Titan vs Kalyan Jewellers: एक साल में किसने दिया ज्यादा रिटर्न, म्यूचुअल फंड की पसंद में बड़ा अंतर
टाइटन Company और कल्याण ज्वैलर्स ज्वेलरी सेक्टर के दो बड़े शेयर हैं. 22 अक्टूबर 2026 तक एक साल में टाइटन ने करीब 17% और कल्याण ने 13% रिटर्न दिया है. हालांकि म्यूचुअल फंड निवेश में बड़ा अंतर है. टाइटन को इंडेक्स और कंजम्प्शन फंड्स में जगह मिली है, जबकि कल्याण पर एक्टिव फंड मैनेजरों का दांव ज्यादा दिखता है.
Highlights
- टाइटन ने एक साल में करीब 17% रिटर्न दिया
- कल्याण ज्वैलर्स ने इसी अवधि में करीब 13% रिटर्न दिया
- Mutual Funds किस ज्वेलरी शेयर पर ज्यादा भरोसा करते हैं?
ज्वेलरी शेयरों में निवेश करने वालों के लिए टाइटन कंपनी और कल्याण ज्वैलर्स दो बड़े नाम हैं. पिछले एक साल में दोनों कंपनियों के शेयरों ने निवेशकों को अच्छा रिटर्न दिया है. 22 अक्टूबर 2026 तक टाइटन कंपनी के शेयर ने करीब 17%, जबकि कल्याण ज्वैलर्स ने करीब 13% रिटर्न दिया है. हालांकि दोनों कंपनियों में म्यूचुअल फंड की हिस्सेदारी और निवेश की रणनीति काफी अलग दिखाई देती है.
टाइटन ने दिया ज्यादा रिटर्न
एक साल के प्रदर्शन में टाइटन कंपनी फिलहाल कल्याण ज्वैलर्स से आगे है. टाइटन ने करीब 17% रिटर्न दिया है, जबकि कल्याण ज्वैलर्स का रिटर्न लगभग 13% रहा है. टाइटन का बाजार पूंजीकरण करीब ₹4 लाख करोड़ है और यह Nifty 50 का हिस्सा है. इसकी वजह से इंडेक्स, कंजम्प्शन और ग्रोथ आधारित फंड्स में टाइटन की मौजूदगी स्वाभाविक रूप से ज्यादा रहती है. दूसरी तरफ कल्याण ज्वैलर्स का बाजार पूंजीकरण करीब ₹57,000 करोड़ है. इसमें एक्टिव फंड मैनेजरों की पसंद ज्यादा दिखाई देती है.
इन म्यूचुअल फंड्स में टाइटन की ज्यादा हिस्सेदारी
सितंबर 2026 के आंकड़ों के अनुसार टाइटन में सबसे ज्यादा एलोकेशन वाले प्रमुख फंड्स में Groww Nifty Non-Cyclical Consumer Index Fund शामिल है, जिसमें टाइटन का वजन 8.23% है. इसके बाद HDFC NIFTY Growth Sectors 15 ETF में 8.16%, Baroda BNP Paribas India Consumption Fund में 7.79%, UTI India Consumer Fund में 7.43% और Tata India Consumer Fund में 6.91% एलोकेशन है. इससे पता चलता है कि टाइटन को कई फंड्स कंजम्प्शन और इंडेक्स एक्सपोजर के जरिए अपने पोर्टफोलियो में रखते हैं.
कल्याण ज्वैलर्स पर मोतीलाल ओसवाल की बड़ी दांव
कल्याण ज्वैलर्स की तस्वीर अलग है. इसके सबसे बड़े म्यूचुअल फंड होल्डर्स में मोतीलाल ओसवाल की कई योजनाएं शामिल हैं. मोतीलाल ओसवाल Flexi Cap Fund में कल्याण ज्वैलर्स का एलोकेशन 8.23% है. मोतीलाल ओसवाल मिड कैप फंड में यह 7.98%, मोतीलाल ओसवाल Consumption Fund में 5.17%, मोतीलाल ओसवाल Special Opportunities Fund में 4.98% और मोतीलाल ओसवाल Active Momentum Fund में 4.70% है. यानी कल्याण में निवेश ज्यादा एक्टिव स्टॉक-पिकिंग रणनीति का हिस्सा दिखाई देता है.
क्या कल्याण पर म्यूचुअल फंड का भरोसा ज्यादा है?
सिर्फ फंड होल्डिंग देखकर यह कहना सही नहीं होगा कि कल्याण में पूरे म्यूचुअल फंड उद्योग का भरोसा टाइटन से ज्यादा है. दरअसल दोनों कंपनियों की फंड में मौजूदगी का कारण अलग है. टाइटन की बड़ी हिस्सेदारी कई बार इंडेक्स और बेंचमार्क के वजन की वजह से आती है. वहीं कल्याण को एक्टिव फंड मैनेजर अपनी पसंद के आधार पर ज्यादा वजन देते हैं.
एक खास बात यह भी है कि जून 2026 के अंत में मोतीलाल ओसवाल मिड कैप फंड के पास कल्याण ज्वैलर्स में कंपनी की करीब 9% हिस्सेदारी थी. वहीं जून 2025 से जून 2026 के बीच म्यूचुअल फंड्स की टाइटन में कुल हिस्सेदारी 6.7% से बढ़कर 8.7% हुई.
फेस्टिव सीजन से दोनों कंपनियों को उम्मीद
ज्वेलरी कंपनियों के लिए इस समय फेस्टिव और वेडिंग सीजन बेहद अहम है. इस साल नवरात्रि, धनतेरस और दिवाली की टाइमिंग अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में है, जिससे ज्वेलरी बिक्री को सपोर्ट मिलने की उम्मीद है.
हालांकि एक चुनौती सोने की ऊंची कीमत है. सोने का भाव करीब ₹1.35 लाख प्रति 10 ग्राम के आसपास रहने से ज्वेलरी की औसत खरीद कीमत बढ़ी है. ऐसे में बिक्री की वैल्यू बढ़ सकती है, लेकिन ग्राहकों की संख्या उसी अनुपात में बढ़े, यह जरूरी नहीं है.
निवेशकों को क्या देखना चाहिए?
टाइटन और कल्याण दोनों में निवेश करने वालों को सिर्फ पिछले एक साल का रिटर्न नहीं देखना चाहिए. वैल्यूएशन, मार्जिन, फेस्टिव डिमांड और म्यूचुअल फंड पोर्टफोलियो में ओवरलैप भी महत्वपूर्ण हैं.
टाइटन का वैल्यूएशन कल्याण से काफी ज्यादा है, जिसे बाजार उसकी मजबूत ब्रांड पोजिशनिंग और ज्वेलरी बिजनेस की गुणवत्ता के लिए प्रीमियम के तौर पर देखता है. वहीं कल्याण अपेक्षाकृत कम वैल्यूएशन पर कारोबार करता है, लेकिन इसमें एक्जीक्यूशन और मार्जिन से जुड़े जोखिम ज्यादा हो सकते हैं.
इसलिए म्यूचुअल फंड निवेशकों को यह भी देखना चाहिए कि उनके अलग-अलग फंड्स में टाइटन या कल्याण की हिस्सेदारी बार-बार तो नहीं दोहराई जा रही है. एक ही शेयर कई फंड्स में होने से पोर्टफोलियो में वास्तविक डायवर्सिफिकेशन कम हो सकता है.
Latest Stories
Closing Bell: लगातार तीसरे दिन टूटा बाजार, निफ्टी 22700 के नीचे, सेंसेक्स 460 अंक गिरकर बंद; ऑटो, FMCG और IT में गिरावट
Two-Wheeler Stocks: कमजोर मानसून के बीच फेस्टिव डिमांड से मिलेगी ऑटो शेयरों को रफ्तार?
Engineering Exports: ट्रंप टैरिफ भी नहीं रोक पाया भारत की रफ्तार, 15.5% बढ़ा अमेरिका को निर्यात
