Apple ने लगाया ट्रेड सीक्रेट चोरी का आरोप, OpenAI ने खोली पोल!

OpenAI ने Apple के ट्रेड सीक्रेट चोरी के आरोपों को खारिज करते हुए अमेरिकी अदालत से मुकदमा खत्म करने की मांग की है. कंपनी ने Apple के आरोपों को बेबुनियाद बताया और सामान्य भर्ती प्रक्रिया को जासूसी बताने का आरोप लगाया.

Apple के आरोपों को OpenAI ने बताया बेबुनियाद Image Credit:

OpenAI ने Apple के ट्रेड सीक्रेट चोरी के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए अमेरिकी अदालत से मुकदमा खारिज करने की मांग की है. कंपनी का कहना है कि Apple ने तथ्यों की पर्याप्त जांच किए बिना केस दायर किया और सामान्य भर्ती प्रक्रिया को जासूसी के तौर पर पेश किया.

Apple के आरोपों को OpenAI ने बताया बेबुनियाद

ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI ने Apple के मुकदमे को खारिज करने के लिए अमेरिकी संघीय अदालत का रुख किया है. Apple ने OpenAI पर अपने कर्मचारियों को भर्ती करके कंपनी की गोपनीय जानकारी और ट्रेड सीक्रेट हासिल करने का आरोप लगाया है. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, OpenAI के वकीलों ने अदालत में कहा कि Apple के आरोपों में कोई ठोस आधार नहीं है.

OpenAI का कहना है कि Apple ने मुकदमा दायर करने से पहले मामले से जुड़े तथ्यों की पर्याप्त जांच नहीं की. कंपनी ने आरोप लगाया कि Apple अपनी AI प्रतिभाओं को रोककर रखने में नाकाम रहने की भरपाई कानूनी कार्रवाई के जरिए करना चाहता है.

कर्मचारियों के काम को गलत तरीके से पेश करने का आरोप

OpenAI ने कहा कि उसके चीफ हार्डवेयर ऑफिसर टैंग टैन ने इंडस्ट्री में अपनाई जाने वाली सामान्य भर्ती प्रक्रिया के तहत इंटरव्यू किए थे. कंपनी ने पूर्व Apple इंजीनियर चांग लियू पर लगाए गए आरोपों को भी खारिज किया.

Apple का आरोप है कि लियू ने OpenAI में शामिल होने के बाद कंपनी की गोपनीय हार्डवेयर फाइलें डाउनलोड की थीं. हालांकि, OpenAI के मुताबिक, लियू Apple के ही एक पूर्व सहयोगी की मदद कर रहे थे. उस कर्मचारी ने उनसे चल रहे काम के लिए जरूरी जानकारी खोजने में मदद मांगी थी.

OpenAI के वकीलों ने अदालत में दाखिल दस्तावेज में कहा कि Apple ने बातचीत के कुछ हिस्सों को संदर्भ से अलग करके पेश किया है. उन्होंने Apple के मुकदमे को “अंदर से पूरी तरह सड़ा हुआ” बताया.

OpenAI ने Apple की AI रणनीति पर साधा निशाना

OpenAI ने अपनी याचिका में Apple की AI रणनीति पर भी सवाल उठाए हैं. कंपनी का दावा है कि Apple अपने प्रोडक्ट्स में AI को प्रभावी ढंग से शामिल करने में संघर्ष कर रहा है. OpenAI के मुताबिक, Apple सामान्य भर्ती प्रक्रिया को कॉर्पोरेट जासूसी के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहा है.

Apple ने 10 और कर्मचारियों पर जताया शक

इस बीच Apple ने कानूनी लड़ाई को और बढ़ा दिया है. कंपनी ने दावा किया है कि उसे कम से कम 10 और पूर्व कर्मचारियों के बारे में पता चला है, जो कथित ट्रेड सीक्रेट चोरी में शामिल हो सकते हैं.

Apple ने अदालत से अंतरिम आदेश की भी मांग की है. कंपनी चाहती है कि OpenAI को कथित तौर पर चुराई गई जानकारी का इस्तेमाल करने से रोका जाए और Apple की गोपनीय जानकारी वापस करने का आदेश दिया जाए.

Apple ने OpenAI पर क्यों किया मुकदमा?

Apple ने पिछले महीने OpenAI और उसके चीफ हार्डवेयर ऑफिसर टैंग टैन के खिलाफ केस दायर किया था. आरोप है कि OpenAI ने Apple के कर्मचारियों को अपने यहां भर्ती कर गोपनीय जानकारी हासिल करने की कोशिश की. हालांकि, OpenAI इन आरोपों को खारिज कर रहा है और अदालत से पूरे मुकदमे को ही खत्म करने की मांग कर रहा है.

यह भी पढ़ें- AI का नया खतरा! हैकर्स आपके WhatsApp कॉन्टैक्ट्स को भेज सकते हैं स्पैम