Grok AI ने पहले ही बता दी थी ईरान पर इजरायली हमले की तारीख, एलन मस्क के चैटबॉट को लेकर बड़ा दावा

मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजरायल की कार्रवाई के बाद एक नया दावा चर्चा में है कि एलन मस्क के Grok AI ने हमले की तारीख पहले ही अनुमानित कर दी थी. एक मीडिया प्रयोग में Grok ने 28 फरवरी 2026 की तारीख बताई थी, जो बाद की घटनाओं से मेल खाती दिखी. क्या यह महज संयोग था या डेटा आधारित सटीक विश्लेषण? इस दावे ने AI की क्षमताओं पर नई बहस छेड़ दी है.

एलन मस्क का ग्रोक एआई Image Credit: @Money9live

Elon Musk Grok AI and Israel attack on Iran: मिडिल ईस्ट में अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर किए गए हमलों के बाद वैश्विक राजनीति में भूचाल आ गया है. इन हमलों में ईरान के शीर्ष नेतृत्व और कई वरिष्ठ अधिकारियों के मारे जाने की खबरों ने हालात को और विस्फोटक बना दिया. जवाबी कार्रवाई में ईरान ने भी इजरायल और खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों- बहरीन, कुवैत, कतर और यूएई पर हमले किए. दुनिया की नजरें जहां इस बढ़ते सैन्य टकराव पर टिकी हैं, वहीं एक अलग और हैरान करने वाला पहलू भी चर्चा में आ गया है, क्या एलन मस्क के AI चैटबॉट Grok ने हमले की तारीख पहले ही भांप ली थी?

एक अखबार का AI एक्सपेरिमेंट और चौंकाने वाला नतीजा

दरअसल, 25 फरवरी को एक अंतरराष्ट्रीय प्रकाशन ने एक रोचक प्रयोग किया. उसने चार बड़े AI चैटबॉट- Claude, Gemini, ChatGPT और Grok से एक काल्पनिक सवाल पूछा कि अगर अमेरिका ईरान पर हमला करे तो वह किस दिन हो सकता है? उद्देश्य यह था कि अलग-अलग AI मॉडल उपलब्ध जियो पॉलिटिकल संकेतों के आधार पर संभावित समय-सीमा का अनुमान कैसे लगाते हैं.

किस AI ने क्या कहा?

रिपोर्ट के मुताबिक, Anthropic का Claude शुरुआत में किसी निश्चित तारीख का अनुमान लगाने से हिचकिचाया. उसने कहा कि किसी सैन्य हमले की सटीक तारीख बताना किसी भी सिस्टम के दायरे से बाहर है. हालांकि, दोबारा पूछने पर उसने मार्च 2026 के शुरुआती से मध्य समय को “हाई रिस्क वाला विंडो” बताया.

गूगल का Gemini भी पहले सीधे तारीख बताने से बचता रहा. बाद में विस्तृत विश्लेषण में उसने 4 से 6 मार्च की शाम को संभावित ऑपरेशनल विंडो बताया.

OpenAI के ChatGPT ने शुरुआती जवाब में 1 मार्च की तारीख का अनुमान दिया और 6 मार्च तक खतरे की अवधि बताई. गहन विश्लेषण के बाद उसने 3 मार्च 2026 को संभावित तारीख के तौर पर पेश किया.

Grok ने क्या कहा?

सबसे ज्यादा चर्चा एलन मस्क के Grok को लेकर हुई. रिपोर्ट के अनुसार, Grok ने शुरुआती चरण में ही 28 फरवरी 2026 की स्पष्ट तारीख बताई. बाद में जब दोबारा उससे सवाल किया गया तो उसने यह स्वीकार किया कि वह पूरी निश्चितता से भविष्यवाणी नहीं कर सकता, लेकिन उपलब्ध तथ्यों और संकेतों के आधार पर 28 फरवरी को ही अपनी “सबसे सूचित और प्रमाण-आधारित भविष्यवाणी” बताया. जब वास्तविक घटनाक्रम के साथ तारीख मेल खाती दिखी, तो सोशल मीडिया पर यह दावा तेजी से वायरल हो गया कि Grok ने हमले की तारीख पहले ही “भांप ली” थी.

एलन मस्क की प्रतिक्रिया

एलन मस्क ने भी इस दावे पर प्रतिक्रिया दी. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जवाब में उन्होंने लिखा, “भविष्य की सटीक भविष्यवाणी करना ही बुद्धिमत्ता की असली कसौटी है.” मस्क पहले भी Grok की क्षमताओं की खुलकर तारीफ करते रहे हैं.

गौरतलब है कि पिछले साल Grok ने कुछ AI बेंचमार्क में Gemini और अन्य टूल्स को पीछे छोड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया था, हालांकि बाद में Gemini के नए वर्जन ने उसे फिर पीछे कर दिया.

AI की भविष्यवाणी या डेटा-आधारित अनुमान?

यह सवाल अहम है कि क्या Grok ने सचमुच “भविष्य देख लिया” या फिर यह उपलब्ध राजनीतिक संकेतों, कूटनीतिक वार्ताओं और सैन्य गतिविधियों के विश्लेषण पर आधारित एक संभावित अनुमान था? AI मॉडल बड़े पैमाने पर डेटा का विश्लेषण करके पैटर्न पहचानते हैं और उसी आधार पर संभावनाएं पेश करते हैं. वे भविष्य को देख नहीं सकते, बल्कि उपलब्ध जानकारी के आधार पर सबसे संभावित परिदृश्य सुझाते हैं.

ये भी पढ़ें- WhatsApp पर आने वाला है नया फीचर, अब आप पहले से तय समय पर भेज सकेंगे मैसे, जानें कैसे