अगले हफ्ते 9 कंपनियों का लॉक-इन पीरियड खत्म, 100 करोड़ से ज्यादा शेयर होंगे ट्रेडिंग के लिए फ्री; देखें लिस्ट

16 मार्च से शुरू होने वाले सप्ताह में 9 कंपनियों के शेयरों का लॉक-इन पीरियड समाप्त होने जा रहा है. इसके बाद Urban Company, ICICI Prudential AMC समेत कई कंपनियों के 100 करोड़ से ज्यादा शेयर बाजार में ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएंगे. हालांकि लॉक-इन खत्म होने का मतलब यह नहीं है कि सभी शेयर तुरंत बेच दिए जाएंगे, लेकिन इससे शेयरों में उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है.

इन स्टॉक्स का लॉक-इन-पीरियड होगा खत्म Image Credit: @Money9live

Lock-in-Period Ends of 6 Companies: शेयर बाजार में कॉरपोरेट गतिविधियां अक्सर निवेशकों के लिए अहम संकेत देती हैं. आने वाले सप्ताह में भी कुछ ऐसी ही हलचल देखने को मिल सकती है. दरअसल, 16 मार्च से शुरू होने वाले सप्ताह में कुल 9 कंपनियों के शेयरों का लॉक-इन पीरियड समाप्त होने जा रहा है. लॉक-इन खत्म होने के बाद इन कंपनियों के 100 करोड़ से ज्यादा शेयर बाजार में ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएंगे. हालांकि, यहां यह समझना जरूरी है कि लॉक-इन अवधि समाप्त होने का मतलब यह नहीं है कि सभी शेयरधारक तुरंत अपने शेयर बेच ही देंगे.

इसका केवल यह अर्थ होता है कि पहले जो शेयर एक निश्चित अवधि तक बेचने के लिए प्रतिबंधित थे, अब वे खुले बाजार में ट्रेडिंग के लिए पात्र हो जाएंगे. ऐसे मामलों में बाजार की धारणा और निवेशकों की रणनीति के आधार पर शेयरों की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. आइए जानते हैं कि आने वाले दिनों में किन कंपनियों के शेयर लॉक-इन से बाहर निकलने वाले हैं और कितने शेयर बाजार में उपलब्ध होंगे.

Park Medi World

सबसे पहले बात करें Park Medi World की. सोमवार 16 मार्च को इस कंपनी के करीब 85 लाख शेयर लॉक-इन से बाहर आ जाएंगे. यह कंपनी की कुल इक्विटी का लगभग 2 फीसदी हिस्सा है. दिलचस्प बात यह है कि कंपनी का शेयर अभी भी अपने IPO प्राइस 162 रुपये से करीब 19 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहा है.

Nephrocare Health Services

इसी दिन Nephrocare Health Services के भी करीब 28 लाख शेयर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएंगे, जो कंपनी की कुल इक्विटी का लगभग 3 फीसदी है. फिलहाल यह शेयर अपने IPO प्राइस 460 रुपये से लगभग 17 फीसदी ऊपर ट्रेड कर रहा है.

Fractal Analytics

Fractal Analytics के मामले में भी 16 मार्च को लॉक-इन अवधि समाप्त होगी. इसके बाद करीब 69 लाख शेयर बाजार में फ्री हो जाएंगे. यह कंपनी की कुल इक्विटी का लगभग 4 फीसदी हिस्सा है. हालांकि फिलहाल यह स्टॉक अपने 900 रुपये के IPO प्राइस से लगभग 12 फीसदी नीचे ट्रेड कर रहा है.

Aye Finance

वहीं Aye Finance के लिए भी 16 मार्च अहम तारीख होगी. कंपनी का एक महीने का लॉक-इन पीरियड इसी दिन समाप्त हो जाएगा. इसके बाद लगभग 1.76 करोड़ शेयर, जो कंपनी की कुल इक्विटी का करीब 7 फीसदी हैं, बाजार में ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएंगे.

Urban Company

Urban Company के लिए 17 मार्च एक बड़ा दिन रहने वाला है. इस दिन कंपनी के 6 महीने या उससे अधिक अवधि वाले लॉक-इन का अंत होगा. इसके बाद लगभग 94.09 करोड़ शेयर ट्रेडिंग के लिए खुले हो जाएंगे, जो कंपनी की कुल इक्विटी का करीब 66 फीसदी हिस्सा है. फिलहाल कंपनी का शेयर अपने IPO प्राइस 103 रुपये से करीब 7 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहा है.

ICICI Prudential AMC

ICICI Prudential AMC के भी कुछ शेयर लॉक-इन से बाहर आने वाले हैं. कंपनी का तीन महीने का लॉक-इन पीरियड 17 मार्च को समाप्त होगा. इसके बाद करीब 70 लाख शेयर, यानी कंपनी की कुल इक्विटी का लगभग 1 फीसदी, ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएगा. यह स्टॉक अभी भी अपने IPO प्राइस 2,165 रुपये से करीब 33 फीसदी ऊपर ट्रेड कर रहा है.

Rubicorn Research

Rubicorn Research के करीब 12 लाख शेयर 19 मार्च को लॉक-इन से बाहर आ जाएंगे. यह कंपनी की कुल इक्विटी का लगभग 1 फीसदी है. फिलहाल यह शेयर अपने IPO प्राइस 485 रुपये से करीब 57 फीसदी ऊपर ट्रेड कर रहा है.

KSH International

इसी दिन KSH International के भी करीब 28 लाख शेयर, यानी कंपनी की कुल इक्विटी का लगभग 4 फीसदी, ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएगा. कंपनी का शेयर फिलहाल अपने IPO प्राइस 392 रुपये के आसपास ही कारोबार कर रहा है.

DevAccelerator

DevAccelerator के शेयरों का लॉक-इन भी 19 मार्च को समाप्त होगा. इसके बाद करीब 3.35 करोड़ शेयर बाजार में ट्रेडिंग के लिए खुले हो जाएंगे. यह कंपनी की कुल इक्विटी का लगभग 37 फीसदी हिस्सा है.

निवेशकों के लिए क्या मायने?

लॉक-इन अवधि समाप्त होने के बाद अक्सर बाजार में लिक्विडिटी बढ़ने की संभावना रहती है, क्योंकि अधिक शेयर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाते हैं. हालांकि कीमतों पर इसका असर इस बात पर निर्भर करता है कि शुरुआती निवेशक या प्रमोटर अपने शेयर बेचते हैं या उन्हें होल्ड करके रखते हैं. इसलिए निवेशकों के लिए जरूरी है कि वे ऐसे कॉरपोरेट इवेंट्स पर नजर रखें, क्योंकि कई बार लॉक-इन खत्म होने के बाद शेयरों में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.

ये भी पढ़ें- Stock Split: 5900% रिटर्न देने वाली कंपनी का बड़ा ऐलान, 10 हिस्सों में बंटेंगे शेयर; रिकॉर्ड डेट भी तय

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.