IT कंपनी लेकिन काम बिल्कुल अलग, 40% रेवेन्यू ग्रोथ, ऐसे बना रही कमाई का नया मॉडल, रखें नजर

Indegene एक ऐसी IT कंपनी है जिसका काम IT कंपनियों से काफी अलग है. कंपनी सीधे फार्मा और मेडिकल डिवाइस कंपनियों के लिए टेक्निकल बेस्ड सर्विस देती है. वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का रेवेन्यू 23.6 फीसदी बढ़कर 3511 करोड़ रुपये रहा. वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में रेवेन्यू करीब 40 फीसदी बढ़कर 1063 करोड़ रुपये पहुंच गया.

वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का रेवेन्यू 23.6 फीसदी बढ़कर 3511 करोड़ रुपये रहा. Image Credit: Canva/ Money9

Highlights

  • Indegene का रेवेन्यू वित्त वर्ष 2026 में 23.6 फीसदी बढ़कर 3511 करोड़ रुपये पहुंचा गया है.
  • कंपनी का प्रति कर्मचारी रेवेन्यू करीब 75000 डॉलर है.
  • दुनिया की टॉप 20 बायोफार्मा कंपनियों के साथ कारोबार इंडेजीन के ग्रोथ मॉडल की बड़ी ताकत हैं.

देश की IT कंपनियां इस समय धीमी मांग और AI बदलाव के दौर से गुजर रही हैं. Infosys और TCS जैसी बड़ी कंपनियों के सामने ग्रोथ को बनाए रखने की चुनौती है. इसी बीच Indegene ने अपनी अलग रणनीति के दम पर तेज ग्रोथ दर्ज की है. कंपनी का काम ट्रेडिशनल IT कंपनियों से काफी अलग है. Indegene केवल फार्मा और मेडिकल डिवाइस कंपनियों के लिए टेक्नोलॉजी बेस्ड सर्विस सेवाएं देती है. जून तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू करीब 40 फीसदी बढ़ा है.

IT कंपनियों से अलग क्यों

Indegene को समझने के लिए सबसे पहले इसके बिजनेस मॉडल को समझना जरूरी है. कंपनी सामान्य IT कंपनियों की तरह केवल एप्लीकेशन डेवलपमेंट, क्लाउड माइग्रेशन या इंफ्रास्ट्रक्चर मैनेजमेंट का काम नहीं करती है. इसका पूरा फोकस फार्मा और मेडिकल डिवाइस कंपनियों पर है. कंपनी इन कंपनियों को दवाओं के बाजार में आने से लेकर रेगुलेटरी और कमर्शियल काम में टेक्नोलॉजी बेस्ड मदद देती है. इस काम में तकनीक के साथ मेडिकल और रेगुलेटरी जानकारी भी जरूरी होती है. यही वजह है कि इसका बिजनेस पारंपरिक IT मॉडल से अलग दिखाई देता है.

फार्मा कंपनियों के साथ काम

नई दवा को बाजार में लाने की प्रक्रिया काफी जटिल होती है. इसमें कई देशों के नियमों का पालन करना पड़ता है और बड़ी मात्रा में साइंटिफिक डॉक्यूमेंट तैयार करने होते हैं. इसके अलावा डॉक्टरों को दवा की जानकारी देना और बाजार में आने के बाद उसकी सुरक्षा पर नजर रखना भी जरूरी होता है. Indegene इसी पूरे सिस्टम में तकनीक की मदद से सर्विस देती है. कंपनी के 27 फीसदी से ज्यादा कर्मचारियों में डॉक्टर, पीएचडी, मेडिकल राइटर और रेगुलेटरी विशेषज्ञ शामिल हैं.

40 फीसदी के करीब रेवेन्यू ग्रोथ

Indegene की तेज ग्रोथ इसके वित्तीय आंकड़ों में भी दिखाई देती है. वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू 23.6 फीसदी बढ़कर 3511 करोड़ रुपये पहुंच गया. इसके बाद वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 39.7 फीसदी बढ़कर 1063 करोड़ रुपये हो गया. यह ग्रोथ कंपनी को देश की तेजी से बढ़ने वाली लिस्टेड IT कंपनियों में शामिल करती है. ग्रोथ को मौजूदा ग्राहकों से ज्यादा कारोबार, हालिया अधिग्रहण और AI आधारित लाइफ साइंस सर्विस की मांग से मदद मिली है.

रेवेन्यू प्रति कर्मचारी में भी बड़ी बढ़त

Indegene के बिजनेस मॉडल की एक खास बात इसका रेवेन्यू प्रति कर्मचारी है. कंपनी का रेवेन्यू प्रति कर्मचारी करीब 3 साल पहले 56000 डॉलर के आसपास था. अब यह बढ़कर करीब 75000 डॉलर हो गया है. वहीं बड़ी भारतीय IT कंपनियों में यह आंकड़ा आम तौर पर 40000 से 50000 डॉलर के बीच रहता है. इसका मतलब यह है कि Indegene केवल ज्यादा कर्मचारियों के दम पर ग्रोथ नहीं कर रही है. कंपनी ज्यादा वैल्यू वाले काम और एक्सपर्ट सर्विस के जरिए प्रति कर्मचारी ज्यादा कारोबार पैदा कर रही है.

यह भी पढ़ें- Trent Q1 Result: मुनाफा 26% बढ़कर ₹532 करोड़ पहुंचा, रेवेन्यू भी 18.5% बढ़ा, फिर भी टूटे शेयर

मार्जिन में गिरावट निवेशकों के लिए चिंता

तेज रेवेन्यू ग्रोथ के बावजूद Indegene की कमाई में एक चुनौती भी दिखाई दे रही है. कंपनी का EBITDA मार्जिन वित्त वर्ष 2024 में 20.7 फीसदी था, जो वित्त वर्ष 2026 में घटकर 17.8 फीसदी रह गया. वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में यह और घटकर 16.9 फीसदी हो गया.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.