जुलाई में ऑटो बिक्री ने तोड़ा रिकॉर्ड, 26 फीसदी बढ़ी बिक्री, EV ने भी बनाया नया रिकॉर्ड
जुलाई में भारत की ऑटो रिटेल बिक्री 25.89 फीसदी बढ़कर 2591138 यूनिट पहुंच गई. फाडा के मुताबिक दोपहिया वाहनों की बिक्री 28.25 फीसदी और पैसेंजर व्हीकल की बिक्री 19.13 फीसदी बढ़ी. इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री भी रिकॉर्ड 327901 यूनिट रही. ईवी की हिस्सेदारी 12.7 फीसदी तक पहुंच गई.
Highlights
- जुलाई में देश की कुल ऑटो रिटेल बिक्री 25.89 फीसदी बढ़कर 25,91,138 यूनिट पहुंच गई.
- दोपहिया वाहनों की बिक्री 28.25 फीसदी बढ़ी, जबकि पैसेंजर व्हीकल बिक्री में 19.13 फीसदी की तेजी रही.
- इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री जुलाई में रिकॉर्ड 327901 यूनिट रही और ईवी की कुल हिस्सेदारी 12.7 फीसदी पहुंच गई.
July Auto Sales: ऑटो सेक्टर की बिक्री में जोरदार उछाल देखने को मिला है. जुलाई में देश में कुल ऑटो रिटेल बिक्री 25.89 फीसदी बढ़ी है. इस दौरान कुल 2591138 वाहन बिके, जबकि पिछले साल जुलाई में 2058325 यूनिट की बिक्री हुई थी. खास बात यह है कि जुलाई में ऑटो सेक्टर की हर प्रमुख कैटेगरी ने रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की. GST में बदलाव, आसान फाइनेंस और त्योहारी मांग से बाजार को सपोर्ट मिला है.
जुलाई में ऑटो बिक्री ने बनाया नया रिकॉर्ड
फाडा के मुताबिक, जुलाई 2026 में कुल ऑटो रिटेल बिक्री 25.89 फीसदी बढ़कर 2591138 यूनिट हो गई. पिछले साल इसी महीने में 2058325 यूनिट की बिक्री हुई थी. यानी एक साल में बिक्री में करीब 5.33 लाख यूनिट की बढ़ोतरी हुई है. फाडा ने बताया कि जुलाई में दोपहिया, तीनपहिया, पैसेंजर व्हीकल, कमर्शियल व्हीकल, ट्रैक्टर और व्हील्ड कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट सभी कैटेगरी में जुलाई की सबसे ज्यादा बिक्री दर्ज हुई.
दोपहिया वाहनों की बिक्री में तेजी
जुलाई में दोपहिया वाहनों की बिक्री 28.25 फीसदी बढ़कर 1818289 यूनिट रही. पिछले साल जुलाई में 1417767 दोपहिया वाहन बिके थे. पैसेंजर व्हीकल की बिक्री भी 19.13 फीसदी बढ़ी और 416555 यूनिट रही. जुलाई 2025 में यह आंकड़ा 349674 यूनिट था. कमर्शियल व्हीकल की बिक्री 24.04 फीसदी बढ़कर 99666 यूनिट हो गई. तीन पहिया वाहनों की बिक्री भी 16.16 फीसदी बढ़कर 133778 यूनिट रही.
इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री ने भी बनाया रिकॉर्ड
जुलाई में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री 327901 यूनिट पर पहुंच गई. फाडा के मुताबिक यह किसी भी एक महीने में ईवी की सबसे ज्यादा बिक्री है. कुल ऑटो बिक्री में ईवी की हिस्सेदारी करीब 12.7 फीसदी हो गई, जो एक साल पहले 9.6 फीसदी थी. दोपहिया वाहनों में इलेक्ट्रिक मॉडल की हिस्सेदारी भी बढ़कर रिकॉर्ड 11.24 फीसदी हो गई. पिछले साल यह हिस्सेदारी 7.65 फीसदी थी. कुछ लोकप्रिय इलेक्ट्रिक मॉडल की सप्लाई कम होने से बुकिंग पेंडिंग भी रही.
यह भी पढ़ें- Maruti Brezza vs Scorpio-N: कीमत, पावर और फीचर्स में कौन मारेगा बाजी?
त्योहारी सीजन से पहले डीलरों का भरोसा मजबूत
अगस्त के लिए ऑटो डीलरों का भरोसा भी मजबूत हुआ है. फाडा के मुताबिक 74.30 फीसदी डीलरों को अगस्त में बिक्री बढ़ने की उम्मीद है. 22.9 फीसदी डीलरों को बाजार स्थिर रहने की उम्मीद है, जबकि सिर्फ 2.8 फीसदी डीलरों ने बिक्री घटने का अनुमान जताया है. अगस्त से अक्टूबर के दौरान 87.85 फीसदी डीलरों को बिक्री बढ़ने की उम्मीद है. अब मानसून और त्योहारी सीजन में ग्राहकों की खरीदारी ऑटो सेक्टर की अगली चाल तय करेगी.
Latest Stories
Maruti Brezza vs Scorpio-N: कीमत, पावर और फीचर्स में कौन मारेगा बाजी?
Maruti Brezza 2026 Facelift में नहीं मिलते ये 5 धांसू फीचर्स, खरीदने से पहले जान लें
Mahindra Scorpio N Facelift: पैनोरमिक सनरूफ और 540 डिग्री कैमरा, नए फीचर्स के साथ आई ये SUV
