2000 रुपये से ऊपर के UPI पेमेंट पर MDR, Paytm या Pine Labs; किसके लिए बड़ा मौका

15 अक्टूबर 2026 से 2000 रुपये से ज्यादा के पात्र UPI मर्चेंट पेमेंट पर 0.4 फीसदी MDR लागू होगा. इससे Paytm और Pine Labs जैसी पेमेंट कंपनियों के लिए नई कमाई का रास्ता खुल सकता है. हालांकि पूरी MDR फीस इन कंपनियों की कमाई नहीं होगी, क्योंकि इसका हिस्सा बैंक और पेमेंट सिस्टम के दूसरे हिस्सेदारों को जाएगा.

Paytm को UPI ऐप और मर्चेंट दोनों तरफ से कमाई का मौका. Image Credit: money9live

Highlights

  • 2000 रुपये से ज्यादा के पात्र UPI पेमेंट पर 0.4 फीसदी MDR लागू होगा. .
  • 15 अक्टूबर 2026 से नई MDR व्यवस्था लागू होने की बात कही गई है.
  • 2000 रुपये से ज्यादा के पेमेंट संख्या में करीब 4 फीसदी हो सकते हैं.

UPI से पेमेंट करने वालों के लिए आने वाले समय में एक बड़ा बदलाव होने वाला है. 15 अक्टूबर 2026 से कुछ चुनिंदा UPI मर्चेंट पेमेंट पर 0.4 फीसदी MDR लागू होगा. यह चार्ज 2000 रुपये से ज्यादा के पात्र P2M यानी व्यक्ति से दुकानदार को होने वाले पेमेंट पर लागू होगा. हालांकि हर 2000 रुपये से ज्यादा के पेमेंट पर पूरी 0.4 फीसदी फीस नहीं लगेगी. कई ट्रांजेक्शन और सेक्टर इस व्यवस्था से बाहर रहेंगे या उन पर अलग दर और डेडलाइन लागू हो सकती है. इस बदलाव से Paytm और Pine Labs जैसी पेमेंट कंपनियों के लिए नई कमाई का रास्ता खुल सकता है.

ऊपर के पेमेंट पर क्या बदलेगा

नई व्यवस्था में 2000 रुपये से ज्यादा के पात्र मर्चेंट UPI पेमेंट पर 0.4 फीसदी MDR लगाया जाएगा. MDR यानी मर्चेंट डिस्काउंट रेट वह फीस है जो डिजिटल पेमेंट स्वीकार करने के लिए पेमेंट सिस्टम में लगती है. अभी तक UPI के कई मर्चेंट पेमेंट पर जीरो MDR व्यवस्था रही है. नई व्यवस्था से पेमेंट कंपनियों को कुछ ट्रांजेक्शन से कमाई का मौका मिलेगा. हालांकि 0.4 फीसदी की पूरी रकम Paytm या Pine Labs की इनकम नहीं बनेगी.

MDR के दायरे में आएंगे

इस बदलाव का असर ट्रांजेक्शन की संख्या और उनकी कुल वैल्यू के हिसाब से अलग होगा. Mirae Asset Sharekhan के अनुसार 2000 रुपये से ज्यादा के पेमेंट संख्या के हिसाब से करीब 4 फीसदी हो सकते हैं. लेकिन वैल्यू के हिसाब से इनका हिस्सा करीब दो तिहाई तक हो सकता है. इसका मतलब यह है कि संख्या में इन पेमेंट की हिस्सेदारी कम है लेकिन कुल UPI मर्चेंट पेमेंट वैल्यू में इनका योगदान काफी बड़ा है. इसी वजह से MDR का नया मॉडल पेमेंट कंपनियों के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है.

Pine Labs के लिए मर्चेंट कारोबार से मौका

Pine Labs मर्चेंट एक्वायरिंग और पेमेंट एक्सेप्टेंस कारोबार में काम करती है. ऐसे में MDR व्यवस्था से कंपनी को मर्चेंट साइड पर नई कमाई का मौका मिल सकता है. जानकारों के मानना है कि सालाना MDR पूल करीब 20000 से 22000 करोड़ रुपये हो सकता है. इसमें मर्चेंट एक्वायरर का हिस्सा करीब 30 फीसदी रहने का अनुमान है. हालांकि यह पूरी रकम Pine Labs की कमाई नहीं होगी क्योंकि पेमेंट सिस्टम में कई हिस्सेदार होते हैं.

UPI ऐप और मर्चेंट दोनों तरफ फायदा

Paytm की स्थिति अलग है क्योंकि कंपनी UPI ऐप के साथ मर्चेंट पेमेंट कारोबार में भी मौजूद है. Mirae Asset Sharekhan के अनुसार Paytm को UPI ट्रांजेक्शन के दोनों तरफ कमाई का मौका मिल सकता है. ग्राहक Paytm ऐप से पेमेंट करता है तो कंपनी को UPI ऐप प्रोवाइडर के हिस्से से कमाई हो सकती है. वहीं Paytm के QR और Soundbox के जरिए मर्चेंट पेमेंट होने पर मर्चेंट साइड से भी कमाई का अवसर बन सकता है.

पूरी फीस कंपनियों को नहीं मिलेगी

यह समझना जरूरी है कि 2000 रुपये के पेमेंट पर 0.4 फीसदी MDR का मतलब यह नहीं है कि पूरी रकम Paytm या Pine Labs की कमाई बन जाएगी. UPI सिस्टम में बैंक, ऐप प्रोवाइडर और पेमेंट एग्रीगेटर जैसे कई हिस्सेदार होते हैं. एक्सपर्ट के मुताबिक, MDR में से अलग- अलग हिस्सेदारों को हिस्सा मिल सकता है. इसके अलावा कुछ पेमेंट कैटेगरी में कम दर या चार्ज की लिमिट हो सकती है. इसलिए वास्तविक टेक रेट 0.4 फीसदी से काफी कम हो सकता है.

ये भी पढ़ें- Tata Sons में फिर छिड़ी जंग, Chandrasekaran की री-अपॉइंटमेंट पर क्यों हुआ विवाद?

कंपनियों की कमाई पर कितना असर

Emkay ने अलग अलग टेक रेट मानकर Paytm और Pine Labs के लिए MDR से संभावित कमाई का अनुमान लगाया है. उसके अनुसार FY28 में Paytm के लिए UPI MDR रेवेन्यू करीब 1120 करोड़ रुपये और Pine Labs के लिए करीब 155 करोड़ रुपये हो सकता है. वहीं Jefferies ने FY28 में Pine Labs के लिए करीब 160 करोड़ रुपये की अतिरिक्त रेवेन्यू संभावना बताई है. Paytm के मामले में Jefferies ने MDR से FY29 की कमाई में 10 से 12 फीसदी तक अतिरिक्त असर का अनुमान लगाया है.

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.