleum Planning and Analysis Cell यानी PPAC को सौंपा जाएगा और कई मामलों में यह जानकारी रोजाना के आधार पर भी देनी होगी. इसमें उत्पादन, आयात-निर्यात, स्टॉक, सप्लाई और खपत जैसे बारीक विवरण शामिल होंगे.
सबसे अहम बात यह है कि अब कंपनियां यह कहकर इनकार नहीं कर सकतीं कि यह जानकारी व्यावसायिक रूप से संवेदनशील है, क्योंकि सरकार ने साफ कर दिया है कि यह आदेश किसी भी तरह की गोपनीयता शर्तों से ऊपर होगा.
सरकार को क्यों लेना पड़ा ये फैसला?
सरकार का यह कदम ऐसे समय पर आया है जब वैश्विक स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति पर दबाव बना हुआ है. पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण Strait of Hormuz जैसे अहम समुद्री रास्ते पर असर पड़ा है, जहां से भारत को बड़ी मात्रा में तेल और गैस मिलती थी. भारत अपनी जरूरत का करीब 88 फीसदी कच्चा तेल, 50 फीसदी प्राकृतिक गैस और 60 फीसदी LPG आयात करता है.
पहले इनका बड़ा हिस्सा खाड़ी देशों से इसी रास्ते आता था, लेकिन मौजूदा हालात में यह सप्लाई बाधित हुई है. कच्चे तेल की आपूर्ति कुछ हद तक रूस, अमेरिका और अफ्रीका जैसे विकल्पों से संभाली गई है, लेकिन गैस और LPG की कमी का असर अब दिखने लगा है, खासकर उद्योगों और कमर्शियल यूजर्स पर.
एनर्जी डेटा का क्या करेगी सरकार?
देश में बढ़ रहा एनर्जी संकट वजह है कि सरकार अब एक ऐसा सिस्टम बनाना चाहती है, जहां उसे हर समय यह साफ तस्वीर मिलती रहे कि देश में ऊर्जा की स्थिति क्या है. इस आदेश का मकसद एक केंद्रीकृत और रियल-टाइम डेटा फ्रेमवर्क तैयार करना है, जिससे सप्लाई में किसी भी तरह की रुकावट पर तुरंत फैसला लिया जा सके. ऐसे में आम जनता को एनर्जी किल्लत की संभावना को काफी कंट्रोल किया जा सकेगा.
यह भी पढ़ें: Nifty-Sensex 2 फीसदी से ज्यादा टूटे, तेल शेयर डूबे… फिर क्यों 12% उछला अडानी का ये स्टॉक?
जरूरत पड़ने पर सरकार यह तय कर सके कि सीमित संसाधनों को किस सेक्टर को पहले दिया जाए, जैसे घरेलू LPG, बिजली उत्पादन या उर्वरक उद्योग. यह आदेश Essential Commodities Act, 1955 के तहत जारी किया गया है, जो सरकार को जरूरी वस्तुओं पर निगरानी और नियंत्रण का अधिकार देता है.
Latest Stories
होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाली जहाजों पर टोल लगा सकता है ईरान, नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी
अमेरिका-चीन से लेकर 95 देशों में बढ़ीं पेट्रोल-डीजल की कीमतें, लेकिन भारत अभी अछूता, जानें कब तक संभाल पाएगा प्रेशर
भारत ने बढ़ाई रूस से तेल खरीद, मार्च में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकता है इंपोर्ट; जानें कौन है सबसे बड़ा खरीदार
