टॉप-10 कंपनियों में बड़ा उलटफेर, किसे हुआ फायदा-किसे नुकसान?

पिछले हफ्ते टॉप-10 कंपनियों में से चार की मार्केट कैप कुल ₹1.43 लाख करोड़ बढ़ी. SBI को सबसे ज्यादा फायदा हुआ. वहीं LIC, बजाज फाइनेंस, HDFC बैंक समेत छह कंपनियों की मार्केट कैप में ₹1.23 लाख करोड़ की गिरावट आई.

मार्केट कैप

Highlights

  • SBI की मार्केट कैप सबसे ज्यादा बढ़ी
  • चार कंपनियों की मार्केट कैप बढ़ी
  • छह कंपनियों की मार्केट कैप घटी

देश की सबसे ज्यादा मार्केट कैप वाली 10 कंपनियों में से 4 के बाजार मूल्य में पिछले हफ्ते कुल मिलाकर 1.43 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई. इनमें भारतीय स्टेट बैंक (SBI) को सबसे ज्यादा फायदा हुआ. पिछले हफ्ते शेयर बाजार में भी तेजी देखने को मिली. बीएसई का सेंसेक्स 404.53 अंक यानी 0.51 प्रतिशत चढ़ा. वहीं, एनएसई का निफ्टी 187.05 अंक यानी 0.76 प्रतिशत बढ़कर बंद हुआ.

चार कंपनियों की मार्केट कैप बढ़ी

टॉप-10 कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, SBI, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और लार्सन एंड टुब्रो (L&T) की मार्केट कैप में बढ़ोतरी हुई. इन चारों कंपनियों को मिलाकर 1.43 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का फायदा हुआ. दूसरी तरफ भारती एयरटेल, HDFC बैंक, ICICI बैंक, बजाज फाइनेंस, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) और हिंदुस्तान यूनिलीवर की मार्केट कैप में कुल 1.23 लाख करोड़ रुपये की कमी आई.

SBI को सबसे ज्यादा फायदा

पिछले हफ्ते SBI की मार्केट कैप 63,922.03 करोड़ रुपये बढ़ी. इसके बाद बैंक का कुल बाजार मूल्य बढ़कर 10,11,721.84 करोड़ रुपये हो गया. रिलायंस इंडस्ट्रीज की मार्केट कैप में 32,816.40 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह 18,01,925.19 करोड़ रुपये पर पहुंच गई. TCS का बाजार मूल्य भी 31,875.35 करोड़ रुपये बढ़कर 8,87,770.13 करोड़ रुपये हो गया. वहीं, L&T की मार्केट कैप 14,637.76 करोड़ रुपये बढ़कर 5,56,482.45 करोड़ रुपये पर पहुंच गई.

इन कंपनियों को हुआ नुकसान

दूसरी तरफ LIC की मार्केट कैप में सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली. इसका बाजार मूल्य 40,543.23 करोड़ रुपये घटकर 4,96,891.82 करोड़ रुपये रह गया. बजाज फाइनेंस की मार्केट कैप 37,168.96 करोड़ रुपये घटकर 6,73,648.55 करोड़ रुपये रह गई. HDFC बैंक का बाजार मूल्य भी 24,183.16 करोड़ रुपये घटकर 11,27,967.47 करोड़ रुपये पर आ गया. ICICI बैंक की मार्केट कैप 9,507.67 करोड़ रुपये कम होकर 10,20,370.63 करोड़ रुपये रह गई. वहीं, भारती एयरटेल की मार्केट कैप 7,581.65 करोड़ रुपये घटकर 12,22,423.98 करोड़ रुपये हो गई. हिंदुस्तान यूनिलीवर को भी नुकसान हुआ. इसकी मार्केट कैप 4,793.16 करोड़ रुपये घटकर 4,88,808.97 करोड़ रुपये रह गई.

सबसे ज्यादा मार्केट कैप वाली कंपनी कौन?

मार्केट कैप के हिसाब से रिलायंस इंडस्ट्रीज अभी भी देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है. इसके बाद भारती एयरटेल, HDFC बैंक, ICICI बैंक, SBI, TCS, बजाज फाइनेंस, L&T, LIC और हिंदुस्तान यूनिलीवर का नंबर आता है.

यह भी पढ़ें- SBI जैसी परफॉर्मेंस, फिर भी 63% तक डिस्काउंट के साथ बाजार में ट्रेड हो रहे ये 3 शेयर