TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

₹38.14 करोड़ का ऑर्डर, टाइम टेक्नोप्लास्ट को HPCL से मिला 1.40 लाख कंपोजिट LPG सिलेंडर सप्लाई का ठेका, शेयर पर रखें नजर

स्मॉल-कैप इंडस्ट्रियल पैकेजिंग कंपनी टाइम टेक्नोप्लास्ट लिमिटेड को हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) से ₹38.14 करोड़ का ऑर्डर मिला है. कंपनी 10 किलोग्राम क्षमता वाले 1.40 लाख टाइप-IV कंपोजिट LPG सिलेंडर की सप्लाई करेगी. यह ऑर्डर छह महीने में पूरा किया जाएगा. इस घोषणा के बाद कंपनी के शेयर में भी 2% से अधिक की तेजी देखने को मिली.

बैंकिंग शेयरों में उछाल. Image Credit: tv9 bharatvarsh

स्मॉल-कैप इंडस्ट्रियल पैकेजिंग कंपनी Time Technoplast लिमिटेड को हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) से ₹38.14 करोड़ का ऑर्डर मिला है. इस ऑर्डर के तहत कंपनी 10 किलोग्राम क्षमता वाले 1.40 लाख टाइप-IV कंपोजिट LPG सिलेंडर की सप्लाई करेगी. कंपनी के अनुसार यह ऑर्डर छह महीने के भीतर पूरा किया जाएगा. इस खबर के बाद शुक्रवार को कंपनी के शेयर में भी अच्छी तेजी देखने को मिली और आगे भी निवेशकों की नजर स्टॉक पर रहने वाली है.

HPCL से मिला ₹38.14 करोड़ का ऑर्डर

टाइम टेक्नोप्लास्ट ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि उसे गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) के माध्यम से HPCL से 1.40 लाख टाइप-IV कंपोजिट LPG सिलेंडर सप्लाई करने का ऑर्डर मिला है. इस ऑर्डर की कुल कीमत करीब ₹38.14 करोड़ है और इसकी डिलीवरी अगले छह महीनों में पूरी की जाएगी.

कंपोजिट LPG सिलेंडरों की बढ़ रही मांग

कंपनी का कहना है कि देश की ऑयल मार्केटिंग कंपनियां अब पारंपरिक स्टील सिलेंडरों की जगह कंपोजिट LPG सिलेंडरों को तेजी से अपना रही हैं. ये सिलेंडर हल्के होते हैं, ज्यादा सुरक्षित माने जाते हैं और उपभोक्ताओं के लिए इस्तेमाल में भी अधिक सुविधाजनक हैं. इस नए ऑर्डर से कंपोजिट सिलेंडर बाजार में कंपनी की मजबूत स्थिति और मजबूत होगी.

क्विक कॉमर्स के जरिए भी होगी सिलेंडर की डिलीवरी

कंपनी ने बताया कि HPCL ने हाल ही में प्रमुख क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के जरिए कंपोजिट LPG सिलेंडरों की ऑन-डिमांड डिलीवरी शुरू की है. टाइम टेक्नोप्लास्ट का मानना है कि इस पहल में उसकी भागीदारी आधुनिक और टिकाऊ पैकेजिंग समाधान उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

कंपनी ने दी महत्वपूर्ण जानकारी

टाइम टेक्नोप्लास्ट ने स्पष्ट किया कि यह ऑर्डर एक घरेलू सरकारी संस्था से मिला है. साथ ही यह किसी भी तरह का रिलेटेड पार्टी ट्रांजैक्शन नहीं है. कंपनी ने यह भी बताया कि उसके प्रमोटर या प्रमोटर समूह का ऑर्डर देने वाली संस्था में कोई हित नहीं है.

शेयर में दिखी तेजी

ऑर्डर मिलने की घोषणा के बाद शुक्रवार को निवेशकों का भरोसा कंपनी के शेयर पर भी देखने को मिला. कारोबारी सत्र के अंत में टाइम टेक्नोप्लास्ट का शेयर 2.32% की बढ़त के साथ ₹204.03 पर बंद हुआ, जबकि इसी दिन भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक भी मजबूती के साथ बंद हुए.

कंपनी के बारे में

टाइम टेक्नोप्लास्ट लिमिटेड एक बहुराष्ट्रीय कंपनी है, जो पॉलिमर और कंपोजिट आधारित उत्पादों का निर्माण करती है. कंपनी इंडस्ट्रियल पैकेजिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर, ऑटोमोबाइल, लाइफस्टाइल और मटेरियल हैंडलिंग जैसे कई क्षेत्रों में कारोबार करती है. इसके अलावा कंपनी टाइप-IV कंपोजिट LPG सिलेंडर, इंडस्ट्रियल पैकेजिंग और अन्य कंपोजिट उत्पादों के निर्माण में देश की प्रमुख कंपनियों में शामिल है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.