TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

इंटरनेट बंद होने पर भी रास्ता दिखाएगा Google Maps, बस फोन में पहले कर लें ये सेटिंग

क्या आपका इंटरनेट बंद होने पर Google Maps भी काम करना बंद कर देता है? ऐसा नहीं है. Google Maps में एक ऐसा फीचर है, जिसकी मदद से आप बिना मोबाइल डेटा के भी रास्ता देख सकते हैं.

Google Maps Offline Image Credit: Google Maps

Highlights

  • Google Maps बिना इंटरनेट के भी आपकी लाइव लोकेशन ट्रैक कर रास्ता दिखा सकता है.
  • सफर पर निकलने से पहले डाउनलोड कर लें अपने शहर या पूरे रूट का ऑफलाइन मैप.
  • बिना इंटरनेट के लाइव ट्रैफिक, पैदल चलने और पब्लिक ट्रांसपोर्ट की जानकारी नहीं मिलेगी.

आज के समय में अनजान जगह पर जाने के लिए ज्यादातर लोग Google Maps का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन कई बार सफर के दौरान इंटरनेट बंद हो जाता है या नेटवर्क नहीं मिलता. खासकर पहाड़ी इलाकों, हाईवे और दूरदराज के क्षेत्रों में यह परेशानी ज्यादा होती है. ऐसे में रास्ता ढूंढ़ना मुश्किल हो सकता है. हालांकि, Google Maps का इस्तेमाल करने के लिए हर समय इंटरनेट जरूरी नहीं है. इसमें Offline Maps का फीचर मिलता है, जिसकी मदद से बिना मोबाइल डेटा के भी नेविगेशन किया जा सकता है. इसके लिए आपको अपनी मंजिल या पूरे इलाके का मैप पहले से फोन में डाउनलोड करना होगा. आइए जानते हैं यह फीचर कैसे काम करता है और इसे कैसे इस्तेमाल कर सकते हैं.

बिना इंटरनेट कैसे काम करता है Google Maps?

बहुत से लोगों को लगता है कि Google Maps पूरी तरह इंटरनेट पर निर्भर है, लेकिन ऐसा नहीं है. फोन में मौजूद GPS यानी ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम सैटेलाइट की मदद से आपकी लोकेशन पता करता है. इसके लिए मोबाइल इंटरनेट या सिम कार्ड की जरूरत नहीं होती. इंटरनेट का इस्तेमाल मुख्य रूप से सड़कों के नक्शे, आसपास की दुकानों और लाइव ट्रैफिक की जानकारी लोड करने के लिए होता है.

अगर आप सफर शुरू करने से पहले ही अपने शहर या रास्ते का मैप फोन में डाउनलोड कर लेते हैं, तो इंटरनेट बंद होने पर भी Google Maps काम कर सकता है. GPS आपकी लाइव लोकेशन बताता रहेगा और फोन में सेव मैप पर आपको रास्ता दिखाई देता रहेगा.

ऐसे डाउनलोड करें Offline Maps

Google Maps का ऑफलाइन मैप डाउनलोड करना काफी आसान है. इसके लिए सबसे पहले अपने फोन में Google Maps ऐप खोलें और इंटरनेट ऑन रखें. अब ऊपर दाईं तरफ दिखाई देने वाली अपनी प्रोफाइल फोटो या नाम के पहले अक्षर पर टैप करें. यहां आपको Offline Maps का विकल्प मिलेगा. इस पर टैप करने के बाद Select your own map ऑप्शन चुनें.

अब स्क्रीन पर एक नीला बॉक्स दिखाई देगा. इसकी मदद से आप अपनी जरूरत के हिसाब से किसी शहर या रास्ते का एरिया चुन सकते हैं. इसके लिए स्क्रीन को जूम इन या जूम आउट करें. एरिया चुनने के बाद नीचे दिए गए Download बटन पर टैप कर दें. कुछ ही समय में चुना गया मैप आपके फोन में सेव हो जाएगा.

ऑफलाइन मोड में क्या-क्या नहीं चलेगा?

Google Maps का ऑफलाइन फीचर काफी काम का है, लेकिन इसमें कुछ सीमाएं भी हैं. बिना इंटरनेट के आपको रास्ते पर लगने वाले लाइव ट्रैफिक जाम की जानकारी नहीं मिलेगी. इसके अलावा ऑफलाइन मोड में कार और बाइक से जाने वाले रास्तों की जानकारी ही काम करती है. पैदल चलने के रास्ते, साइकिल रूट और पब्लिक ट्रांसपोर्ट से जुड़ी जानकारी उपलब्ध नहीं होती.

इसलिए अगर आप किसी अनजान शहर में जा रहे हैं या लंबा सफर करने वाले हैं, तो पहले से मैप डाउनलोड करना बेहतर रहेगा. इससे नेटवर्क न मिलने पर भी आपको रास्ता देखने में परेशानी नहीं होगी.

फोन की स्टोरेज और मैप अपडेट का रखें ध्यान

ऑफलाइन मैप डाउनलोड करने से फोन की इंटरनल स्टोरेज में जगह इस्तेमाल होती है. ऐसे में किसी बड़े शहर या लंबे रूट का मैप सेव करने से पहले फोन में खाली स्टोरेज जरूर चेक कर लें. इसके अलावा डाउनलोड किए गए मैप हमेशा के लिए सेव नहीं रहते.

Google नए रास्तों और मैप से जुड़े अपडेट देने के लिए डाउनलोड किए गए ऑफलाइन मैप को एक साल बाद अपने आप डिलीट कर देता है. इसलिए समय-समय पर फोन को वाई-फाई से कनेक्ट करके मैप अपडेट करते रहना चाहिए. इससे जरूरत पड़ने पर आपको पुराने रास्तों की जगह अपडेटेड मैप मिल सकेगा.

यह भी पढ़ें: एलन मस्क आसमान में भेजेंगे 10 लाख सैटेलाइट! रात में बदल जाएगा अंतरिक्ष का नजारा