TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

1 दिसंबर से कार खरीदने वालों को झटका! Tata और Hyundai सहित ये गाड़ियां होंगी महंगी, इतने बढ़ेंगे दाम

दिसंबर की शुरुआत के साथ ही नई कार खरीदना महंगा होने वाला है. 1 दिसंबर 2026 से Tata Motors और Hyundai अपनी कारों की कीमतें बढ़ाने जा रही हैं. जानिए किस कंपनी की कार कितनी महंगी होगी और ग्राहकों की जेब पर कितना असर पड़ेगा.

Cars Price Hike

Highlights

  • Tata Motors की कारों और SUV की कीमतों में औसतन 0.5% की बढ़ोतरी होगी.
  • Hyundai की चुनिंदा कारों और वेरिएंट पर 8,000 रुपये तक ज्यादा देने होंगे.
  • दोनों कंपनियों की नई कीमतें 1 दिसंबर 2026 से लागू होंगी.

अगर आप दिसंबर में नई कार खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो आपके लिए जरूरी खबर है. 1 दिसंबर 2026 से भारत में Tata Motors और Hyundai की कारें महंगी होने जा रही हैं. दोनों कंपनियों ने अपनी गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है. Tata Motors की कारों और SUV की कीमतों में औसतन 0.5% का इजाफा होगा, जबकि Hyundai की चुनिंदा कारों के दाम 8,000 रुपये तक बढ़ सकते हैं. कंपनियों ने कीमतें बढ़ाने के पीछे इनपुट कॉस्ट यानी गाड़ी बनाने में इस्तेमाल होने वाले सामान और अन्य खर्चों में बढ़ोतरी को वजह बताया है. आइए जानते हैं कि किस कंपनी की कार कितनी महंगी होने वाली है.

Tata Motors की कारें इतनी होंगी महंगी

Tata Motors Passenger Vehicles ने अपनी पूरी कार और SUV रेंज की कीमतों में औसतन 0.5% की बढ़ोतरी का ऐलान किया है. नई कीमतें 1 दिसंबर 2026 से लागू होंगी. यह बढ़ोतरी कंपनी की पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर लागू होगी.

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि कीमतों में इजाफा अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से होगा. यानी हर कार की कीमत में एक जैसी बढ़ोतरी नहीं होगी. फिलहाल कंपनी ने अलग-अलग मॉडल की नई कीमतों की जानकारी नहीं दी है.

यह 2026 में कंपनी की ओर से कीमतों में की गई चौथी बढ़ोतरी है. उदाहरण के लिए, अगर किसी कार की एक्स-शोरूम कीमत 7 लाख रुपये है, तो 0.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी के हिसाब से उसकी कीमत करीब 3,500 रुपये बढ़ सकती है.

Hyundai की कारों पर 8,000 रुपये तक बढ़ेंगे दाम

Hyundai Motor India भी 1 दिसंबर से अपनी चुनिंदा कारों और वेरिएंट की कीमतें बढ़ाने जा रही है. कंपनी के मुताबिक, गाड़ियों की कीमतों में अधिकतम 8,000 रुपये तक का इजाफा होगा. हालांकि, यह बढ़ोतरी सभी कारों पर लागू नहीं होगी.

किस मॉडल और वेरिएंट की कीमत कितनी बढ़ेगी, इसकी पूरी जानकारी कंपनी ने अभी साझा नहीं की है. Hyundai ने स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में बताया कि बढ़ती इनपुट लागत के कारण कीमतों में बदलाव करना जरूरी हो गया है. कंपनी अब तक लागत का बड़ा हिस्सा खुद वहन कर रही थी, लेकिन अब इसका कुछ बोझ ग्राहकों पर डाला जाएगा.

Maruti और Audi की कारों का क्या है अपडेट?

Maruti Suzuki ने भी नवंबर में चुनिंदा मॉडल की कीमतों में बढ़ोतरी की है. कंपनी की नई कीमतें 22 नवंबर 2026 से लागू हो चुकी हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कीमतों में वॉल्यूम-वेटेड औसत आधार पर करीब 0.31% की बढ़ोतरी हुई है.

वहीं, लग्जरी कार कंपनी Audi India ने 1 जनवरी 2027 से अपनी कारों की कीमतें 2% तक बढ़ाने का ऐलान किया है. ऐसे में Audi की कार खरीदने वाले ग्राहकों को नए साल से ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है.

कार खरीदने वालों के लिए क्या है सलाह?

अगर आप Tata Motors या Hyundai की कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो 1 दिसंबर से पहले बुकिंग और डिलीवरी की उपलब्धता के बारे में डीलर से जानकारी ले सकते हैं. ध्यान रखें कि कीमतों में वास्तविक बढ़ोतरी मॉडल, वेरिएंट और कंपनी की नई प्राइस लिस्ट के आधार पर तय होगी. इसलिए खरीदारी से पहले डीलरशिप से एक्स-शोरूम कीमत और ऑन-रोड कीमत दोनों की पुष्टि जरूर करें.

यह भी पढ़ें: 10 लाख से कम में मिलती हैं सनरूफ वाली ये 3 CNG कारें, 25 से ज्यादा का माइलेज