Top Stock to Watch: रिलायंस, विप्रो, जियो फाइनेंशियल से लेकर यस बैंक तक, आज इन शेयरों पर रहेगी नजर
Top Stock to Watch Today: रिलायंस इंडस्ट्रीज, विप्रो, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, टाटा कम्युनिकेशंस, यस बैंक और पंजाब नेशनल बैंक समेत कई शेयर कारोबार के दौरान फोकस में रह सकते हैं. निवेशकों के नजरें तिमाही के नतीजों पर भी रहेगी.
Highlights
- गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में जोरदार रिकवरी देखने को मिली.
- जियो फाइनेंशियल सर्विसेज का दूसरी तिमाही का नेट प्रॉफिट घटा.
- टेक महिंद्रा का नेट प्रॉफिट पिछली तिमाही के मुकाबले 6.7 फीसदी बढ़ा.
Top Stock to Watch Today: गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में जोरदार रिकवरी देखने को मिली. सेंसेक्स और निफ्टी में 1 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई. शुक्रवार को निवेशकों की नजर कंपनियों के दूसरी तिमाही (Q2 FY27) के नतीजों, कॉरपोरेट घोषणाओं, फंड जुटाने की योजनाओं और कानूनी घटनाक्रमों पर रहेगी. रिलायंस इंडस्ट्रीज, विप्रो, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, टाटा कम्युनिकेशंस, यस बैंक और पंजाब नेशनल बैंक समेत कई शेयर कारोबार के दौरान फोकस में रह सकते हैं.
रिलायंस इंडस्ट्रीज
रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल यूनिट जियो प्लेटफॉर्म्स का प्रस्तावित आईपीओ निवेशकों के रडार पर है. आकाश अंबानी ने वित्त वर्ष 2030-31 तक भारत की अनुमानित 1.4 लाख करोड़ डॉलर की डिजिटल अर्थव्यवस्था में बड़ी हिस्सेदारी हासिल करने का लक्ष्य सामने रखा है.
उन्होंने निवेशकों के सामने जियो की तकनीकी क्षमताओं, बढ़ते पेटेंट पोर्टफोलियो और देशव्यापी 5G नेटवर्क को प्रमुखता से रखा है. करीब 30,000 करोड़ रुपये का यह आईपीओ 21 अक्टूबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने और 23 अक्टूबर को बंद होने वाला है.
विप्रो
आईटी सेवा कंपनी विप्रो ने वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही के लिए कॉन्स्टेंट करेंसी आधार पर तिमाही-दर-तिमाही रेवेन्यू वृद्धि का अनुमान 1.5 फीसदी से 0.5 फीसदी के बीच रखा है. दूसरी तिमाही में कंपनी का डॉलर रेवेन्यू 2,611.5 मिलियन डॉलर रहा, जो पिछली तिमाही के मुकाबले 0.1 फीसदी कम है. रुपये में रेवेन्यू 24,478.6 करोड़ रुपये से बढ़कर 24,667 करोड़ रुपये हो गया. वहीं, नेट प्रॉफिट पिछली तिमाही के 3,352 करोड़ रुपये से घटकर 3,199.7 करोड़ रुपये रह गया.
टाटा कम्युनिकेशंस
टाटा कम्युनिकेशंस के नतीजों में मजबूत वृद्धि दर्ज की गई. वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 86.3 फीसदी बढ़कर 341 करोड़ रुपये हो गया. पिछले साल इसी तिमाही में यह 183 करोड़ रुपये था.
कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू 9.6 फीसदी बढ़कर 6,688 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल यह 6,100 करोड़ रुपये था. EBITDA भी 21.1 फीसदी बढ़कर 1,422 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो एक साल पहले 1,174 करोड़ रुपये था.
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज का दूसरी तिमाही का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 51 फीसदी गिरकर 340 करोड़ रुपये रहा. पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी ने 695 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था. हालांकि, प्री-प्रोविजनिंग ऑपरेटिंग प्रॉफिट में मजबूती दिखी. यह 85 फीसदी बढ़कर 574 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल की समान अवधि में 310 करोड़ रुपये था. इससे रिपोर्टेड मुनाफे में गिरावट के बावजूद ऑपरेटिंग कमाई में सुधार का संकेत मिलता है.
टेक महिंद्रा
टेक महिंद्रा का नेट प्रॉफिट पिछली तिमाही के मुकाबले 6.7 फीसदी बढ़कर 1,586 करोड़ रुपये रहा. इससे पहले यह 1,486 करोड़ रुपये था. कंपनी का रेवेन्यू भी 3 फीसदी बढ़कर 16,180.2 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछली तिमाही में यह 15,712 करोड़ रुपये था. कंपनी ने प्रति शेयर 15 रुपये के अंतरिम डिविडेंड की घोषणा की है. इसके अलावा, शेयरधारकों और अन्य जरूरी मंजूरियों के अधीन 1:1 बोनस शेयर जारी करने को भी मंजूरी दी गई है.
एंजेल वन
ब्रोकरेज कंपनी एंजेल वन ने 1.40 रुपये प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है. कंपनी का नेट प्रॉफिट तिमाही आधार पर 44.7 फीसदी बढ़कर 334.9 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछली तिमाही में यह 231.4 करोड़ रुपये था. रेवेन्यू लगभग स्थिर रहा और 1,426.9 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.
यस बैंक
यस बैंक के लिए सुप्रीम कोर्ट का फैसला अहम है. अदालत ने 2023 के बॉम्बे हाई कोर्ट के उस फैसले को बरकरार रखा, जिसमें बैंक के 2020 के वित्तीय संकट के दौरान करीब 8,415 करोड़ रुपये के अतिरिक्त टियर-1 (AT-1) बॉन्ड को राइट-ऑफ करने के फैसले को रद्द किया गया था. इस घटनाक्रम से बैंक की पूंजी और बॉन्डधारकों से जुड़े मामले पर फिर ध्यान गया है. इसके वित्तीय प्रभाव का आकलन विस्तृत फैसले और उसके एग्जीक्यूशन के आधार पर करना होगा.
पर्सिस्टेंट सिस्टम्स
पर्सिस्टेंट सिस्टम्स का नेट प्रॉफिट तिमाही आधार पर 27.2 फीसदी घटकर 352 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछली तिमाही में 483 करोड़ रुपये था. हालांकि, कंपनी के रेवेन्यू में बढ़ोतरी हुई. रुपये में रेवेन्यू 8.4 फीसदी बढ़कर 4,664 करोड़ रुपये रहा. डॉलर में रेवेन्यू 7.8 फीसदी बढ़कर 487.6 मिलियन डॉलर हो गया.
मैनकाइंड फार्मा
मैनकाइंड फार्मा ने बताया कि सेबी में रजिस्टर्ड ईएसजी रेटिंग एजेंसी एनएसई सस्टेनेबिलिटी रेटिंग्स एंड एनालिटिक्स ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कंपनी को 71 का ईएसजी स्कोर दिया है. कंपनी ने स्पष्ट किया कि उसने इस आकलन के लिए एजेंसी को नियुक्त नहीं किया था.
यह रेटिंग सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी के आधार पर स्वतंत्र रूप से दी गई है. ईएसजी स्कोर में पर्यावरण, सामाजिक जिम्मेदारी और कॉरपोरेट गवर्नेंस जैसे पहलुओं का आकलन किया जाता है.
डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
SEBI ने CAS नियमों में बदलाव किया, डेरिवेटिव्स एक्सपायरी सेटलमेंट का भी तरीका बदला, जानें- नया फ्रेमवर्क
Jio IPO Platforms: नेट डेट-फ्री बनेगी जियो, आकाश अंबानी ने बताया कंपनी का मिशन
इन 3 शेयरों में बन सकता है कमाई का मौका, जानें खरीदारी का भाव, टारगेट और स्टॉप लॉस
