52 वीक हाई से 49% डिस्काउंट पर ट्रेड कर रहें विजय केडिया के 2 फेवरेट स्टॉक्स, फिर भी भरोसा कायम, क्या दांव का सही मौका
विजय केडिया के पोर्टफोलियो के दो शेयर Sudarshan Chemical और Global Vectra Helicorp अपने 52-वीक हाई से 49% तक नीचे ट्रेड कर रहे हैं. गिरावट के बावजूद केडिया ने इन कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी बरकरार रखी है, जिससे लंबी अवधि की उम्मीद का संकेत मिलता है.
Vijay Kedia Portfolio: शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक विजय केडिया अपनी खास निवेश रणनीति के लिए जाने जाते हैं. वे ऐसी कंपनियां जो आकार में छोटी हों लेकिन उनके पास बड़ा ग्रोथ पोटेंशियल हो, इनमें निवेश पसंद करते हैं. अगर कोई कंपनी इन मानकों पर खरी उतरती है तो केडिया उस पर लंबी अवधि के लिए भरोसा रखते हैं, फिर भले ही शेयर पर दबाव क्यों न हो. ऐसा ही हाल उनके पोर्टफोलियो में मौजूद 2 शेयरों में देखने को मिल रहा है. ये शेयर करीब 49 फीसदी तक डिस्काउंट पर ट्रेड कर रहे हैं, लेकिन दिग्गज निवेशक का भरोसा इस पर कायम है. तो कितना है इनमें दम और क्या दांव लगाने का है सही मौका, यहां करें चेक.
Sudarshan Chemical Industries Ltd
सुदर्शन केमिकल इंडस्ट्रीज की स्थापना 1974 में हुई थी. कंपनी ऑर्गेनिक और इनऑर्गेनिक पिगमेंट्स के निर्माण और बिक्री के कारोबार में है. इसके अलावा कंपनी इंडस्ट्रियल एप्लिकेशन के लिए पॉल्यूशन कंट्रोल इक्विपमेंट, साइज रिडक्शन इक्विपमेंट और ग्राइंडिंग इक्विपमेंट भी बनाती है.
कितनी हिस्सेदारी?
6,487 करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली यह दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी पिगमेंट मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों में शामिल है. विजय केडिया इस कंपनी में कम से कम दिसंबर 2015 से निवेशित हैं. ट्रेंडलाइन के मुताबिक दिसंबर 2025 तक उनके पास कंपनी में करीब 1.3% हिस्सेदारी है जिसकी वैल्यू लगभग 82.1 करोड़ रुपये है.
कंपनी में संस्थागत निवेशकों की दिलचस्पी भी बढ़ी है. दिसंबर 2024 में जहां DII की हिस्सेदारी 19% थी, वहीं दिसंबर 2025 तक यह बढ़कर 25% हो गई.
वित्तीय प्रदर्शन
कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन पर नजर डालें तो FY20 में कंपनी की बिक्री 1,708 करोड़ रुपये थी जो FY25 में बढ़कर 3,346 करोड़ रुपये हो गई. यानी करीब 14% की कंपाउंड ग्रोथ. वहीं EBITDA FY20 के 248 करोड़ रुपये से बढ़कर FY25 में 383 करोड़ रुपये हो गया.
घाटे में इजाफा
हाल के महीनों में कंपनी के मुनाफे पर दबाव देखने को मिला है. दिसंबर 2025 तक के तीन तिमाहियों में कंपनी को करीब 42 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है, जिसमें दिसंबर तिमाही में अकेले 116 करोड़ रुपये का नुकसान दर्ज हुआ.
डिस्काउंट पर शेयर
सुदर्शन केमिकल के शेयर की वर्तमान कीमत 820.70 रुपये है. इसका 52 वीक हाई 1603 रुपये है, ऐसे में शेयर अपने ऑल टाइम हाई से लगभग 48.8% (करीब 49%) नीचे ट्रेड कर रहा है.
Global Vectra Helicorp Ltd
ग्लोबल वेक्ट्रा हेलीकॉर्प की स्थापना 1988 में हुई थी और यह हेलीकॉप्टर चार्टर सेवाएं प्रदान करने वाली भारत की सबसे बड़ी निजी कंपनियों में से एक है. कंपनी ने अब तक 2.6 लाख घंटों से ज्यादा सुरक्षित उड़ान और 46 लाख से ज्यादा यात्रियों को सुरक्षित सेवा देने का रिकॉर्ड बनाया है.
कितनी हिस्सेदारी?
विजय केडिया ने इस कंपनी में पहली बार मार्च 2024 तिमाही में निवेश किया था. फिलहाल उनके पास व्यक्तिगत रूप से करीब 3% हिस्सेदारी है. वहीं उनकी कंपनी Kedia Securities Private Limited के जरिए 1.86% हिस्सेदारी है. यानी कुल मिलाकर उनके पास इसकी 4.9% हिस्सेदारी जिसकी वैल्यू करीब 10.5 करोड़ रुपये है.
कर्ज ने बढ़ाई चिंता
कंपनी की सबसे बड़ी चिंता इसका भारी कर्ज है. कंपनी पर करीब 635 करोड़ रुपये का कर्ज है और इसका डेट-टू-इक्विटी रेशियो 141 तक पहुंच चुका है. साथ ही मुनाफे में लगातार गिरावट देखने को मिली है. दिसंबर 2025 तक के तीन तिमाहियों में कंपनी को करीब 17 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है. हालांकि कंपनी की बिक्री FY20 के 457 करोड़ रुपये से बढ़कर FY25 में 542 करोड़ रुपये हो गई.
सस्ते में मिल रहा शेयर
ग्लोबल वेट्रा के शेयर का 52 वीक हाई 280.50 रुपये है, जबकि वर्तमान कीमत 153.90 रुपये है तो शेयर अपने 52-वीक हाई से लगभग 45.1% नीचे ट्रेड कर रहा है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
