शेयर बाजार के लिए अहम होगा अगला हफ्ता, होर्मुज संकट, इंडिया VIX समेत इन 4 ट्रिगर पर सबकी नजर!

बाजार की चाल का पता लगाना इन दिनों काफी मुश्किल है. बाजार में अस्थिरता का संकेत देने वाला इंडेक्स India VIX भी हाल में तेजी से बढ़ा है. पिछले हफ्ते यह करीब 13.91 प्रतिशत बढ़कर 22.64 पर पहुंच गया, जो मई 2024 के बाद सबसे ऊंचा स्तर है.

बीएसई Image Credit: Getty image

13 मार्च को खत्म हुए हफ्ते में भारतीय शेयर बाजार के लिए हालात काफी चुनौतीपूर्ण रहे. इस दौरान Nifty 50 में जून 2022 के बाद सबसे बड़ी वीकली गिरावट देखी गई. ग्लोबल मार्केट में कमजोरी, अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी. तेल की ऊंची कीमतों ने कॉरपोरेट मुनाफे और आर्थिक ग्रोथ को लेकर भी आशंकाएं बढ़ाई हैं. इसके साथ ही बाजार में अस्थिरता बढ़ाने वाला इंडेक्स India VIX भी ऊंचे स्तर पर पहुंच गया, रुपये पर दबाव बढ़ा और विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी रही. आइए जानते हैं सोमवार को शुरू होने वाले कारोबारी हफ्ते में ऐसे कौन-कौन से फैक्टर हैं जिनपर निवेशकों के नजरें रहने वाली हैं.

होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़ा तेल संकट

पश्चिम एशिया में चल रहा संघर्ष अब तीसरे हफ्ते में पहुंच चुका है और बाजार के लिए सबसे बड़ा फैक्टर बना हुआ है. Strait of Hormuz दुनिया का एक अहम समुद्री मार्ग है, जहां से करीब 20 प्रतिशत ग्लोबल ऑयल सप्लाई गुजरती है. अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते इस मार्ग पर खतरा बना हुआ है. रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिकी रक्षा बलों ने ईरान के महत्वपूर्ण तेल निर्यात टर्मिनल Kharg Island के पास सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है.

डोमेस्टिक डेटा

अगले हफ्ते भारत में कई महत्वपूर्ण आर्थिक आंकड़े जारी होने वाले हैं. 16 मार्च को फरवरी महीने के थोक मूल्य सूचकांक यानी WPI महंगाई, बेरोजगारी दर और व्यापार संतुलन के आंकड़े जारी होंगे. इसके अलावा 20 मार्च को बैंक लोन और डिपॉजिट ग्रोथ, विदेशी मुद्रा भंडार और फरवरी महीने के इंफ्रास्ट्रक्चर आउटपुट के आंकड़े भी जारी होंगे.

FII फ्लो, रुपया और डॉलर

अगले हफ्ते विदेशी निवेशकों, यानी Foreign Institutional Investors, की एक्टिविटी पर भी बाजार की नजर रहेगी. पश्चिम एशिया में तनाव, रुपये की कमजोरी और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण विदेशी निवेशकों ने हाल के दिनों में भारतीय बाजार से पैसा निकाला है.

इंडिया VIX

बाजार में अस्थिरता का संकेत देने वाला इंडेक्स India VIX भी हाल में तेजी से बढ़ा है. पिछले हफ्ते यह करीब 13.91 प्रतिशत बढ़कर 22.64 पर पहुंच गया, जो मई 2024 के बाद सबसे ऊंचा स्तर है. इससे पहले वाले हफ्ते में भी इसमें करीब 45 प्रतिशत की तेजी आई थी, जो बाजार में बढ़ती घबराहट को दिखाता है. जानकारों के मुताबिक बाजार में स्थिरता के लिए VIX का 13 के नीचे आना जरूरी होगा.

इसे भी पढ़ें- इन 7 शेयरों में आई भयानक तबाही! दो हफ्तों में 55 प्रतिशत तक टूटे स्टॉक्स, भाव ₹20 से कम

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.