सोमवार को शेयर बाजार में क्या होगा? GIFT Nifty से कच्चे तेल तक, ये संकेत तय करेंगे बाजार की चाल

सोमवार को भारतीय शेयर बाजार की नजर GIFT Nifty, कच्चे तेल, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और ग्लोबल बाजारों पर रहेगी. पिछले हफ्ते सेंसेक्स 0.65% और निफ्टी 0.22% कमजोर रहे. निफ्टी के लिए 23,000-23,100 अहम सपोर्ट है, जबकि 23,600 तत्काल बाधा है. अमेरिका-ईरान तनाव, टैरिफ, FII-DII खरीदारी और रुपये की चाल भी बाजार के प्रमुख ट्रिगर रहेंगे.

मार्केट आउटलुक Image Credit: Getty image

Highlights

  • स्टॉक मार्केट में 21 सितंबर 2026 का कारोबारी सत्र कई अहम संकेतों के बीच शुरू होगा.
  • पिछले हफ्ते सेंसेक्स 0.65% और निफ्टी 0.22% कमजोर रहे.
  • बाजार की नजर GIFT Nifty, कच्चे तेल, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और ग्लोबल बाजारों पर रहेगी.

Stock Market Prediction Tomorrow: भारतीय शेयर बाजार के लिए सोमवार, 21 सितंबर 2026 का कारोबारी सत्र कई अहम संकेतों के बीच शुरू होगा. पिछले हफ्ते बाजार पर कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और ग्लोबल बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी का दबाव रहा. महंगे ऊर्जा खर्च से महंगाई बढ़ने और आर्थिक विकास पर असर पड़ने की चिंता ने निवेशकों के सेंटीमेंट को प्रभावित किया है. ऐसे में आइए जानते हैं कि सोमवार को बाजार की चाल को प्रभावित करने वाले कौन-कौन से प्रमुख ट्रिगर रह सकते हैं.

पिछले हफ्ते कैसा रहा बाजार?

शुक्रवार को सेंसेक्स 0.65% गिरकर 74,294.46 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 0.22% फिसलकर 23,346.40 पर आ गया. मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी उतार-चढ़ाव भरे सप्ताह के बाद लगभग सपाट रहे.

सेंसेक्स और निफ्टी में मिला-जुला कारोबार देखने को मिला. कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से बाजार को सहारा मिला, लेकिन आईटी शेयरों और टाटा ग्रुप के कुछ शेयरों में कमजोरी ने बढ़त पर दबाव डाला. सेंसेक्स इंट्राडे 413.85 अंक यानी 0.55% चढ़कर 74,728.44 तक पहुंचा, लेकिन क्लोजिंग ऑक्शन सेशन में बढ़त गंवाते हुए 19.63 अंक यानी 0.03% गिरकर 74,294.96 पर बंद हुआ. वहीं निफ्टी 75.80 अंक यानी 0.33% बढ़कर 23,346.40 पर पहुंचा और लगातार तीसरे सत्र में बढ़त दर्ज की.

सोमवार के लिए GIFT Nifty क्या संकेत दे रहा है?

GIFT Nifty शनिवार, 19 सितंबर को 0.26% गिरकर 23,300.50 पर बंद हुआ. यह संकेत बताता है कि सोमवार की शुरुआत से पहले बाजार में बहुत मजबूत तेजी का संकेत नहीं दिख रहा है. हालांकि, भारतीय बाजार की वास्तविक दिशा ग्लोबल संकेतों, कच्चे तेल, बॉन्ड यील्ड और पश्चिम एशिया से जुड़ी खबरों पर भी निर्भर करेगी.

अगले हफ्ते के बड़े ट्रिगर

सोमवार और अगले हफ्ते बाजार की दिशा पर सबसे ज्यादा नजर अमेरिका-ईरान तनाव, अमेरिकी टैरिफ, कच्चे तेल की कीमत, विदेशी और घरेलू निवेशकों की खरीदारी और रुपये की चाल पर रहेगी.

  • ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी के मुताबिक, कतर ने युद्ध खत्म करने को लेकर तेहरान की शर्तें अमेरिका तक पहुंचाई हैं और अब ईरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के जवाब का इंतजार कर रहा है. वहीं अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने रूस पर प्रतिबंधों से जुड़ा विधेयक मंजूर किया है, जिसके तहत रूस से तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर 100% तक टैरिफ लगाने की शक्ति राष्ट्रपति को मिल सकती है.
  • 18 सितंबर को FIIs ने भारतीय कैश मार्केट में 599.54 करोड़ रुपये की नेट खरीदारी की. इसी दौरान DIIs ने 1019.69 करोड़ की नेट खरीदारी की.
  • रुपये की बात करें तो यह इंटरबैंक फॉरेक्स बाजार में 95.75 प्रति डॉलर पर खुला और शुरुआती कारोबार में 95.71 तक मजबूत हुआ. बाद में दबाव में आया और 7 पैसे कमजोर होकर दिन के निचले स्तर 95.96 प्रति डॉलर पर बंद हुआ.

Sensex के लिए 73,500-73,700 अहम सपोर्ट

MINT कि रिपोर्ट के मुताबिक, Sensex में फिलहाल साइडवेज रुख रह सकता है. 73,500-73,700 का स्तर व्यापक सपोर्ट जोन के तौर पर काम कर सकता है. 74,600 के ऊपर टिकाऊ खरीदारी आने पर इंडेक्स 74,800-75,000 की तरफ बढ़ सकता है. वहीं 74,000 के नीचे कमजोरी बढ़ने पर दबाव और बढ़ सकता है.

Nifty के लिए 23,000-23,100 का स्तर अहम

रिपोर्ट में बताया गया है कि, लगातार छह हफ्तों की गिरावट के बाद Nifty के लिए 23,000-23,100 का जोन महत्वपूर्ण सपोर्ट बना हुआ है. इस स्तर के नीचे निर्णायक टूटने पर Nifty 22,400-22,600 के जोन की तरफ कमजोर हो सकता है. वहीं ऊपर की तरफ 23,600 तत्काल बाधा है, जिसके बाद 23,900-24,200 का जोन महत्वपूर्ण रहेगा.

अमेरिका का बाजार और बॉन्ड यील्ड

शुक्रवार को अमेरिकी बाजारों में उतार-चढ़ाव के बीच कारोबार सीमित दायरे में रहा. अमेरिकी 10 साल की Treasury Yield 5% के ऊपर चली गई और कच्चा तेल भी 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बना रहा. Dow Jones 95.40 अंक यानी 0.18% गिरकर 51,682.64 पर बंद हुआ. S&P 500 में 12.74 अंक यानी 0.17% की तेजी रही और यह 7,650.50 पर बंद हुआ. Nasdaq Composite 104.25 अंक यानी 0.40% बढ़कर 26,522.55 पर पहुंचा.

कच्चे तेल की कीमत फिर अहम ट्रिगर

शुक्रवार को कच्चे तेल की कीमत लगातार तीसरे सत्र में गिरी. WTI Crude 1.6% गिरकर 100.30 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ, जबकि Brent Crude 0.9% गिरकर 103.87 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. हालांकि, इराक से हुए ड्रोन हमले के बाद सऊदी अरब की East-West Pipeline बंद होने के कारण तेल की कीमतें अभी भी पिछले गुरुवार के मुकाबले 5% से ज्यादा ऊपर हैं.

एशियाई बाजारों से क्या संकेत?

जापान का Nikkei 225 शुक्रवार को 1.52% चढ़कर बंद हुआ. वहीं South Korea का Kospi 0.23% गिरकर 6,894.23 पर बंद हुआ. Taiwan का TAIEX 1.93% बढ़कर 47,180.75 पर पहुंच गया और पूरे सप्ताह में इसमें 2.16% की तेजी रही.

इसे भी पढ़ें- विदेश घूमने का प्लान? इन 11 देशों में चलता है UPI, नहीं होगा कार्ड रखने का ‘झंझट’